सैनी ने बाद में पानी को उगला; केजरीवाल का VIDEO वाला आरोप, BJP ने बताया एडिटेड
यमुना के पानी में जहर के आरोपों पर दिल्ली की सियासत लगातार तीसरे दिन बुधवार को भी गर्म रही। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दहिसरा गांव के पास यमुना के पानी का आचमन किया। वहीं अरविंद केजरीवाल ने वीडियो पोस्ट कर आरोप लगाया कि सैनी ने बाद में पानी को उगल दिया...

यमुना के पानी में जहर के आरोपों पर दिल्ली की सियासत लगातार तीसरे दिन बुधवार को भी गर्म रही। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर दहिसरा गांव के पास यमुना नदी के चार नंबर प्वाइंट का दौरा किया और पूजा-अर्चना कर यमुना के पानी का आचमन किया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने अपनी राजनीतिक स्वार्थ सिद्धि के लिए लोगों को डराने के लिए जो बयान दिया है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के यमुना के पानी का आचमन करने का वीडियो वायरल हो गया। अब केजरीवाल ने एक नए वीडियो से सैनी पर पलटवार किया है, जिसे भाजपा ने इस वीडियो को एडिटेड बताया है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुना के पानी का घूंट पीकर असल में दिखावा किया। सैनी ने बाद में पानी को थूक दिया। हाल ही में अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि हरियाणा सरकार ने दिल्ली के निवासियों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से दिल्ली के लिए छोड़े जाने वाले यमुना के पानी में जहर मिला दिया है।
केजरीवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में सीएम सैनी के वीडियो के साथ कहा- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुना का पानी पीने का नाटक किया। फिर उसी पानी को वापस यमुना में थूक दिया।
केजरीवाल ने आगे लिखा- जब मैंने कहा कि अमोनिया के कारण यमुना का पानी दिल्लीवासियों के लिए खतरनाक हो सकता है, तो उन्होंने मेरे खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की धमकी दी। वे दिल्ली के लोगों को वही जहरीला पानी पिलाना चाहते हैं, जिसे खुद नहीं पी सकते हैं। मैं ऐसा कभी नहीं होने दूंगा।
भाजपा ने केजरीवाल के वीडियो को एडिटेट बताते हुए एक्स पर कहा- झूठ और फरेब का चश्मा उतारो और दोबारा वीडियो देखो केजरीवाल... यदि हिम्मत है तो दिल्ली की तरफ का यमुना का पानी पीकर दिखाओ। भाजपा ने आगे लिखा कपटी केजरीवाल राजनीतिक जगत के अब तक के सबसे नीच बयानों का कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। केजरीवाल आप तो खुद हरियाणा के कपूत हो। आप जानते हो कि हरियाणा के लोग तो पशु-पक्षियों तक को पानी पिलाकर पुण्य के भागी बनते हैं।
भाजपा ने आगे लिखा- दिल्ली में हरियाणा के लाखों परिवार जाकर बसे हैं। आपके जैसा कोई पागल शख्स की इस तरह की नीच बयानबाजी कर सकता है। हम तो यमुना को माता भी मानते हैं। हम यमुना का जल भी पीते हैं। आपके जैसे लोग जो हर सच पर थूकने के आदी हैं, उनको केवल वही दिखाई देता है। गोस्वामी तुलसीदास जी ने सही लिखा है कि जिसकी रही भावना जैसी, प्रभु मूरत देख ही तिन तैसी...
इससे पहले यमुना का पानी पीने के बाद नायब सिंह सैनी ने अरविंद केजरीवाल के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया और उन पर राजनीतिक लाभ के लिए लोगों के मन में डर पैदा करने के लिए ऐसा बयान देने का आरोप लगाया। नायब सिंह सैनी ने कहा- मैं यमुना नदी के तट पर आया और यमुना के पानी का एक घूंट लिया है। जल संसाधन प्राधिकरण ने यहां से नमूने लिए और पानी में कोई जहर नहीं पाया गया। केजरीवाल ने पूरी जिंदगी झूठ बोला है।
लेखक के बारे में
Krishna Bihari Singhकृष्ण बिहारी सिंह वरिष्ठ पत्रकार और स्टेट टीम का हिस्सा (दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान और गुजरात )
संक्षिप्त विवरण
कृष्ण बिहारी सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। कृष्ण बिहारी सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। वह स्टेट टीम के साथ काम कर रहे हैं। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय मीडिया जगत में केबी उपनाम से चर्चित हैं। यूपी के मऊ जिले से ताल्लुक रखने वाले केबी महाराष्ट्र और हरियाणा में पत्रकारिता कर चुके हैं। मौजूदा वक्त में वह दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: कृष्ण बिहारी सिंह लोकमत, आज समाज, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण अखबार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 2019 में जागरण डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। कृष्ण बिहारी सिंह मौजूदा वक्त में भारत के प्रसिद्ध समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) की स्टेट टीम में डिप्टी चीफ एडिटर (कंटेंट क्रिएटर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: लॉ (एलएलबी) और साइंस (बी.एससी, बायोलॉजी) से ग्रेजुएट कृष्ण बिहारी सिंह ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए और एमफिल किया है। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय राजनीति और वैश्विक मामलों के साथ विधि विषय की गहरी समझ रखते हैं। अखबार से लेकर टेलीविजन और अब डिजिटल मीडिया के बदलावों के साक्षी रहे कृष्ण बिहारी सिंह पाठकों की पसंद और बदलते ट्रेंड को बारीकी से समझते हैं।
रिपोर्टिंग एवं विशेषज्ञता: कृष्ण बिहारी सिंह राजनीति, जिओ पॉलिटिक्स, जन सरोकार और क्राइम की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। कृष्ण बिहारी सिंह ने अब तक विभिन्न मीडिया संस्थानों में नेशनल, इंटरनेशनल, बिजनेस, रिसर्च एवं एक्सप्लेनर और संपादकीय टीमों के साथ लंबे समय तक काम किया है। यही वजह है कि खबर के पीछे छिपे एजेंडे की समझ रखने वाले केबी समसामयिक घटनाक्रमों पर गहरा विश्लेषण करते हैं।
पत्रकारिता का उद्देश्य: कृष्ण बिहारी सिंह 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ काम करते हैं। केबी का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी उसका राष्ट्र और लोक कल्याण है। केबी खबरों को पहले प्रमाणिकता की कसौटी पर कसते हैं, फिर आम जनमानस की भाषा में उसे परोसने का काम करते हैं। केबी का मानना है कि रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचना देना वरन उन्हें सही और असल जानकारी देना है।


