भाजपा, कांग्रेस, आप... कॉकरोच जनता पार्टी अब करने लगी सबका वेलकम; राहुल गांधी पर भी बोले सौरव दास
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा है कि संगठन के मुद्दे पर जो भी आवाज उठाना चाहता है, उसका स्वागत है। भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेताओं के CJP के प्रदर्शन में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सभी का स्वागत किया जाएगा। जानिए राहुल गांधी पर क्या कहा?

क्या कॉकरोच जनता पार्टी राहुल गांधी के साथ मंच साझा करेगी? क्या CJP के प्रोटेस्ट में कांग्रेस या अन्य दल जैसे भाजपा या आप शामिल हो सकते हैं। इन सवालों पर सीजेपी के सौरव दास ने जवाब दिया है। हालांकि, उन्होंने खुलकर किसी का नाम नहीं लिया। सौरव दास ने टीवी चैनल के एक कार्यक्रम में कहा- भाजपा, कांग्रेस या आप हम सबका वेलकम करेंगे।
अभिषेक मनु सिंघवी के सवाल पर क्या बोले सौरव?
न्यूज 24 टीवी चैनल पर बातचीत के दौरान सौरव दास से पूछा गया- अभिषेक मनु सिंघवी ने बात रखी कि सीजेपी से बातचीत की जाए, तो आपके पास ऑफर आता है, इस पर कोई दिक्कत तो नहीं है? इस पर सौरव दास ने जंतर-मंतर प्रोटेस्ट की बात करते हुए कहा- “हमारा जब जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट हुआ था, उसमें सब लोग वेलकम थे, जो देश के युवाओं के साथ खड़े रहना चाहते हैं, जो उनके मुद्दे उठाना चाहते हैं।”
भाजपा, कांग्रेस, आप सबका वेलकम…
इसके बाद हालिया मु्द्दे पर बात करते हुए कहा- "अगर इस बार भी ये जो हमारा मुद्दा है- वोट का अधिकार छीना जा रहा है, जैन-जी को एड नहीं किया जा रहा है वोटर लिस्ट में। अगर इसके खिलाफ कोई भी आए, भाजपा से आए, कांग्रेस से आए या आम आदमी पार्टी से आए हम सबका वेलकम करेंगे। देश के सारे नागरिकों को इसके बारे में बात करना चाहिए और खड़े रहना चाहिए।"
राहुल गांधी के साथ जुड़ने पर क्या बोले सौरव दास?
जब राहुल गांधी पर स्पेशल सवाल पूछा गया- क्या राहुल गांधी को मंच साझा करने के लिए आमंत्रित करेंगे? इस पर सौरव दास ने कहा- “हमारा कभी कोई ईगो इश्यू नहीं था। जो देश के साथ खड़ा है, जो युवाओं के साथ खड़ा है, जो छात्रों के साथ खड़ा है। उन सबको क्रेडिट मिलना चाहिए। क्रेडिट लेना भी चाहिए। हम कोई क्रेडिट जीवी लोग तो हैं नहीं। क्रेडिटजीवी लोगों की सरकारें चल रही हैं। लेकिन हम ऐसे नहीं हैं।”
आपको बताते चलें कि जंतर-मंतर पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शुरू हुए आंदोलन के शुरूआती समय में सीजेपी वालों ने किसी भी दल से न जुड़ने की बात कही थी। हालांकि कुछ समय बाद सामने आया था कि सीजेपी ने चिट्ठी लिखकर अलग-अलग दलों से शामिल होने को कहा है। इसका असर आंदोलन के आखिरी दौर में देखने को भी मिला था। तब सपा, कांग्रेस, आप समेत कई दलों के नेता जंतर-मंतर पर पहुंचे थे। लेकिन राहुल गांधी फिर भी मंच साझा नहीं किए थे।

