पुलिस ने रास्ते उठाया, आंखों पर पट्टी बांध मसूरी ले जाकर छोड़ा; CJP प्रोटेस्ट वॉलंटियर का दावा

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने वाले एक वॉलंटियर का आरोप है कि पुलिस उसे रास्ते से उठाकर मसूरी ले गई और वहीं छोड़ दिया। उसने यूपी पुलिस पर भी परिवार और रिश्तेदारों को परेशान करने के आरोप लगाए।

Cockroach Janata Party supporters
नीट पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन करते सीजेपी समर्थक

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की अगुवाई में हुए छात्रों के विरोध-प्रदर्शन में लोगों को खाना बांटने वाले एक वॉलंटियर मोहम्मद जुनैद ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका आरोप है कि शुक्रवार रात पुलिस ने उसे उठाया और पूछताछ के बाद उसकी आंखों पर पट्टी बांधकर उसे मसूरी ले गई।

द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, जुनैद ने दावा किया कि पूरी रात उसकी आंखों पर पट्टी बांधकर रखी गई। अगले दिन एक अफसर ने उससे पूछा कि उसे फंडिंग कहां से मिली और उसने इतना सारा खाना कैसे बांटा। इसके बाद पुलिस उसे मसूरी ले गई और वहां छोड़ दिया। जुनैद ने दावा किया कि शनिवार को वह कैब से दिल्ली वापस लौटा।

जुनैद ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो में बताया कि वह कुत्ते के काटने का इलाज कराने के बाद आरएमएल अस्पताल से लौट रहा था, तभी उसे और उसके एक दोस्त को कुछ लोगों ने खुद को दिल्ली पुलिस का कर्मचारी बताते हुए रोक लिया।

पूछताछ में जुनैद ने कहा कि वॉलंटियर्स को खाना और पानी डोनेशन और समर्थकों की तरफ से की गई डिलीवरी के जरिए मिलता था। उसने कहा कि छात्रों के विरोध-प्रदर्शन से जुड़ी कानूनी टीम ने जानकारी लेने के लिए उनसे संपर्क किया था। पुलिस ने कहा कि वे उसके आरोपों की जांच कर रहे हैं।

परिजनों-रिश्तेदारों को भी परेशान करने का दावा

भाषा की रिपोर्ट के अनुसार, गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव के रहने वाले जुनैद ने यह भी दावा किया यूपी पुलिस ने भी विरोध प्रदर्शन में उसकी भूमिका के चलते उसके परिवार के सदस्यों को हिरासत में लिया और मेरठ में उसके रिश्तेदारों को परेशान किया गया। जुनैद ने शुक्रवार को जंतर-मंतर पर मीडियाकर्मियों को बताया कि मसूरी थाना पुलिस उसके घर से पिता को उठाकर ले गई और घर की तलाशी के दौरान परिवार के सदस्यों की बैंक पासबुक और पैन कार्ड जब्त कर लिए।

जुनैद की बहन ने मीडियाकर्मियों को बताया कि पुलिस ने उसके पिता से जुनैद को फोन करने और घर लौटने के लिए कहने को कहा। जुनैद ने यह भी आरोप लगाया कि पड़ोसी जिले मेरठ में भी उसके रिश्तेदारों को पुलिस ने परेशान किया गया। हालांकि, मेरठ पुलिस ने जुनैद के परिवार के खिलाफ कोई भी कार्रवाई किए जाने से इनकार किया है। एसएसपी अविनाश पांडे ने शनिवार को कहा कि ऐसा कोई मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है।

वहीं, सोशल मीडिया पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि जुनैद के पिता और एक नाबालिग भाई को हिरासत में लिया गया और मेरठ में उसकी बहन के ससुर और बहनोई को भी हिरासत में लिया गया।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsपुलिस ने रास्ते उठाया, आंखों पर पट्टी बांध मसूरी ले जाकर छोड़ा; वॉलंटियर का दावा