CJP Protest Live: कल दिल्ली पुलिस थाने जाकर फिर से प्रदर्शन की इजाजत मांगेंगे सीजेपी नेता
CJP Protest Live: कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं ने ऐलान किया है कि वह एक बार फिर से दिल्ली पुलिस थाने जाकर जंतर मंतर पर प्रदर्शन की इजाजत मांगेंगे।

जंतर मंतर पर प्रदर्शन के लिए दोबारा इजाजत मांगने जाएंगे सीजेपी नेता
CJP Protest: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर प्रदर्शन ने रविवार को एक बड़ा कानूनी मोड़ ले लिया। प्रदर्शनकारियों की हिरासत, मेट्रो-ट्रेन सेवाओं पर रोक और इंटरनेट बंदी के विरोध में सुप्रीम कोर्ट ने विशेष सुनवाई कर अंतरिम आदेश दिए। अदालत ने साफ कहा कि कानून-व्यवस्था जरूरी है, लेकिन उसके लिए नागरिकों की आवाजाही, प्रेस, वकीलों के काम और सार्वजनिक सेवाओं को पूरी तरह ठप नहीं किया जा सकता। साथ ही दिल्ली की एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट कोर्ट ने CJP संस्थापक अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को करीब 23 घंटे की हिरासत के बाद रिहा किया। रिहाई की शर्त रखी गई कि वे अगले एक साल तक शांति भंग नहीं करेंगे।
दरअसल रविवार को CJP प्रदर्शन, हिरासत, मेट्रो बंदी और इंटरनेट ब्लॉक को लेकर दायर याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट ने विशेष सुनवाई की। कोर्ट ने कहा कि धारा 163 लागू क्षेत्र के बाहर लोगों को एकत्र होने का अधिकार है और कानूनी प्रक्रिया के बिना किसी को हिरासत में नहीं लिया जा सकता।
कोर्ट ने केंद्र और दिल्ली पुलिस को निर्देश दिया कि जब तक कानून-व्यवस्था को गंभीर चुनौती न हो, मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चलें। इससे पहले शुक्रवार को भी कोर्ट ने कहा था कि मेट्रो और रेल सेवाओं को पूरी तरह बंद नहीं किया जा सकता, बल्कि आवश्यकतानुसार नियंत्रित किया जाए।
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को कहा कि जहां बिल्कुल जरूरी न हो, वहां से बैरिकेडिंग हटाई जाए। अदालत ने कहा कि पूरे शहर में बैरिकेडिंग करके लोगों की आवाजाही रोकी नहीं जा सकती।
CJP Protest Live: कल दिल्ली पुलिस थाने जाकर फिर से प्रदर्शन की इजाजत मांगेंगे सीजेपी नेता
CJP Protest Live: कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं ने ऐलान किया है कि वह एक बार फिर से दिल्ली पुलिस थाने जाकर जंतर मंतर पर प्रदर्शन की इजाजत मांगेंगे।
CJP Protest Live: यूट्यूबर श्याम मीरा सिंह के साथ धक्का मुक्की, कुछ देर के लिए हिरासत में लिए गए
CJP Protest Live: कॉकरोच जनता पार्टी प्रोटेस्ट के दौरान यूट्यूबर श्याम मीरा सिंह के साथ धक्का मुक्की हुई। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। हालांकि कुछ ही देर के बाद उन्हें रिहा भी कर दिया गया।
CJP Protest Live: ट्रेनें फिर से चलने लगी हैं- कॉकरोच जनता पार्टी का कार्यकर्ताओं को संदेश
कॉकरोच जनता पार्टी ने एक बार फिर से दिल्ली मार्च की तैयारी करना शुरू कर दी है। अभिजीत दीपके समेत पार्टी के नेताओं ने फिर से सड़क पर आने का ऐलान किया है। वहीं कुछ देर पहले ही कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट से एक ट्वीट करके कार्यकर्ताओं को संदेश दिया गया। पोस्ट में कहा गया, "दिल्ली में मौजूद सभी कॉकरोच वहीं रुकें। अगला बुलावा जल्द ही आने वाला है। दिल्ली के बाहर मौजूद कॉकरोच के लिए ट्रेनें फिर से चलने लगी हैं।"
CJP Protest Live: अभिजीत दीपके ने फिर साधा दिल्ली पुलिस पर निशाना
अभिजीत दीपके ने एक बार फिर से दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा है। दीपके ने कहा,"आपने वह हिस्सा क्यों हटा दिया जिसमें मैं अपना फोन मांग रहा था ताकि अपने कजिन का नंबर ले सकूँ? और जिसमें मैं अपने वकीलों से बात करने की मांग कर रहा था?
वही दिल्ली पुलिस, जो अब मेरी दादी के गुजरने की खबर देने और मुझे घर छोड़ने की पेशकश करके नैतिकता का दिखावा कर रही है। वही पुलिस सुबह 3:30 बजे गिरफ्तारी के कागज लेकर मेरे पास आई और उन पर दस्तखत करने को कहा। सुबह 3:30 बजे वह सारी इंसानियत कहाँ चली गई थी? यह जानते हुए भी कि मैंने अभी-अभी अपनी दादी को खोया है, उन्होंने फिर भी जोर दिया कि मैं गिरफ्तारी के कागजों पर साइन करूँ। मैंने तब तक मना किया जब तक मुझे अपने वकीलों से बात करने की इजाजत नहीं मिली।
CJP Protest Live: दिल्ली पुलिस की सफाई पर दीपके के पलटवार, बोले- सुबह कहा कि पिता को बता दो, लंबे समय के लिए जेल जा रहे हो
CJP Protest Live: दिल्ली पुलिस की तरफ से आई सफाई पर अभिजीत दीपके का जवाब आया है। दीपके ने कहा कि उन्होंने हिरासत के दौरान पुलिस से पांच मिनट के लिए अपना फोन मांगा था। ताकि वह अपने भाई का नंबर निकाल सकें। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसकी दूसरी तरफ उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने सुबह 3:30 बजे उनसे कहा कि वह अपने पिता को फोन करके बता दें, कि वह लंबे समय के लिए जेल जाने वाले हैं।
CJP Protest Live: दिल्ली पुलिस ने कहा कि अभिजीत दीपके को पूरी संवेदनशीलता के साथ दादी के निधन का जानकारी दी गई। वीडियो किया जारी
दिल्ली पुलिस ने बताया कि कॉकरोच जनता पार्टी अभिजीत दीपके को पूरी संवेदनशीलता के साथ उनकी दादी के निधन का जानकारी दी गई थी। उनसे किसी भी प्रकार की मदद के लिए पूछा गया। उनसे पूछा गया कि क्या उनके माता-पिता से उनकी बात करवाई जाए, इससे भी उन्होंने इनकार कर दिया। पुलिस ने कहा कि सीजेपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस ने इस तथ्य को गलत तरीके से पेश किया है। दिल्ली पुलिस ने इस घटनाक्रम का वीडियो जारी किया गया है।
CJP Protest Live: नांगलोई के सूरजमल स्टेडियम में डिटेन किए गए कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट
CJP Protest Live: नांगलोई के सूरजमल स्टेडियम में कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक जुटे हुए हैं। अजिंक्य शिंदे ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है। इसमें समर्थक नारे लगाते हुए नजर आ रहे हैं। इसके कैप्शन में लिखा गया कि 'हम अपनी सभी मांगें पूरी करवाए बिना यहां से नहीं जाने वाले हैं।'
CJP Protest Live: कॉकरोच जनता पार्टी के संयोजक अभिजीत दीपके ने फिर भरी हुंकार
CJP Protest Live: कॉकरोच जनता पार्टी के संयोजक अभिजीत दीपके ने फिर से हुंकार भरी है। उन्होंने सोशल मीडिया साइट पर लिखा कि उन्होंने ऐसा कोई भी बॉन्ड साइन नहीं किया है, जिसमें प्रोटेस्ट से रोकने की बात हो। वह एक बार फिर से सड़कों पर उतरेंगे।
आरके पुरम में AISA कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
दिल्ली के आरके पुरम इलाके में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कार्यकर्ता CEC के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।
CJP Protest Live: गुरुद्वारे समिति ने केजरीवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज की
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति (DSGMC) ने गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब परिसर में प्रदर्शन के दौरान हुई घटना को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल, पार्टी के विधायकों और कार्यकर्ताओं समेत अन्य लोगों के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
यह शिकायत प्रदर्शन के दौरान गुरुद्वारे के परिसर में हुई घटना के संबंध में की गई है।
CJP Protest Live: 'दिल्ली को छावनी बना दिया, 40 हजार जवान तैनात'
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास ने दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और पाबंदियों को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन-चार दिनों में पूरी दिल्ली को छावनी में बदल दिया गया है और यहां 30 से 40 हजार सुरक्षाकर्मियों को बुलाया गया है।
दास के मुताबिक, नक्सल प्रभावित इलाकों, बंगाल और कश्मीर के अलावा सीमावर्ती क्षेत्रों से भी BSF के जवानों को विमान से दिल्ली लाया गया है। उन्होंने दावा किया कि शहर में 40 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है और कई तरह की पाबंदियां लगाई गई हैं।
CJP नेता ने कहा कि प्रदर्शनकारियों और आंदोलन को लेकर नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश में आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि 57 मेट्रो स्टेशन बंद करने, दूसरे राज्यों से दिल्ली आने वाली ट्रेनों को रोकने, राजधानी एक्सप्रेस की सेवाएं रद्द करने और दुकानों को बंद कराने जैसे कदमों का असर आम नागरिकों पर पड़ रहा है।
दास ने कहा कि रविवार को आमतौर पर लोग अपने काम से बाहर निकलते हैं। ऐसे में दुकानों को बंद कराने का क्या मकसद है? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन कदमों के जरिए युवाओं और आंदोलन के खिलाफ माहौल बनाना चाहती है।
CJP Protest Live: देश में खुले आपातकाल जैसे हालात- सौरभ दास
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरभ दास ने देश के मौजूदा हालात की तुलना आपातकाल से की है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में खुले आपातकाल जैसी स्थिति बनी हुई है। ऐसी परिस्थितियां आखिरी बार 1975 में एक तानाशाही शासन के दौरान देखी गई थीं।
CJP Protest Live: 'दीपके की दादी की मौत की खबर पर भी कैमरे लेकर खड़ी थी पुलिस'
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि CJP नेता अभिजीत दीपके की दादी का कल निधन हो गया था। जब अभिजीत को उनकी मौत की खबर दी गई, तब दिल्ली पुलिस ने कथित तौर पर बेहद अमानवीय व्यवहार किया।
रांका ने कहा, “मुझे शर्म आती है कि देश की राजधानी में पुलिस ने ऐसा व्यवहार किया। जब दीपके को उनकी दादी के निधन की जानकारी दी गई, तब भी दिल्ली पुलिस के जवान कैमरे और माइक लेकर वहां खड़े थे। उन्होंने इस घटना को भी तमाशा बनाने की कोशिश की।”
CJP Protest Live: बीजेपी ने इमरजेंसी को भी पीछा छोड़ा
आशुतोष रांका ने कहा कि सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचा रही है। क्योंकि CEC BJP को जिताने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने इमरजेंसी को भी पीछे छोड़ दिया।
CJP Protest Live: आशुतोष रांका ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
कॉकरोच जनता पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू हो गई है। CJP के प्रवक्त आशुतोष रांका ने कहा, "जो लड़ाई चुनाव आयोग के खिलाफ और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ थी, वो लड़ाई नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने अपने खिलाफ कर ली।" उन्होंने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी ने यह कसम खा ली है कि वे ज्ञानेश कुमार बचाएंगे।
SC की सुनवाई के बाद भी नहीं हटीं बैरिकेडिंग? तिलक मार्ग पर पुलिस से भिड़े वकील
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई खत्म होने के तुरंत बाद वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायणन समेत दर्जनों वकीलों ने दिल्ली के तिलक मार्ग पर पुलिस से बैरिकेड हटाने की मांग की। वकीलों का कहना है कि आज के कोर्ट के आदेश के मुताबिक रास्ते से बैरिकेड हटाए जाने चाहिए।
CJP Protest Live: वकीलों ने उठाए सवाल, SCAORA ने दायर की याचिका
सुप्रीम कोर्ट में आज हुई सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट्स-ऑन-रिकॉर्ड एसोसिएशन (SCAORA) के अध्यक्ष और वकील देवव्रत ने बताया कि एसोसिएशन ने आज एक रिट याचिका दायर की। उन्होंने आरोप लगाया कि शनिवार को कोर्ट के आसपास वकीलों के साथ दुर्व्यवहार किया गया और जगह-जगह बैरिकेड लगा दिए गए।
देवव्रत ने कहा कि वकीलों को बताया गया था कि सुनवाई वर्चुअल तरीके से होगी, लेकिन इसके बजाय इंटरनेट ही बंद कर दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू किए जाने की जानकारी न तो बार को दी गई और न ही पीठ को बताई गई।
उन्होंने सुप्रीम कोर्ट और आसपास के इलाकों में लगाई गई पाबंदियों को गलत बताते हुए कहा कि एसोसिएशन ने वकीलों की सुरक्षा को लेकर याचिका दायर की थी। देवव्रत ने इस मामले में आए फैसले का स्वागत करते हुए कोर्ट का धन्यवाद किया।
CJP Protest Live: SC के आदेश पर हटेंगी बैरिकेडिंग? इंटरनेट पर भी कही ये बात
आज सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई के बाद वकील गौरव यादव ने बताया कि कोर्ट ने रेलवे, मेट्रो और सड़क यातायात को सामान्य करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि सभी बैरिकेड हटाए जाने चाहिए और इंटरनेट सेवाएं तब तक बंद नहीं की जानी चाहिए, जब तक ऐसा करना बेहद जरूरी न हो।
गौरव यादव ने कहा, “हम कोर्ट का धन्यवाद करते हैं।”
CJP Protest Live: कनॉट प्लेस पहुंचे प्रदर्शनकारी
दिल्ली में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी कनॉट प्लेस पहुंचे। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया। कनॉट प्लेस के एन ब्लॉक के पास सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, जहां से किसी को आगे जाने नहीं दिया जा रहा है।
CJP Protest Live: जंतर-मंतर और दिल्ली के जमीनी हालात कैसे?
जंतर-मंतर और लुटियंस दिल्ली के आसपास सुरक्षा व्यवस्था अभी भी बेहद सख्त है। इलाके में धारा 163 (पुरानी धारा 144) लागू है। आज सुबह 10 बजे के मार्च के आह्वान पर जो प्रदर्शनकारी छोटे समूहों में जंतर-मंतर या कनॉट प्लेस पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, पुलिस उन्हें तुरंत हिरासत में लेकर बसों में भर रही है। कुछ जगहों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की तस्वीरें भी सामने आ रही हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।