CJP Protest: सीजेपी लीडरशिप को छोड़ सभी प्रदर्शनकारी रिहा, मेट्रो स्टेशनों के गेट खुले
CJP Protest Delhi Updates: मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों को हिरासत में लिए जाने के बीच भारतीय युवा कांग्रेस ने हेल्पलाइन शुरू की। इसका मकसद राजधानी में प्रदर्शन से जुड़े मामलों में हिरासत या धमकियों का सामना कर रहे लोगों की मदद करना है।
CJP Protest Delhi Updates: मतदाता सूची के SIR और फॉर्म-6 में गड़बड़ियों के विरोध में शनिवार को दिल्ली में प्रदर्शन हुआ। कॉकरोच जनता पार्टी के आह्वान पर जुटे प्रदर्शनकारी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों की योजना जंतर-मंतर पर इकट्ठा होने की थी, लेकिन भारी सुरक्षा व्यवस्था के कारण वे वहां नहीं पहुंच सके। पुलिसकर्मियों की तैनाती, बैरिकेडिंग और सड़कों पर खड़ी बसों के चलते जंतर-मंतर को किले में तब्दील कर दिया गया। ऐसे में प्रदर्शनकारी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में छोटे-छोटे समूहों में नारेबाजी करते और दोबारा एकजुट होने की कोशिश करते दिखे। करीब 7,000 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है।
यह प्रदर्शन दिल्ली में पिछले सप्ताह हुए विरोध-प्रदर्शनों की कड़ी का हिस्सा था। इससे पहले राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया था। विपक्षी गठबंधन इंडिया की ओर से सोमवार को एक और विरोध-प्रदर्शन प्रस्तावित है। जुलाई में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने इस बार मध्य दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। इसके तहत मेट्रो सेवाएं बंद कर दी गईं, दिल्ली आने-जाने वाली कई ट्रेनें रद्द कर दी गईं और मोबाइल इंटरनेट सेवाएं भी निलंबित रहीं।
CJP Protest Delhi Live: ट्रेनों की आवाजाही की गई बहाल
CJP Protest Delhi Live: दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन के मद्देनजर प्रभावित रेल सेवाओं को भी सामान्य किया जा रहा है। उत्तर रेलवे ने बताया कि 11 अक्टूबर 2026 की रात 12 बजे से सभी ट्रेनें अपने सामान्य समय के अनुसार चलेंगी। शनिवार को सीजेपी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था और सुरक्षा व्यवस्था के चलते परिवहन सेवाएं भी प्रभावित हुई थीं।
CJP Protest Delhi Live: दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशनों के गेट खुले
CJP Protest Delhi Live: दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बताया कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट अब खोल दिए गए हैं। संबंधित सभी मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के लिए इंटरचेंज की सुविधा भी बहाल कर दी गई है।
CJP Protest Delhi Live: दिल्ली पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को किया रिहा
CJP Protest Delhi Live: दिल्ली पुलिस ने डिटेंशन सेंटर्स में रखे गए सभी लोगों को रिहा कर दिया है। हालांकि, कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं को अभी रिहा नहीं किया गया है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, सीजेपी नेताओं के मामले में कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाएगा।
CJP Protest Delhi Live: राष्ट्रपति को सबूत देंगे- ममता बनर्जी
CJP Protest Delhi Live: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति से मुलाकात को लेकर कहा कि इंडिया गठबंधन एकजुट है। उन्होंने बताया कि मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति ने कहा कि जांच करने के लिए उनके पास कोई सबूत नहीं है। इस पर इंडिया गठबंधन के नेताओं ने जवाब दिया कि वे उन्हें सबूत उपलब्ध कराएंगे।
CJP Protest Delhi Live: सुप्रीम कोर्ट में कल स्पेशल सुनवाई
CJP Protest Delhi Live: सुप्रीम कोर्ट 11 अक्टूबर को रविवार के दिन विशेष सुनवाई करेगा। यह सुनवाई 9 अक्टूबर के उस आदेश की जानबूझकर अवहेलना करने के आरोप से जुड़ी अवमानना याचिका पर होगी, जिसमें आज जंतर-मंतर पर CJP के विरोध प्रदर्शन से पहले सार्वजनिक परिवहन पूरी तरह बंद करने पर रोक लगाई गई थी। न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ सुबह 10:30 बजे मामले की सुनवाई करेगी। याचिका में आरोप लगाया गया है कि घोषणा के अनुसार दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों के गेट बंद रखे गए। याचिकाकर्ता ने इस मामले में केंद्रीय गृह सचिव, दिल्ली पुलिस आयुक्त और DMRC के अध्यक्ष के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग की है।
CJP Protest Delhi Live: दीपके ने बुलाया था- ममता बनर्जी
CJP Protest Delhi Live: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह जंतर-मंतर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना चाहती थीं। अभिजीत दीपके ने उन्हें कई बार कार्यक्रम में आने के लिए आमंत्रित किया था, लेकिन पहले उन्हें मौका नहीं मिला। इस बार दिल्ली आने पर उन्होंने कार्यक्रम में जाने का फैसला किया। ममता ने कहा कि इंडिया गठबंधन का भी एक दिन पहले कार्यक्रम था। जब वे अपने आवास के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों से जंतर-मंतर जाने की अनुमति के बारे में पूछने पहुंचे, तो पुलिस ने साफ कह दिया कि उन्हें वहां नहीं जाने दिया जाएगा और रास्ते में रोक दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर किसी का मुद्दा जायज है, तो सभी को उसका समर्थन करना चाहिए। उनका मकसद भी इसी आंदोलन के समर्थन में अपनी बात रखना था।
CJP Protest Live: आदित्य ठाकरे ने पुलिस ऐक्शन को बताया तानाशाही
CJP Protest Live: शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि यह मामला सिर्फ हिरासत में लिए जाने का नहीं है, बल्कि बीजेपी खुद तनाव में है। इसी वजह से लोगों को हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के भीतर का डर भारतीय नागरिकों को हिरासत में लेने की वजह बना है। आदित्य ठाकरे ने सवाल उठाते हुए कहा, 'अगर यह तानाशाही नहीं है, तो फिर क्या है?'
CJP Protest Delhi Live: दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर UN ने जताई चिंता
CJP Protest Delhi Live: संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय (OHCHR) ने दिल्ली में आज हुए बड़े पैमाने पर प्रदर्शनों के दौरान प्रदर्शनकारियों, प्रदर्शन के नेताओं, नागरिक समाज संगठनों के सदस्यों, वकीलों और पत्रकारों को बड़े पैमाने पर हिरासत में लिए जाने की खबरों पर चिंता जताई है। OHCHR ने अधिकारियों से अपील की है कि शांतिपूर्ण तरीके से एकत्र होने और विरोध प्रदर्शन करने के अधिकार का पूरी तरह सम्मान किया जाए और इसे सुनिश्चित किया जाए।
CJP Protest Delhi Live: 7000 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया
CJP Protest Delhi Live: दिल्ली में CJP के प्रदर्शन के दौरान 7,000 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ किए गए इस प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस FIR दर्ज कर सकती है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
CJP Protest Delhi Live: ममता बनर्जी को रिहा किया गया
CJP Protest Delhi Live: तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी को दिल्ली पुलिस ने रिहा कर दिया है। पार्टी के कई सांसदों के साथ दिल्ली के साउथ एवेन्यू इलाके में हिरासत में उन्हें लिया गया था। पुलिस की ओर से रोके जाने के बाद उन्होंने वहां एक बस स्टैंड पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें और पार्टी के सांसदों को हिरासत में ले लिया था।
CJP Protest Delhi Live: सीजेपी के प्रदर्शन पर क्या बोले रामदास आठवले
CJP Protest Delhi Live: दिल्ली में विरोध प्रदर्शन पर केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि CJP ने पहले जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था, तब तक पुलिस ने विरोध नहीं किया, जब तक प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। लेकिन जब रैली संसद भवन की ओर बढ़ी, तो हिंसा हुई और पुलिस पर पत्थरबाजी की गई, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। उन्होंने कहा कि CJP ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया था, लेकिन पुलिस ने फिलहाल वहां किसी भी प्रदर्शन की अनुमति नहीं देने का फैसला किया है। ऐसे प्रदर्शनों से आम लोगों को परेशानी होती है।
CJP Protest Delhi Live: AIUDF ने सीजेपी प्रदर्शन का समर्थन किया
CJP Protest Delhi Live: एआईयूडीएफ अध्यक्ष मोहम्मद बदरुद्दीन अजमल ने दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कई संगठनों ने इस प्रदर्शन का समर्थन किया है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। अजमल ने कहा कि उनकी पार्टी भी इस मांग का समर्थन करती है और ज्ञानेश कुमार को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के साथ मिलकर मतदाता सूची से 13 करोड़ लोगों के नाम हटा दिए गए हैं। अजमल ने इसे गंभीर अपराध बताते हुए कहा कि उनकी पार्टी और वह खुद शांतिपूर्ण प्रदर्शन के साथ खड़े हैं।
CJP Protest Delhi Live: बीजेपी सांसद ने ममता बनर्जी पर साधा निशाना
CJP Protest Delhi Live: पश्चिम बंगाल के मालदा में बीजेपी सांसद खगेन मुर्मू ने दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता ने विपक्ष को पूरी तरह नकार दिया है। इसी वजह से विपक्ष अब कॉकरोच जनता पार्टी के साथ मिलकर गलत जानकारी फैलाने की कोशिश कर रहा है। मुर्मू ने ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री रहते पश्चिम बंगाल की स्थिति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उस समय लोगों के पास अपनी बात रखने का अधिकार नहीं रह गया था। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने पूरे बंगाल को जंगलराज में बदल दिया था और अब वह दिल्ली में भी वैसी ही स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रही हैं।
CJP Protest Live: प्रोटेस्ट में जाने पर क्या बोले इमरान खान
CJP Protest Live: मुंबई में पुलिस हिरासत में लिए जाने से पहले अभिनेता इमरान खान ने कहा कि उनकी कोई मांग नहीं है। वह एक नागरिक और इस शहर में रहने वाले व्यक्ति के तौर पर यहां आए हैं। उन्होंने कहा कि वह यह समझने आए हैं कि लोगों की आवाजाही की आजादी पर रोक क्यों लगाई जा रही है और उनकी आवाज क्यों दबाई जा रही है। इमरान खान ने कहा कि वह किसी से कोई मांग करने की स्थिति में नहीं हैं और न ही किसी संगठन से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि वह यहां एक प्रतिनिधि के तौर पर मौजूद हैं।
CJP Protest Delhi Live: एक्टर इमरान खान पुलिस हिरासत में
CJP Protest Delhi Live: मुंबई में अभिनेता इमरान खान को अगस्त क्रांति मैदान से हिरासत में ले लिया गया। यह मैदान कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के समर्थन में विरोध जताने के लिए प्रस्तावित जगह थी। दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन के आह्वान के समर्थन में मुंबई में भी विरोध प्रदर्शन की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने अभिनेता इमरान खान को हिरासत में ले लिया।
CJP Protest Delhi Live: महिला पुलिसकर्मी की एक उंगली में फ्रैक्चर
CJP Protest Delhi Live: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान घायल हुए एक पुलिसकर्मी ने बताया कि हनुमान मंदिर के पास सड़क पर प्रदर्शन हो रहा था, जहां पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। वहां करीब 100 से 150 लोग जमा थे। प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के दौरान कुछ महिलाओं ने उनका हाथ मरोड़ दिया, जिससे उनकी एक उंगली में फ्रैक्चर हो गया। उन्होंने बताया कि मौके पर महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों समेत उनकी पूरी टीम मौजूद थी। इस मामले में कुछ युवतियों को हिरासत में लिया गया है, लेकिन वह उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं पहचानते। भीड़ के बीच यह बताना मुश्किल है कि किसने उनका हाथ मरोड़ा था।
CJP Protest Delhi Live: करीब 1,500 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया
CJP Protest Delhi Live: दिल्ली पुलिस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में करीब 1,500 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। यह कार्रवाई प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक पहुंचने से रोकने के लिए की गई।
CJP Protest Delhi Live: 'राहुल गांधी ने राष्ट्रपति से मुलाकात को आधार बनाकर गलत दावे किए'
CJP Protest Delhi Live: बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी लगातार कहती रही है कि राहुल संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान नहीं करते। अब मामला यहां तक पहुंच गया है कि उन्होंने राष्ट्रपति से मुलाकात को आधार बनाकर गलत दावे किए हैं। प्रसाद ने कहा कि देश में यह बेहद असामान्य है कि राष्ट्रपति के करीबी सूत्रों को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयानों को गलत बताने के लिए सामने आना पड़े। उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके झूठ का खुलासा अब राष्ट्रपति के करीबी सूत्रों ने भी कर दिया है।
CJP Protest Delhi Live: देश में 9 से अधिक बार SIR हुआ- रविशंकर प्रसाद
CJP Protest Delhi Live: बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने मतदाता सूची के SIR का बचाव करते हुए कहा कि देश में 9 से अधिक बार यह प्रक्रिया हो चुकी है और यह कानून के तहत की जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन लोगों की मृत्यु हो चुकी है, क्या उनके नाम मतदाता सूची में बने रहने चाहिए? उन्होंने कहा कि जो लोग संबंधित लोकसभा या विधानसभा क्षेत्र में नहीं रहते, उनके नाम वहां की मतदाता सूची में दर्ज नहीं होने चाहिए। साथ ही, किसी व्यक्ति का नाम एक से अधिक जगहों की मतदाता सूची में भी नहीं होना चाहिए। उन्होंने इन सवालों के जरिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण की जरूरत पर जोर दिया।
CJP Protest Delhi Live: आप के लिए पर्दे के पीछे से काम कर रही CJP- रविशंकर प्रसाद
CJP Protest Delhi Live: बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने प्रदर्शन को लेकर आम आदमी पार्टी और विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सीजेपी आम आदमी पार्टी के लिए पर्दे के पीछे से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सुबह प्रदर्शन शुरू हुआ और इसके बाद अरविंद केजरीवाल समेत दूसरे नेता वहां पहुंचे। फिर ममता बनर्जी ने भी सोचा कि वह पीछे क्यों रहें, इसलिए वह भी पहुंच गईं। इसके बाद सीपीआई और सीपीएम भी प्रदर्शन में शामिल हो गईं। रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि हताश विपक्षी नेता पिछले तीन-चार दिनों से दिल्ली के लोगों को परेशान कर रहे हैं और सड़क पर विरोध प्रदर्शन को राजनीतिक हथियार बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें देश के लोगों पर गर्व है, जिन्होंने विपक्ष की इस कथित साजिश को नाकाम कर दिया।