अब अगर हमसे बात करनी है तो...; अभिजीत दीपके ने सरकार के सामने रख दी नई शर्त
दिल्ली में CJP प्रदर्शनकारियों का धरना जंतर-मंतर से सुविधाएं हटाने के बावजूद जारी है। सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि मंत्री जेपी नड्डा से आश्वासन के बाद भी अब तक सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है।
दिल्ली में CJP प्रदर्शनकारियों का प्रोटेस्ट जारी है। सोमवार देर रात को प्रदर्शनकारी केरल हाउस से निकलकर अपने प्रदर्शन स्थल पहुंचे। पुलिस की ओर से जंतर-मंतर से सुविधाओं को हटाए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों का धरना अंधेरे में ही जारी है। इसी बीच सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने खुलासा किया कि सरकार के मंत्री जेपी नड्डा ने हमसे कहा था कि वे सीनियर लीडरशिप से बात करके हमें बताएंगे, लेकिन अब तक हमें कोई जवाब नहीं मिला है।
दो घंटे तक कराया इंतजार
सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बताया कि वह और सौरभ दास प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधि के तौर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिलने उनके आवास पर पहुंचे थे। उन्होंने आगे कहा कि जेपी नड्डा के आवास पर उनको दो घंटे तक इंतजार कराया गया। इस दौरान उनको फोन का ऐक्सेस भी नहीं था। दो घंटे के बाद उनकी मुलाकात जेपी नड्डा से हुई।
अब तक सरकार से नहीं मिला भरोसा
आशुतोष रांका ने आगे कहा कि हमने उनके सामने अपनी मांगें रखीं। हमने उनसे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और सोनम वांगचुक की रिहाई समेत सुसाइड करने वाले नीट छात्रों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग उठाई। उनकी ओर से हमको भरोसा दिया गया कि वह शीर्ष नेतृत्व से बात करेंगे और चर्चा के निष्कर्ष से हमें अवगत कराएंगे। अब तक सरकार की ओर से हमें कोई संदेश नहीं आया है।
बातचीत को लेकर रखी नई शर्त
इस बीच CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने बातचीत को लेकर एक नई शर्त रख दी है। उन्होंने कहा है कि सरकार या पुलिस में कोई भी यदि हमसे बातचीत शुरू करना चाहते हैं तो उनको जंतर-मंतर आना होगा। CJP प्रमुख अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका ने सोमवार देर रात को जंतरमंतर पर दोबारा हुए जमावड़े को संबोधित किया।
जंतर-मंतर पर फिर लगा जमावड़ा
बता दें कि संसद मार्च को रोकने के बाद दिल्ली पुलिस ने शाम तक जंतर-मंतर स्थित सीजेपी के प्रदर्शन स्थल को खाली करा दिया। पुलिस ने तंबू उखाड़ दिए थे। मंच, काली तिरपाल, कैंप, टेंट, बैनर, पोस्टर, कालीन और गद्दे हटा दिए गए थे। इसके बावजूद देर रात को प्रदर्शनकारी केरल हाउस से निकलकर जंतर-मंतर पर धरना स्थल पर पहुंच गए। इस तरह जंतर-मंतर पर एकबार फिर प्रदर्शनकारियों ने जमावड़ा लगा दिया है।
फिर से बनाएंगे मंच
सीजेपी वॉलेंटियरों का कहना है कि वे फिर से मंच बनाएंगे। वहीं, दिल्ली पुलिस ने भी साफ कर दिया है कि बीएनएसएस की धारा 163 के तहत जंतर-मंतर के अलावा कहीं और प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। प्रदर्शनकारियों में अलग-अलग भावनाएं देखने को मिलीं। कुछ इस बात से निराश थे कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पूरी नहीं हुई जबकि कई अन्य ने कहा कि आंदोलन जारी रखने को लेकर उनके हौसले मजबूत हैं।


