जंतर-मंतर के बाद डांस फ्लोर, जीत के बाद खूब नाचे CJP के नेता; पार्टी में अभिजीत दीपके भी दिखे
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के नेता जश्न मना रहे हैं। डांस फ्लोर पर नाचते हुए सीजेपी नेताओं के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं।
एक महीने से अधिक समय तक आंदोलन चलाकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफे के लिए मजबूर करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) अब जश्न मोड में है। लंबे संघर्ष के बाद मिली इस जीत की खुशी में सीजेपी के नेता जमकर नाचे। सोशल मीडिया पर वायरल हुए कई वीडियो में सीजेपी के प्रवक्ता सौरभ दास, आशुतोष रांका समेत कोर टीम के दर्जनों लोगों फिल्मी गानों पर नाचते दिख रहे हैं। एक तस्वीर में अभिजीत दीपके भी इनके बीच बैठे हुए नजर आए।
सौरभ दास ने एक वीडियो में केक काटते हुए कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खुशी में वह ऐसा कर रहे हैं। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद कहते हैं। इसके अलावा कई ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं जिनमें सीजेपी के नेता बॉलिवुड के गानों पर थिरक रहे हैं। ओ लड़की ब्यूटीफुल कर गई चुल, नागिन डांस नचना... जैसे गानों पर नाचते हुए सीजेपी नेता के इन वीडियोज को शेयर करते हुए कई लोग इनकी आलोचना भी कर रहे हैं और दावा किया जा रहा है कि जंतर-मंतर पर आंदोलन करने वालों ने मांग पूरी होने के बाद फाइव स्टार होटल में जश्न मनाया। लाइव हिन्दुस्तान को इस बात की पुष्टि नहीं करता है कि यह जश्न कहां मनाया गया।
एक वीडियो में डांस फ्लोर से कुछ हटकर अभिजीत दीपके बैठे हुए नजर आ रहे हैं, जो इन दिनों टाइफाइट से पीड़ित हैं। उनके हाथ में कैनुला लगा दिख रहा है। इससे यह साफ होता है कि वीडियो जंतर-मंतर पर आंदोलन के बाद का ही है। इससे पहले जब धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की सूचना आई तो जंतर-मंतर पर भी सीजेपी के समर्थक खुशी से झूम उठे थे। काफी देर तक वहां वे नाचते रहे और एक दूसरे को गले लगाकर जीत की बधाई देते रहे।
वायरल वीडियो पर क्या कह रहे लोग
डांस फ्लोर पर नाचते सीजेपी नेताओं की सोशल मीडिया पर कई लोग आलोचना कर रहे हैं। कुछ लोग नीट परीक्षा में खुदकुशी करने वाले छात्रों के लिए हुए आंदोलन की बात कहकर इस तरह नाच-गाने को गलत बता रहे हैं तो कुछ का कहना है कि समर्थकों ने पुलिस की लाठियां खाईं और आंदोलन खत्म होने के बाद जब वह बसों और ट्रेनों में भरकर जब घर जा रहे हैं तो सीजेपी के नेता नाच रहे हैं। कुछ ने उस जुनैद की भी याद दिलाई जिसने आंदोलनकारियों को खाना खिलाया और कथित तौर पर अब पुलिस की जांच का सामना कर रहा है। रोहित गुप्ता नाम के एक यूजर ने लिखा, 'प्रधान के इस्तीफे के बाद CJP सदस्यों द्वारा किसी बड़े होटल में डांस और जश्न का चौंकाने वाला वीडियो। इन फ्रॉड को देखिए। याद रखें इन अमीर लोगों ने एक भी लाठीचार्ज और आंसू गैस नहीं झेली। जबकि कई गरीब छात्रों ने अपनी जेब से पैसे दिए और उन्हें चोटें भी आईं।'
वहीं, कुछ लोग सीजेपी नेताओं का बचाव भी कर रहे हैं। उनका कहना है कि एक लक्ष्य को हासिल करने के बाद इस तरह का जश्न मनाने में कोई बुराई नहीं है।


