ये ध्रुव राठी… इनको ठीक करेंगे; हिन्दू रक्षा दल के पिंकी भैया के घर पुलिस, खूब बरसे
हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी भैया ने जंतर-मंतर पर लट्ठ लेकर विरोध जताने की घोषणा की थी। इसके बाद उन्होंने एक पोस्ट में दावा किया कि पुलिस उनके घर पहुंच गई है। उनका एक और वीडियो वायरल हो रहा है।

कॉकरोचों की ओर से दिल्ली में प्रोटेस्ट की घोषणा के बीच हिन्दू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र तोमर उर्फ पिंकी भैया ने भी जंतर-मंतर पर लट्ठ लेकर पहुंचने का ऐलान किया था। उन्होंने इस घोषणा को लेकर एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया था। यह वीडियो वायरल हो गया था। पिंकी भैया जंतर-मंतर पहुंचते उससे पहले ही पुलिस उनके घर पर जा धमकी। खुद पिंकी भैया ने एक पोस्ट में ऐसा दावा किया।
मेरी टीम तो दिल्ली पहुंच चुकी है…
ताजा वीडियो पोस्ट में हिन्दू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र तोमर उर्फ पिंकी भैया से एक शख्स सवाल कर रहा है कि आपने लोगों से जंतर-मंतर पहुंचने का आह्वान किया था। अब पुलिस आपके घर पहुंच गई है। क्या अब भी आप जंतर-मंतर जाएंगे? इस सवाल पर पिंकी भैया उफ पिंकी चौधरी ने कहा कि मेरी टीम तो बहुत सारी दिल्ली में पहुंच भी चुकी है और पूरी ताकत के साथ...
ये ध्रुव राठी… इनको ठीक करेंगे
पिंकी भैया ने आगे कहा कि जितने भी देश विरोधी लोग हैं... जो विदेश में भी बैठे हैं, आज हमारे देश को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। ये ध्रुव राठी… पता नहीं कैसे-कैसे लोग जो विदेश में बैठ कर हमारे युवाओं को गुमराह करने का काम कर रहे हैं, आएं... हम इनको ठीक करने का काम करेंगे। हिंदू रक्षा दल पहुंच रहा है। मैं अपने बच्चों का भविष्य बिगड़ते हुए नहीं देख सकता हूं। मैं पूरी ताकत के साथ संघर्ष करूंगा।
जंतर-मंतर पर जाना ही होगा
पिंकी भैया ने कहा कि भले ही मुझको मेरे आवास पर ही नजरबंद कर दिया गया है लेकिन मैं लडूंगा और हर सूरत में पहुंचने की कोशिश करूंगा। मैं हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों और सनातनियों से अपील करता हूं कि यदि आज आप घर बैठ गए तो कल क्या होगा? अपने बच्चों के विषय में सोच समझकर अपने देश को, सनातन को बचाने के लिए जंतर-मंतर पर जाना ही होगा। नहीं तो ये लोग जंतर-मंतर को आतंकवादियों का अड्डा बना देंगे।
सरकार से सवाल, खूब बरसे
पिंकी भैया ने आगे यह भी कहा कि पता नहीं कि भारत सरकार क्या कर रही है? प्रशासन सनातन प्रेमियों को घर पर ही डिटेन कर लेता है। क्या समझ रखा है? आज यदि भारत सुरक्षित है तो यह सनातन के लिए काम करने वालों की वजह से है। मैं इस देश को गजबा-ए-हिंद नहीं बनने दूंगा। पूरी ताकत के साथ जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश होगी। जितने भी लोग हिरासत में लिए जाएंगे या गिरफ्तार होंगे, उन सभी को छुड़ाने के लिए काम मैं करूंगा।
चेताया, इस बार जो भी गलत बोलेगा…
पिंकी भैया ने आगे कहा कि यदि मैं गिरफ्तार होता हूं तो मेरी चिंता मत करना। मेरे जैसे कई सनातनी योद्धा पैदा होंगे। मुझसे केवल यह सीखें कि हमें सनातन के लिए लड़ना है। रही बात कॉकरोचों (CJP) को रोकने की तो अबकी बार तो लट्ठ तैयार है। सनातन विरोधियों के पिछवाड़े लाल कर के ही लौटेंगे। हमारे सनातनी योद्धा दिल्ली पहुंच चुके हैं। इस बार जो भी गलत बोलेगा। हम उसको नहीं छोड़ेंगे। इनके दिमाग को ठीक करने का काम किया जाएगा।

