पुलिस ने परेशान करना जारी रखा तो फिर करेंगे बड़ा आंदोलन, CJP के अभिजीत दीपके का अल्टीमेटम
हाल ही में सीजेपी के प्रवक्ताओं की ओर से प्रदर्शनकारियों को परेशान करने के दावे किए जा रहे थे। CJP ने मामलों को वापस लेने को लेकर मंगलवार तक की डेड लाइन दी थी। अब CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

CJP प्रवक्ताओं के बाद अब प्रमुख अभिजीत दीपके ने बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस की तरफ से छात्रों को परेशान करने का सिलसिला जारी रहा तो कॉकरोच जनता पार्टी जल्द एक बड़ा विरोध-प्रदर्शन करेगी। इससे पहले सीजेपी प्रवक्ताओं ने आरोप लगाया था कि अलग-अलग जगहों से प्रदर्शनकारियों को परेशान किए जाने की सूचनाएं मिल रही हैं। उन्होंने सरकार से वादा निभाने की बात कही थी।
परेशान करना बंद करे सरकार
अभिजीत दीपके ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि सरकार को छात्रों को निशाना बनाना और उन्हें परेशान करना बंद करना चाहिए। यदि पुलिस की ओर से छात्रों को परेशान किए जाने का सिलसिला जारी रहा तो कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी जल्द एक बड़े और शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन के जरिए पुलिसिया कार्रवाईयों का जवाब देगी।
आंदोलन अभी खत्म नहीं
हाल के दिनों में CJP नेताओं के कई बयान सामने आए हैं जिनसे आगे भी प्रदर्शन करने के संकेत मिलते हैं। CJP नेताओं का कहना है कि उनका अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है। पूर्व में दीपके ने कहा कि आंदोलन को वापस लेने का मतलब यह नहीं है कि पूरा आंदोलन ही खत्म हो गया है। एक पोस्ट में उन्होंने कहा था कि CJP को अभी लंबा सफर तय करना है। विरोध प्रदर्शन का समापन तो महज इसकी शुरुआत है।
प्रदर्शनकारियों को दी जाएगी कानूनी मदद
हाल ही में CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा था कि संगठन युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाना जारी रखेगा और साथ ही शिक्षा और गवर्नेंस में सुधार के लिए भी प्रयास करेगा। कॉजपा वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल के संपर्क में रही है ताकि मुकदमों के जरिए आंदोलन को कमजोर ना किया जा सके। सौरव दास ने यह भी घोषणा की थी कि कॉजपा देशभर के छात्रों को कानूनी मदद मुहैया कराने के लिए वकीलों से जोड़ने के लिए एक पोर्टल शुरू करेगी।
अधिकारियों पर कराएंगे ऐक्शन
सौरव दास ने बताया था कि एक अन्य पोर्टल 'साक्षी' शुरू किया गया है। इसमें विरोध प्रदर्शनों के दौरान कथित ज्यादतियों से जुड़े वीडियो, तस्वीरें और बयान जुटाए जाएंगे। प्रदर्शनकारियों को पीटने वाले अधिकारियों और कर्मियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। यदि लोगों के पास वीडियो या तस्वीरें हैं तो वे उनको पोर्टल पर अपलोड करें। सीजेपी की कानूनी टीम इस मामले को आगे बढ़ाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
आशुतोष रांका ने भी दी थी आंदोलन की चेतावनी
एक दिन पहले सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने चेतावनी दी थी कि यदि सरकार मंगलवार तक प्रदर्शनकारियों के खिलाफ केस दर्ज नहीं करने और मामलों को वापस लेने की गारंटी वाला लिखित भरोसा नहीं देती तो आंदोलन फिर से शुरू किया जाएगा। रांका ने कहा था कि मंगलवार तक यदि लिखित भरोसा नहीं मिला और प्रदर्शनकारियों को रिहा नहीं किया गया तो कॉजपा फिर से विरोध प्रदर्शन के लिए विवश होगी।
क्या बोला सुप्रीम कोर्ट?
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को छात्रों के खिलाफ किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई को रोकते हुए कहा कि 18 साल से कम उम्र के उन लोगों को रिहा किया जाए जिनकी कोई क्रिमिनल हिस्ट्री ना हो। CJI सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने यह भी कहा कि जिस किसी ने भी ज्यादती की है या कानून को अपने हाथ में लिया है उस पर ऐक्शन होना चाहिए।


