
पीठ पर मोबाइल लगाकर SHO बोले- मशीन बांग्लादेशी बता रही…; गाजियाबाद पुलिस का VIDEO वायरल
Viral Video: SHO साहब फोन को पिता की पीठ पर लगाकर पूछते हैं- बोलो कहां के हो? जब पिता कहता है- बिहार के, तो अफसर कहते हैं... इस तरह से किसी की नागरिकता जानने का अनोखा मामला सामने आया तो यूजर ने जमकर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं।
Viral Video: गाजियाबाद के कौशांबी थाने के SHO अजय शर्मा का झुग्गी में मौजूद लोगों से पूछताछ करने का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक आदमी और महिला दिखाई देते हैं, जो बाप-बेटी बताए जा रहे हैं। SHO साहब फोन को पिता की पीठ पर लगाकर पूछते हैं- बोलो कहां के हो? जब पिता कहता है- बिहार के, तो अफसर कहते हैं... इस तरह से किसी की नागरिकता जानने का अनोखा मामला सामने आया तो यूजर ने जमकर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद ने भी जवाब दिया। जानिए क्या है मामला?
अफसर बोले- मशीन लगाओ इनकी पीठ पर...
कान से मोबाइल सटाए SHO अजय शर्मा झुग्गी में मौजूद लोगों से पूछते हैं- बांग्लादेश के तो नहीं हो? इस पर बेटी गिड़गिड़ाते हुए कहती है- नहीं नहीं भैया... इसके बाद अधिकारी कहते हैं- झूठ बोलोगे तो मशीन लगाऊंगा। इतने में अपने पीछे खड़े जवान से कहते हैं- मशीन लगाओ इनके पीठ पर। वहीं दूसरे अफसर बेटी से कहते हैं- उधर कैमरा में अपनी आईडी दिखाओ। महिला पलटकर कैमरे में अपने फोन में सेव आईडी दिखाने लगती है।
फोन पीठ पर लगाकर बोले- मशीन बांग्लादेशी बता रही
इतने में SHO साहब अपने हाथ में लिया हुआ फोन पिता की पीठ पर लगाकर पूछते हैं- बोलो कहां के हो? इस पर पिता जवाब देता है- बिहार के हैं। इस पर SHO साहब कहते हैं- मशीन तो बांग्लादेश बता रही है। वो फिर पूछते हैं- तुम बांग्लादेशी नहीं हो, तो फिर यहां कौन है बांग्लादेश का? इस पर बाप-बेटी जवाब देते हैं- यहां कोई नहीं है बांग्लादेश का।
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने क्या कहा?
इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहा है। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने एक यूजर द्वारा पोस्ट की गई वीडियो पर रिप्लाई भी किया। पुलिस द्वारा कहा गया- “अपराध नियंत्रण हेतु प्रयासों के क्रम में अस्थाई बस्तियों / झुग्गियों में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ / सत्यापन की प्रक्रिया समय समय पर की जाती है। उसी के क्रम में कौशांबी पुलिस द्वारा पूछताछ / सत्यापन की कार्यवाही की गई , जिसमें सत्यता परीक्षण हेतु लोगो से दस्तावेज परीक्षित किये गए।”
एक्स पर यूजर्स ने क्या रिएक्शन दिए?
एक्स पर यूजरों ने इसपर जमकर प्रतिक्रियाएं दीं। राजेश लोहागढ़ ने लिखा- कौनसा ऐसा यंत्र का निर्माण कर दिया जो पीठ पर लगाने से ये पता कर ले की कहाँ का नागरिक है ..? इस वैज्ञानिक का और मशीन का परिचय भी कराए देश को! इंजीनियर अमन शुक्ल ने लिखा- मोबाइल से कैसे पता लगा रहे हैं। एक अन्य यूजर ने लिखा- मोदी जी के द्वारा प्राप्त हुई " नागरिकता टेक्नोलॉजी मशीन" पब्लिक को भी दिखाइए ज़रा।





