
दिल्ली में बारात में 17 साल के लड़के की गोली मारकर हत्या, CISF का हेड कॉन्स्टेबल गिरफ्तार
दिल्ली में शाहदरा के मानसरोवर पार्क इलाके में 17 साल के लड़के की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में CISF के एक हेड कॉन्स्टेबल को गिरफ्तार किया है।
दिल्ली में शाहदरा के मानसरोवर पार्क इलाके में शनिवार रात बारात में 17 साल के लड़के की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में CISF के एक हेड कॉन्स्टेबल को गिरफ्तार किया है। आरोपी हेड कॉन्स्टेबल पर लड़के अपनी सर्विस पिस्टल से गोली मारने का आरोप है।
पुलिस ने बताया कि शनिवार को एक आम आदमी से सूचना मिली कि मानसरोवर पार्क इलाके में डीडीए मार्केट कम्युनिटी सेंटर के पास एक बच्चे को गोली मार दी गई है। थाने से पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया है। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि न्यू मॉडर्न शाहदरा निवासी 17 वर्षीय लड़का कम्युनिटी सेंटर के सामने हो रहे एक शादी समारोह (बारात) के दौरान गोली लगने से घायल हो गया है। घायल लड़के को हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी सीआईएसएफ में हेड कॉन्स्टेबल है और अभी उत्तर प्रदेश के कानपुर में तैनात है। उसके पास से एक पिस्टल भी बरामद की गई है। उससे और जानकारी के लिए पूछताछ की जा रही है।
पहली नजर में ऐसा लगता है कि यह मृतक और आरोपी के बीच मौके पर अचानक हुई कहासुनी का मामला था। आगे की जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





