काम की बात: नोएडा एयरपोर्ट के पास आएगी रोजगार की बहार, चीन की तर्ज पर 3 सेक्टरों में बनेंगे बिजनेस सेंटर

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
share

नोएडा एयरपोर्ट के पास तीन अंतरराष्ट्रीय बिजनेस एंड ट्रेड सेंटर बनाने की तैयारी है। इसकी स्टडी रिपोर्ट तैयार करा ली गई है। उच्च अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुतिकरण के बाद परियोजना की आगे की प्रक्रिया पर काम होगा।

नोएडा एयरपोर्ट के पास आएगी रोजगार की बहार, चीन की तर्ज पर 3 सेक्टरों में बनेंगे बिजनेस सेंटर

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास चीन की तर्ज पर सेक्टर-7, 8 और 8ए में अंतरराष्ट्रीय बिजनेस और ट्रेड सेंटर बनाने की तैयारी है। अर्न्स्ट एंड यंग (ईएंडयाई) कंपनी ने यमुना विकास प्राधिकरण को परियोजना की स्टडी रिपोर्ट सौंप दी है। इसका प्रस्तुतिकरण जल्द ही दिया जाएगा।

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) एसीईओ ने बताया कि चीन के झेजियांग प्रांत के यीवू शहर में होल सेल मार्केट हैं, जिसे यीवू इंटरनेशनल ट्रेड सिटी भी कहते हैं। इसी तर्ज पर यमुना सिटी में भी अंतरराष्ट्रीय बिजनेस और ट्रेड सेंटर बनाने की तैयारी है। यहां एक ही छत के नीचे देश के सभी प्रकार के उत्पाद उपलब्ध होंगे। लोगों को सामान खरीदने के लिए दूर नहीं जाना होगा। फिलहाल भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों के लिए दिल्ली के नेहरू प्लेस, कपड़ों के लिए चांदनी चौक, फर्नीचर के लिए सहारनपुर में बाजार है। जहां देशभर के लोग होल सेल में सामान खरीदते हैं।

एक ही छत के नीचे लोगों को सभी प्रकार के उत्पाद मिल जाएं, फिलहाल देश में इस प्रकार की सुविधा नहीं है, इसके लिए यीडा ने अर्न्स्ट एंड यंग कंपनी से फिजीबिलिटी रिपोर्ट तैयार कराई थी, जिसने अपनी स्टडी रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है। इसका जल्द ही उच्च अधिकारियों के सामने प्रस्तुतिकरण दिया जाएगा, इसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।

चीन का यीवू दुनिया के बड़े थोक बाजारों में से एक

चीन में यीवू के नाम से प्रसिद्ध बाजार सुव्यवस्थित व्यवस्था के लिए जाना जाता है। यह छह जोन में बंटा है। रिपोर्ट के अनुसार पहला डिस्ट्रिक्ट कुल 3.4 लाख वर्गमीटर में वर्ष 2002 में है। इसमें फूल, खिलौने, बाल, ज्वैलरी समेत अन्य उत्पाद मिलते हैं। दूसरा डिस्ट्रिक्ट 6 लाख वर्गमीटर में 2004 में बना। यहां रेन कोट, छाता, सूटकेस, ताले, बिजली के उपकरण, किचन, बाथरूम, टेलीकॉम इत्यादि सामान मिलते हैं। तीसरा डिस्ट्रिक्ट 4.6 लाख वर्गमीटर में 2005 में है और यहां पेन व स्याही, कांच का सामान, स्टेशनरी, खेल, शीशे, प्रिंटिंग उपकरण, बटन आदि। चौथा डिस्ट्रिक्ट 10.8 लाख वर्गमीटर में 2010 में है। यहां जूते, मोजे, टोपी, दस्ताने, बेल्ट, सिलाई बुनाई के सामान समेत अन्य उत्पाद मिलते हैं। वहीं, पांचवां डिस्ट्रिक्ट 6.4 लाख वर्गमीटर में है। यहां पर ज्वैलरी, बाइक व कार पार्टस इत्यादि हैं। यहां छोटे, मध्यम और बड़े व्यापारियों के लिए थोक खरीद की व्यापक सुविधाएं हैं।

20-20 एकड़ में विकसित होंगे

जेवर में नया शहर बस रहा है, यहां अभी अधिकांश भूमि खाली पड़ी है। अधिकारियों के मुताबिक एयरपोर्ट के नजदीक सेक्टर-7, 8 और 8ए औद्योगिक सेक्टर हैं, जबकि इनके अंदर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी मास्टर प्लान में जगह बनाई गई है। एयरपोर्ट के नजदीक होने के चलते पार्क को 20-20 एकड़ में विकसित करने और इन केंद्रों को बेचने के बजाय किराये पर देने की योजना है। इससे जिस उत्पाद की स्थिति खराब होगी, उसे हटाकर दूसरे उत्पाद को वहां जगह देने में आसानी होगी।

शैलेंद्र भाटिया, एसीईओ यीडा, ''नोएडा एयरपोर्ट के पास तीन अंतरराष्ट्रीय बिजनेस एंड ट्रेड सेंटर बनाने की तैयारी है। इसकी स्टडी रिपोर्ट तैयार करा ली गई है। उच्च अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुतिकरण के बाद परियोजना की आगे की प्रक्रिया पर काम होगा।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।