दिल्ली के सुल्तानपुरी थाने में CBI की रेड, हेड कॉन्स्टेबल गिरफ्तार, 2 और पुलिसवालों से पूछताछ

Mar 14, 2026 02:40 pm ISTPraveen Sharma नई दिल्ली, एएनआई
share

सीबीआई ने दिल्ली के सुल्तानपुरी थाने में छापेमारी कर एक हेड कॉन्स्टेबल को रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार, इसके अलावा दो अन्य पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है।

दिल्ली के सुल्तानपुरी थाने में CBI की रेड, हेड कॉन्स्टेबल गिरफ्तार, 2 और पुलिसवालों से पूछताछ

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शुक्रवार रात दिल्ली के सुल्तानपुरी थाने में छापेमारी के बाद एक हेड कॉन्स्टेबल को रिश्वत मांगने के आरोप में रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार, हेड कॉन्स्टेबल की गिरफ्तारी के अलावा फिलहाल दो अन्य पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है।

सीबीआई के अफसर इस मामले में उनकी संलिप्तता का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि हेड कॉन्स्टेबल को 20,000 रुपये की रिश्वत मांगते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया था।

10 मार्च को अपने ही इंस्पेक्टर को किया था गिरफ्तार

इस बीच, इंस्पेक्टर दीपक फल्सवाल की दो दिन की पुलिस कस्टडी खत्म होने के बाद उन्हें शुक्रवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में सीबीआई की स्पेशल जज ज्योति क्लेर की अदालत में पेश किया गया। इसके बाद पुलिस कस्टडी पूरी होने पर उन्होंने दिल्ली की एक अदालत में जमानत अर्जी दाखिल की। इंस्पेक्टर दीपक फल्सवाल को सीबीआई की भ्रष्टाचार-रोधी शाखा (ACB) ने 10 मार्च को गिरफ्तार किया था।

2 करोड़ रुपये रिश्वत मांगने का है आरोप

सीबीआई के अनुसार, 10 मार्च को इंस्पेक्टर फल्सवाल के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया था। उन पर आरोप है कि उन्होंने एक निजी व्यक्ति से 2 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी थी, ताकि एजेंसी में कथित तौर पर दर्ज एक शिकायत पर कोई कार्रवाई न की जाए।

सुनवाई के दौरान, आरोपी ने अदालत में जमानत याचिका दायर की, जबकि सीबीआई ने अधिकारी की न्यायिक हिरासत की मांग की थी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद, अदालत ने जमानत याचिका पर सुनवाई के लिए शनिवार की तारीख तय की। बचाव पक्ष ने न्यायिक हिरासत के अनुरोध का विरोध किया और सुनवाई के दौरान इस पर दलीलें पेश की गईं।

क्या है मामला

एफआईआर में कहा गया है कि यह मामला तब सामने आया, जब दक्षिण जिला पुलिस ने मैदानगढ़ी थाने में शुभम मिश्रा द्वारा दर्ज कराई गई एक शिकायत को आगे बढ़ाया। मिश्रा ने आरोप लगाया कि खुद को सीबीआई इंस्पेक्टर दीपक फल्सवाल बताने वाला एक व्यक्ति 22 जनवरी को उनके महाबली पुरम, भाटी कलां स्थित घर पर आया था। उसने सीबीआई में कथित तौर पर उनके खिलाफ लंबित एक शिकायत का निपटारा करने के एवज में 2 करोड़ रुपये की मांगे थे। इस शिकायत के बाद सीबीआई ने मामला दर्ज कर आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।