
सेना का लेफ्टिनेंट कर्नल निकला ‘धनकुबेर’; CBI ने रिश्वतखोरी में दबोचा, घर से मिला करोड़ों का कैश
सीबीआई ने रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा को बेंगलुरु स्थित एक कंपनी से कथित तौर पर 3 लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने दीपक शर्मा के घर की तलाशी के दौरान 2.23 करोड़ रुपये नकद जब्त किए हैं।
सीबीआई ने शनिवार को रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा को बेंगलुरु स्थित एक कंपनी से कथित तौर पर 3 लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि दीपक कुमार शर्मा के परिसर की तलाशी के दौरान सीबीआई ने 2.23 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
सीबीआई ने रक्षा उत्पादन विभाग में अंतरराष्ट्रीय सहयोग और निर्यात के डिप्टी प्लानिंग ऑफिसर दीपक कुमार शर्मा और उनकी पत्नी कर्नल काजल बाली के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
कर्नल बाली राजस्थान के श्री गंगानगर स्थित 16 इन्फैंट्री डिवीजन ऑर्डनेंस यूनिट की कमांडिंग ऑफिसर के रूप में तैनात हैं।
सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि आरोप है कि शर्मा रक्षा उत्पादों के निर्माण, निर्यात आदि से जुड़ी विभिन्न निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ आपराधिक साजिश रचकर ‘लगातार भ्रष्ट और अवैध गतिविधियों में लिप्त’ रहते हैं।
सीबीआई का आरोप है कि दीपक शर्मा ने कंपनियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले उनसे रिश्वत ली। सीबीआई को बेंगलुरु स्थित एक कंपनी से रिश्वत के संभावित भुगतान के बारे में सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि राजीव यादव और रवजीत सिंह कंपनी के कामकाज की देखरेख कर रहे थे।
सीबीआई प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘रवजीत सिंह और राजीव यादव लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा के लगातार संपर्क में थे और उनकी मिलीभगत से विभिन्न सरकारी विभागों और मंत्रालयों से अपनी कंपनी के लिए अवैध तरीकों से अनुचित लाभ प्राप्त कर रहे थे। विनोद कुमार ने उक्त कंपनी के इशारे पर 18 दिसंबर, 2025 को लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा को 3 लाख रुपये की रिश्वत दी।’’
बयान में कहा गया है कि विनोद कुमार को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। वहीं, लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा के परिसर की तलाशी के दौरान सीबीआई ने दिल्ली स्थित उनके आवास से 2.23 करोड़ रुपये नकद और 3 लाख रुपये रिश्वत की रकम जब्त की, जबकि श्री गंगानगर स्थित उनकी पत्नी के आवास से 10 लाख रुपये जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों दीपक शर्मा और विनोद कुमार को दिल्ली में एक स्पेशल कोर्ट के समक्ष पेश किया गया, जिसने उन्हें 23 दिसंबर तक सीबीआई की हिरासत में भेज दिया।





