MP को केंद्र से बड़ी सौगात; 4,415 करोड़ के हाईवे प्रोजेक्ट्स को मंजूरी, 108 KM लंबी सड़क होगी 4 लेन में तब्दील
बैठकों में हुए निर्णयों की जानकारी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय सूचना-प्रसारण व रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने हिवरखेड़ी-रोशनी-आशापुर-रुध्य सेक्शन पर मौजूदा इंटरमीडिएट लेन को 'पेव्ड शोल्डर' वाले 2-लेन मार्ग में अपग्रेड करने को भी मंजूरी दे दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय मंत्रिमंडल और आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक हुई, जिसमें मध्य प्रदेश को एक बड़ी सौगात दी गई। इस दौरान मंत्रिमंडल ने राज्य में राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 347-बी के देशगांव-जुलवानिया सेक्शन में मौजूदा दो लेन मार्ग को चार लेन का करने की मंजूरी दे दी। इसके अलावा मंत्रिमंडल ने हिवरखेड़ी-रोशनी-आशापुर-रुधी सेक्शन पर मौजूदा इंटरमीडिएट लेन को 'पेव्ड शोल्डर' वाले 2-लेन मार्ग में अपग्रेड करने को भी मंजूरी दे दी। दोनों रोड प्रोजेक्ट्स के अलावा खरगोन में 16 किमी का नया ग्रीनफील्ड बाईपास बनाने को भी मंजूरी दी गई। इस बैठक में छह महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनकी जानकारी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय सूचना-प्रसारण व रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी।
कैबिनेट की बैठक में मध्य प्रदेश के लिए कुल 4,415.60 करोड़ रुपए की सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। जिससे कि NH-347 बी के 233.65 किमी लंबे हाईवे गलियारे में सुधार किया जाएगा, और इससे कुल 6 इकोनॉमिक नोड्स आपस में जुड़ेंगे। इस काम को दो मुख्य भागों में बांटा गया है…
हिवरखेड़ी-रोशनी-आशापुर-रुधी सेक्शन: यह करीब 125.01 किलोमीटर लंबा है, और इसे पेव्ड शोल्डर वाले 2 लेन में अपग्रेड करने में करीब 1791 करोड़ रुपए की लागत आएगी।
देशगांव-जुलवानिया सेक्शन: यह लगभग 108.643 किलोमीटर लंबा है और इस मौजूदा 2 लेन मार्ग को 4 लेन में बदलने में 2624 करोड़ रुपए की लागत आएगी। इन दोनों परियोजनाओं पर हाइब्रिड एन्युइटी मोड (HAM) पर काम होगा।
खरगोन को मिलेगा 16 किमी लंबा नया ग्रीनफील्ड बाईपास
इस परियोजना का एक अन्य आकर्षण खरगोन जिले में बनने वाला 16.20 किलोमीटर लंबा नया ग्रीनफील्ड बाईपास है। इसके बनने से खरगोन शहर के भीतर लगने वाले भारी जाम और ट्रैफिक की समस्या से आराम मिल जाएगा।
चार जिलों को मिलेगा भरपूर फायदा
यह प्रोजेक्ट मुख्य रूप से मध्य प्रदेश के चार जिलों बैतूल, खंडवा, खरगोन और बड़वानी से होकर गुजर रहा है। वर्तमान में इस रूट पर तीखे मोड़ (शार्प कर्व), खतरनाक गड़बड़ी वाली बनावट और घनी आबादी वाले इलाकों में भारी जाम की समस्या है। लेकिन कैबिनेट के फैसले के बाद होने वाले सुधार से लोगों को इन समस्याओं से तो छुटकारा मिलेगा ही, साथ ही इस मार्ग पर वाहनों की औसत गति भी बढ़ेगी और यात्रा के समय में भारी कमी भी आएगी। इसके अलावा गति बढ़ने से ईंधन की बचत होगी और वाहनों के रखरखाव के खर्च में भी कमी आएगी।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।


