
एमसीडी के 12 वार्डों के लिए उपचुनाव की तारीख का ऐलान; कब वोटिंग, किस डेट को नतीजे?
एमसीडी के 12 वार्डों के लिए उपचुनाव की तारीख का ऐलान दिल्ली निर्वाचन आयोग की ओर से किया गया है। इस रिपोर्ट में जानें कब होगी वोटिंग और किस डेट को आएंगे इस चुनाव के नतीजे…
दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने एमसीडी के 12 वार्डों के लिए उपचुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है। एमसीडी के 12 वार्डों के लिए उपचुनाव की वोटिंग 30 नवंबर को होगी जबकि मतगणना 3 दिसंबर को होगी।

दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्डों के उपचुनाव के लिए 30 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। पर्चा दाखिल करने की प्रक्रिया 3 नवंबर से शुरू हो जाएगी। 30 नवंबर को सुबह 7.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक वोटिंग होगी। इसके लिए सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त होंगे। आयोग द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मतों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।
मुंडका, शालीमार बाग-बी, अशोक विहार, चांदनी चौक, चांदनी महल, द्वारका-बी, दिचाऊं कलां, नारायणा, संगम विहार-ए, दक्षिण पुरी, ग्रेटर कैलाश और विनोद नगर में होने वाले उपचुनाव के लिए पर्चा दाखिल करने की अंतिम तारीख 10 नवंबर होगी। नामांकन पत्रों की जांच 12 नवंबर को होगी। पर्चा वापस लेने की अंतिम डेट 15 नवंबर होगी।
बता दें कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पूर्व में शालीमार बाग-बी वार्ड का प्रतिनिधित्व पार्षद के रूप में कर चुकी हैं। वहीं द्वारका-बी वार्ड भाजपा पार्षद कमलजीत सहरावत के छोड़ने के कारण खाली हुआ था। सहरावत पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से सांसद निर्वाचित हुए थे। बाकी वार्ड भाजपा और आम आदमी पार्टी के पार्षदों के फरवरी में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद खाली हुए थे। ये पार्षद विधायक निर्वाचित हुए थे।





