काम की बात: गाजियाबाद में जमीन खरीदना होगा और भी महंगा, सर्किल रेट बढ़ाने के लिए सर्वे शुरू

हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
Follow us on Google News
share

दिल्ली से सटे गाजियाबाद में अब जमीन के दाम आसमान पर पहुंचने वाले हैं। सरकार ने यहां जमीन की बढ़ती मांग को देखते हुए सर्किल रेट नए सिरे से तय करने का फैसला लिया है। इससे जहां पारदर्शिता आएगी वहीं सरकार का खजाना भी भरेगा।

Ghaziabad circle rates

गाजियाबाद शहर की सीमा से लगे गांवों और मुख्य मार्गों के दोनों ओर जमीन के सर्किल रेट बढ़ाए जाएंगे। इसके लिए राजस्व विभाग की टीम ने सर्वे का काम भी शुरू कर दिया है। सर्वे पूरा होने के बाद सर्किल रेट की दरें बढ़ाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

गाजियाबाद में शहर के लगातर हो रहे विस्तार के साथ-साथ जमीन के दाम भी आसमान छू रहे हैं। पूरे जनपद में सर्किल रेट और बाजार भाव में कई गुना अंतर है। लोग जमीन खरीदते समय स्टांप ड्यूटी सर्किल रेट के अनुसार देते हैं, लेकिन असल में जमीन कई गुना अधिक दाम पर खरीदते हैं। इसका बड़ा कारण पिछले कई सालों से सर्किल रेट में बढ़ोतरी न होना बताया गया है। इस संबंध में पिछले दिनों अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व और सहायक महानिरीक्षक निबंधन की बैठक हुई थी। इसमें इस मुद्दे को उठाया गया था। इस दौरान यह बात सामने आई कि शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में इसका सबसे ज्यादा प्रभाव पड़ रहा है। लोग कृषि भूमि के सर्किल रेट पर जमीन के बैनामे करा रहे हैं और जमीन की खरीद बाजार भाव पर कर रहे हैं। इससे सीधे तौर पर राजस्व की हानि हो रही है। ऐसे में जनपद में सर्किल रेट बढ़ाने के लिए सर्वे किया जाए।

दो साल से नहीं बढ़ी

जिला प्रशासन ने पिछले दो साल से सर्किल रेट नहीं बढ़ाया है। वर्ष 2024 में कुछ स्थानों के सर्किल रेट में बदलाव किया गया था। वर्ष 2025 में दरों में कोई बदलाव न करते हुए पूर्व की दरों को ही लागू किया गया था। इस बार फिर सर्किल रेट की दरें तय करने के लिए नए सिरे से सर्वे कराया जा रहा है।

सर्किल रेट और बाजार भाव में अंतर की जांच की जाएगी

● जिन क्षेत्र में बाजार दर सर्किल रेट से अधिक है, वहां जांच कर तय किया जाएगा कि कितना सर्किल रेट बढ़ाया जा सकता है

● ऐसे क्षेत्र या मुख्य मार्ग जिनमें व्यावसायिक गतिविधियों का विस्तार हो रहा है, उन क्षेत्रों में नए सेगमेंट का प्रस्ताव प्रस्तुत तैयार किया जाएगा

● आबादी वाले क्षेत्रों के खसरा नंबरों की जांच की जांच होगी कि उन क्षेत्र में सर्किल रेट और बाजार भाव में कितना अंतर है

अंजनी कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, ''जनपद में सर्किल रेट और बाजार भाव में काफी अंतर आ चुका है। नए सर्किल रेट तय करने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। अगले कुछ माह में रिपोर्ट तैयार हो जाएगी।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।