गाजियाबाद में कारोबारी का मर्डर, शव पर मिले 1 दर्जन से अधिक घाव; किराएदार पर शक
दिल्ली सटे लोनी के ट्रोनिका सिटी में एक हार्डवेयर कारोबारी का का मामला सामने आया है। मृतक के शव पर चाकू से वार के एक दर्जन से अधिक निशान मिले हैं। कारोबारी के बेटे ने किरायेदार पर ही प्रॉपर्टी विवाद में हत्या को अंजाम देने का आरोप लगाया है।

गाजियाबाद में लोनी के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर हार्डवेयर कारोबारी की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। कारोबारी का शव सोमवार सुबह पंचलोक गांव के पास गड्ढों में पड़ा मिला। वह रविवार शाम को दुकान बंद करने के बाद से लापता थे। परिजन ने किरायेदार समेत तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
मृतक 45 वर्षीय विनोद गुप्ता पत्नी बबीता व दो बेटों कार्तिक और सागर के साथ ट्रोनिका सिटी के राजधानी एंक्लेव में रहते थे। उनकी दिल्ली-सहारनपुर रोड पर घर से महज पचास मीटर दूर शिव सैनेटरी स्टोर के नाम से हार्डवेयर की दुकान है। इसके अलावा उन्होंने कई दुकान किराये पर दे रखी हैं। वह प्रॉपर्टी खरीदने-बेचने का भी काम करते थे। उनके बेटे कार्तिक ने बताया कि पिता रविवार शाम करीब साढ़े 7 बजे दुकान बंद कर पैदल मोबाइल पर बात करते हुए घर तक पहुंचे।
बेटे कार्तिक ने बताया कि पिता घर नहीं आए और उन्होंने बाहर से ही मां से कहा कि वह गिरी मार्केट कॉलोनी निवासी बिलाल, उसके भाई गुलजार व चचेरे भाई फरमान निवासी डाबर तालाब के साथ जा रहे हैं। कार्तिक ने बताया कि बिलाल ने उनकी दुकान किराये पर ले रखी है। इसमें वह स्टीकर बनाने का काम करता है। पिता के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर वह मामा के साथ बिलाल के घर पहुंचे। बिलाल ने उन्हें बताया कि पिता को कार से वापस घर के पास छोड़कर आया था। इसके बाद वह पिता को तलाश करते रहे। सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो रात करीब 8 बजे घर के पास से जाते हुए दिखाई दिए थे, लेकिन सुराग नहीं मिला।
सोमवार सुबह करीब 11 बजे पंचलोक गांव के पास गड्ढों में भैंस चराने गए एक व्यक्ति ने शव पड़ा होने की सूचना दी। मृतक की शिनाख्त विनोद गुप्ता के रूप में हुई तो परिजन पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी, सहायक पुलिस आयुक्त लोनी रामकिशन मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया
कार्तिक ने बिलाल, गुलजार और फरमान समेत अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। उनका कहना है कि रात में उन्हें देखकर बिलाल घबरा गया था। उसके दाहिने होंठ के ऊपर ताजा कटने से लगी चोट का निशान भी था। पूछने पर वह बोला था कि शराब पीने के दौरान साथी से झगड़ा हो गया था। झगड़े में चोट लगने पर टांके लगवा लिए। आरोप है कि तीनों ने मिलकर उनके पिता की हत्या की है।
जेब में थे 20 हजार रुपये
विनोद दुकान बंद करने के बाद बिक्री के करीब 20 हजार रुपये अपनी जेब में रखकर घर से निकले थे। हत्या के बाद उनकी जेब में 20 हजार रुपये के साथ चाबी भी रखी हुई मिली। ऐसे में लूट के बजाय रंजिश में ही हत्या की बात सामने आ रही है। परिजनों का कहना है कि दुकान को लेकर ही बिलाल से विवाद हुआ था। आरोपियों से पूर्व में किसी तरह का विवाद होने से मना किया है।
शरीर पर कई वार किए
विनोद के शरीर पर एक दर्जन से अधिक वार के निशान मिले हैं। घटनास्थल को देखने से लग रहा है कि हत्या करने वाला अकेला नहीं था। दो या इससे अधिक लोग थे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
सुरेंद्र नाथ तिवारी, पुलिस उपायुक्त ग्रामीण, ''किरायेदार समेत तीन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। विनोद का मोबाइल ढूंढ़ रहे हैं। प्रॉपर्टी विवाद में हत्या की बात सामने आ रही है। आरोपियों को गिरफ्तार जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।''


