काम की बात: UP के इन 8 जिलों से आज नोएडा एयरपोर्ट के लिए शुरू होगी बस सेवा, पड़ोसी राज्यों का क्या प्लान
यूपी रोडवेज उत्तर प्रदेश के आठ जिलों से जेवर एयरपोर्ट के लिए आज से सीधी बसें चलाएगा। ये बसें बसें लखनऊ, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, एटा और कासगंज से चलाई जाएंगी। इसके साथ ही पड़ोसी राज्यों से भी नोएडा एयरपोर्ट के लिए बसें चलेंगी।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचने के लिए आज से उत्तर प्रदेश के आठ जिलों से सीधी बसें चलेगी। यूपी रोडवेज द्वारा इन बसों की समय सारिणी जारी कर दी गई है। निर्धारित समय के अनुसार प्रत्येक जिले से बसें डेढ़ से दो घंटे में एयरपोर्ट पहुंचेगी। बता दें कि नोएडा एयरपोर्ट तक यात्रियों को सुविधा देने के लिए यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने कई कंपनियों के साथ समझौता किया हुआ है।
वहीं, यूपी, हरियाणा, उत्तराखंड और दिल्ली रोडवेज के साथ भी बस चलाने को लेकर समझौता हो चुका है। हरियाणा और यूपी रोडवेज की बसें 15 जून से एयरपोर्ट के लिए संचालित की जाएगी। यूपी रोडवेज की बसें आगरा, फिरोजाबाद, हाथरस, मथुरा, अलीगढ़, एटा, कासगंज, लखनऊ से सीधे एयरपोर्ट तक चलेंगी।
हरियाणा के शहरों से भी चलेंगी बसें
वहीं, हरियाणा रोडवेज की बसें पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम और चंडीगढ़ से यात्रियों का सफर आसान बनाएगी। दिल्ली के सराय काले खां, आनंद विहार, कश्मीरी गेट से भी एयरपोर्ट तक सीधी बसें चलनी है। इनकी समय सारिणी जारी कर दी गई हैं, जबकि बस सेवा शुरू होने में थोड़ा समय लगेगा। उत्तराखंड के देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार व हलद्वानी के लिए सीधे बसें संचालित करने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही बसों का संचालन भी शुरू कर दिया जाएगा।
नमो भारत और मेट्रो
गाजियाबाद से एयरपोर्ट तक नमोभारत और मेट्रो परियोजना भी प्रस्तावित है। इसके लिए 72 किलोमीटर के रूप पर 22 स्टेशन बनेंगे। इसकी डीपीआर केंद्र सरकार को भेजी जा चुकी है। इसके अलावा गुरुग्राम को भी एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए रूट प्रस्तावित है। गुरुग्राम से आने वाली लाइन को सूरजपुर में जोड़ा जाएगा, जिससे एयरपोर्ट तक पहुंच बेहद आसान हो जाएगी।
रुंधी से चोला तक ट्रेन चलेगी
भारतीय रेलवे चोला-रुंधी (पलवल) लाइन प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। एयरपोर्ट के पास एक रेलवे स्टेशन बनेगा। इस स्टेशन के जरिए यात्री वंदे भारत, राजधानी और शताब्दी जैसी ट्रेनों से सीधे यूपी, बिहार (हावड़ा रूट) और साउथ/वेस्ट (मुंबई-चेन्नई रूट) की यात्रा कर सकेंगे।
बोड़ाकी ट्रांसपोर्ट हब
इसके साथ ही ग्रेटर नोएडा के पास बोड़ाकी गांव में देश का सबसे बड़ा ट्रांसपोर्ट हब बनेगा।
नोएडा एयरपोर्ट से बदलेगी पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तस्वीर
नोएडा एयरपोर्ट सिर्फ गौतमबुद्धनगर जिले का ही विकास नहीं करेगा, बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ही तस्वीर बदल देगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने भाषणों में कह चुके हैं कि यह एयरपोर्ट पूरे प्रदेश के लिए ग्रोथ इंजन साबित होगा। इसके बूते प्रदेश का व्यापार काफी आगे पहुंचेगा। देशभर में यहां के उत्पाद एयरपोर्ट की वजह से आसानी से पहुंच सकेंगे। एयरपोर्ट के निर्माण के कारण गौतमबुद्धनगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ तथा हरियाणा के जिलों में अनेक अहम परियोजनाएं आई हैं। गौतमबुद्धनगर जिले में सबसे अधिक निवेश आने का प्रमुख कारण भी यह एयरपोर्ट ही है। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के दावों के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 21 जिलों में एयरपोर्ट के कारण 70 लाख से अधिक लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। यहां पर बड़ी संख्या में नई इंडस्ट्री स्थापित होंगी।


