काम की बात: ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो की राह में रोड़ा बन रहे मकान-दुकानों पर चलेंगे बुलडोजर; जानें कहां-कहां होगा ऐक्शन

हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
Follow us on Google News
share

गुरुग्रामवासियों के लिए एक जरूरी खबर है। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो की राह में रोड़ा बन रहे मकान-दुकानों को तोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। इसके लिए बनाई गई कमेटी ने निरीक्षण कर बनाई गई रिपोर्ट भूमि अधिग्रहण विभाग को सौंप दी है। 

old gurugram metro route construction
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट निर्माण

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के निर्माण में बाधा बन रहे 24 मकान और दुकानों पर बुलडोजर चलेगा। इससे पहले जमीन के मालिकों को जमीन और निर्माण के एवज में मुआवजा दिया जाएगा। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने निर्माण का मूल्यांकन करके भूमि अधिग्रहण विभाग में रिपोर्ट जमा करवा दी है।

कमेटी ने भूमि अधिग्रहण विभाग को सौंपी रिपोर्ट

14 जनवरी को हरियाणा सरकार ने मेट्रो के लिए जमीन खरीदने के लिए नोटिफिकेशन जारी किया था। इसके तहत जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया है। भूमि अधिग्रहण अधिकारी को इस कमेटी का सचिव नियुक्त किया गया है। भूमि अधिग्रहण विभाग ने पीडब्ल्यूडी बीएंडआर से मेट्रो निर्माण में गांव बसई और इस्लामपुर के मेट्रो रूट में आड़े आ रहे 24 मकान और दुकान की कीमत का मूल्यांकन करने की जिम्मेदारी सौंपी थी। अब पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के अधिकारियों ने इनका निरीक्षण करने के बाद रिपोर्ट भूमि अधिग्रहण विभाग को सौंप दी है।

इन गांवों में तोड़े जाएंगे मकान-दुकान

इस रिपोर्ट के मुताबिक इन मकानों और दुकानों की एवज में 3.33 करोड़ रुपये का मुआवजा बनता है। बता दें कि गांव बसई में मेट्रो स्टेशन और मेट्रो मार्ग व गांव इस्लामपुर में मेट्रो मार्ग और डिपो के निर्माण यह मकान और दुकान आ रहे हैं। जमीन खरीद नीति के तहत जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में गठित कमेटी की तरफ से इन जमीन मालिकों की जमीन की कीमत का मूल्यांकन किया जाएगा। आपसी सहमती के बाद इन्हें मूल्यांकन राशि देने के पश्चात मेट्रो निर्माण के लिए जमीन का कब्जा लिया जाएगा।

अब तक 11% निर्माण

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के तहत अब तक सिर्फ 11 प्रतिशत निर्माण हुआ है। पिछले साल सितंबर माह में ओल्ड पहले चरण का काम आवंटित हुआ था। दूसरे चरण का टेंडर अभी तक जारी नहीं हो सका है। सेक्टर-33 में मेट्रो डिपो के निर्माण के लिए टेंडर जारी हो चुका है, इसे 5 अगस्त को खोला जाएगा। एक बार मेट्रो डिपो के टेंडर को रद्द किया जा चुका है। मेट्रो की इस पूरी परियोजना में सिर्फ 3.3 प्रतिशत निर्माण हुआ है।

नमो भारत ट्रेन परियोजना पर मंथन आज

वहीं, गुरुग्राम, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा को नमो भारत ट्रेन (आरआरटीएस) नेटवर्क से जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी परियोजना को गति देने के लिए सोमवार को स्मार्ट सिटी फरीदाबाद में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें परियोजना से जुड़े विभिन्न विभागों और एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान तैयार की गई डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर), भूमि अधिग्रहण, निर्माण कार्य, मंजूरी प्रक्रिया और समयसीमा सहित कई बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsओल्ड गुरुग्राम मेट्रो की राह में रोड़ा बन रहे मकान-दुकानों पर चलेंगे बुलडोजर