काम की बात: NCR में यहां हाईवे और एक्सप्रेसवे के किनारे चलेगा बुलडोजर, अवैध कब्जों की खैर नहीं! जॉइंट टास्क फोर्स बनी
एक्सप्रेसवे और हाईवे के किनारे किए गए अवैध कब्जों की अब खैर नहीं है। पलवल जिला प्रशासन ने जिले में ऐसे अभी अवैध कब्जों पर बुलडोजर ऐक्शन की तैयारी कर ली है। इसके लिए एक जॉइंट टास्क फोर्स भी बनाई गई है।

केएमपी एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद हरियाणा के पलवल जिला प्रशासन ने हाईवे और एक्सप्रेसवे किनारे अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे, केएमपी और केजीपी एक्सप्रेसवे के किनारे नियमों के विपरीत बने होटल, ढाबे और अन्य प्रतिष्ठानों पर बुलडोजर चल सकता है।
उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने मंगलवार को जॉइंट टास्क फोर्स गठित कर 3 दिन में रिपोर्ट मांगी है। टीम एनएच-44, केएमपी और केजीपी कॉरिडोर का निरीक्षण कर सरकारी जमीन, सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर हुए अतिक्रमण, अवैध निर्माण और अनधिकृत गतिविधियों की जानकारी जुटाएगी। संबंधित एसडीएम अभियान की निगरानी करेंगे, जबकि जिला नगर योजनाकार सदस्य सचिव होंगे। पुलिस, राजस्व, परिवहन, बिजली निगम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और आबकारी विभाग के अधिकारी भी टीम में शामिल हैं।
लाइसेंस भी हो सकते हैं रद्द
जांच में नियमों का उल्लंघन मिलने पर प्रतिष्ठानों को सील करने के साथ लाइसेंस या अनुमति निलंबित अथवा रद्द की जा सकती है। शराब की दुकानों, अहातों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास अतिक्रमण की भी जांच होगी। बिना लाइसेंस या नियम विरुद्ध चल रहे वाहनों पर भी कार्रवाई होगी।
उपायुक्त ने जॉइंट टास्क फोर्स को तीन दिन में निरीक्षण पूरा कर कार्रवाई और अनुपालन रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
डिवाइडर और सड़क किनारे अवैध कट की जांच होगी
अभियान के दौरान हाईवे और एक्सप्रेसवे के डिवाइडर और सड़क किनारों पर की गई अवैध कटिंग की भी जांच होगी। कई स्थानों पर प्रतिष्ठानों तक पहुंच बनाने के लिए नियमों के विपरीत कटिंग कर दी जाती है। इससे तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक आवाजाही बढ़ने से हादसे का खतरा बना रहता है। जॉइंट टास्क फोर्स ऐसे सभी स्थानों को चिह्नित कर कार्रवाई के लिए सूची तैयार करेगा।
हाईवे पर अवैध पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई होगी
राष्ट्रीय राजमार्गों, एक्सप्रेसवे के किनारों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध तरीके से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। होटल, ढाबों और अन्य प्रतिष्ठानों के बाहर बेतरतीब खड़े होने वाले वाहन यातायात में बाधा बनते हैं और हादसों का कारण भी बन सकते हैं। टीम ऐसे स्थानों की पहचान करेगी, जहां अनधिकृत पार्किंग की जा रही है।
बिजली-पानी के अवैध कनेक्शन भी काटे जाएंगे
यह भी जांचा जाएगा कि अनधिकृत निर्माण और प्रतिष्ठान बिजली तथा पानी की सुविधा किस तरह ले रहे हैं। यदि किसी स्थान पर अवैध कनेक्शन मिला तो संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई करेंगे। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम और अन्य विभाग अपने अधिकार क्षेत्र के अनुसार कार्रवाई करेंगे। इस अभियान में कई विभागों को संयुक्त जिम्मेदारी दी गई है।
सात दिन पहले केएमपी पर हुआ था भीषण हादसा
सात दिन पहले कुंडली-मानेसर-पलवल मार्ग पर भीषण सड़क हादसा हुआ था। श्रद्धालुओं से भरी पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी थी। हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हुई थी, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। हादसे में शामिल सभी लोग उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए गए थे। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि पिकअप और ट्रक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे।

