गुरुग्राम में फिर बुलडोजर ऐक्शन, सरस्वती कुंज में 2 दिन में 850 अधिक झुग्गियां गिराईं

हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
Follow us on Google News
share

गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स रोड पर सेक्टर-53 स्थित सरस्वती कुंज कॉलोनी में बुलडोजर ऐक्शन लगातार जारी है। बीते दो दिन के अंदर यहां नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग ने 850 से अधिक झुग्गियों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।

गुरुग्राम में फिर बुलडोजर ऐक्शन, सरस्वती कुंज में 2 दिन में 850 अधिक झुग्गियां गिराईं

गुरुग्राम में अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर ऐक्शन लगातार जारी है। गोल्फ कोर्स रोड पर सेक्टर-53 स्थित सरस्वती कुंज कॉलोनी में मंगलवार को दूसरे दिन भी नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग ने 670 झुग्गियों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई तोड़फोड़ के दौरान किसी तरह का विरोध सामने नहीं आया। एक दिन पहले सोमवार को भी यहां 200 से अधिक झुग्गियों को तोड़ा गया था।

5 घंटे तक चली तोड़फोड़

सुबह 11 बजे डीटीपीई कार्यालय से तोड़फोड़ दस्ता इस कॉलोनी में पहुंच गया। झुग्गियों से सामान निकालने के लिए एक घंटे की मोहलत दी गई। पिछले एक सप्ताह से मुनादी करवाकर झुग्गियों को खाली करने की चेतावनी दी जा रही थी। झुग्गियों के खाली होने के बाद डीटीपीई अमित मधोलिया के आदेश पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू की गई। करीब पांच घंटे तक तोड़फोड़ हुई। इस दौरान करीब 670 झुग्गियों को मलबे में मिलाया गया। यह झुग्गियों करीब सवा चार एकड़ जमीन पर अवैध रूप से डाली हुई थीं।

एक दिन पहले दो सौ झुग्गियों पर चले थे बुलडोजर

बता दें कि सोमवार को इस कॉलोनी में दो सौ से अधिक झुग्गियों पर बुलडोजर चलाकर तोड़ दिया गया था। करीब ढाई एकड़ में अवैध रूप से इन झुग्गियों को डाला गया था। खाटू श्याम मंदिर के पास यह झुग्गियां डाली गई थीं। मधोलिया के मुताबिक इस कॉलोनी में तोड़फोड़ की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कॉलोनी को पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त किया जाएगा। साथ ही निर्माणाधीन अवैध मकानों को भी तोड़ा जाएगा।

बताया जा रहा है कि इन अवैध झुग्गियों से कुछ भूमाफिया दो से ढाई हजार रुपये तक महीना प्रति झुग्गी किराया वसूल रहे थे। डीटीपीई अमित मधोलिया ने चेतावनी दी कि फिर से अतिक्रमण किया तो कार्रवाई होगी।

अपराधी का अवैध मकान जमींदोज

वहीं, गुरुग्राम पुलिस ने सोमवार को गांव बादशाहपुर निवासी इंद्रजीत का करीब 150 वर्ग गज में अवैध रूप से निर्मित दो मंजिला मकान को जमींदोज कर दिया। इस अपराधी पर अवैध वसूली, एक्सप्लोसिव एक्ट समेत तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक️ पुलिस की तरफ से अपराधियों की अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें तोड़ा जा रहा है। इस कड़ी में गांव बादशाहपुर में बादशाहपुर निवासी इंद्रजीत का एक मकान तोड़ा गया। यह कार्रवाई अपराध शाखा, मानेसर ने जिला प्रशासन के समन्वय से की। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल मौजूद रहा। उन्होने कहा कि गुरुग्राम पुलिस सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को शोषण से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि ऐसे खुफिया आधारित सख्त अभियान भविष्य में और अधिक तीव्रता के साथ जारी रहेंगे। गुरुग्राम को अपराध मुक्त एवं सुरक्षित बनाया जाएगा।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।