गुरुग्राम में फिर बुलडोजर ऐक्शन, अभिनेता चंद्रचूड़ के घर के बाहर भी तोड़फोड़; 50 कमरों वाले दो पीजी सील
गुरुग्राम में बुलडोजर ऐक्शन दोबारा शुरू हो गया है। शुक्रवार को डीएलएफ फेज-तीन के एस ब्लॉक में तोड़फोड़ और सीलिंग की कार्रवाई की गई। इस दौरान फिल्म अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह के घर के बाहर भी बुलडोजर चला। इसके अलावा 50 कमरों वाले दो पीजी को सील कर दिया गया।

गुरुग्राम में डीएलएफ फेज-तीन के एस ब्लॉक में तोड़फोड़ और सीलिंग की कार्रवाई शुक्रवार से दोबारा शुरू हो गई। तीन मकानों में स्टिल्ट पार्किंग में अवैध रूप से बनाए गए कमरों को तोड़ा गया। 50 कमरों वाले दो पीजी को सील किया गया। पुलिस बल की मौजूदगी में चले इस अभियान के तहत किसी तरह का विरोध सामने नहीं आया।
सामान निकालने के लिए आधे घंटे की मोहलत
नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के डीटीपीई अमित मधोलिया के नेतृत्व में दोपहर करीब एक बजे सबसे पहले मकान नंबर एसआर 18/1 में अवैध रूप से चल रहे पीजी को सील किया गया। इस पीजी में 90 प्रतिशत कमरे खाली हो चुके हैं। 10 प्रतिशत कमरों में कुछ युवक रह रहे थे। उन्हें सामान निकालने के लिए आधे घंटे की मोहलत दी गई। इसके बाद 26 कमरों के इस पीजी को सील किया गया। मकान नंबर 18/18 में स्टिल्ट पार्किंग में अवैध रूप से एक ड्राइंग रूम बनाया हुआ था। छोटा बुलडोजर मंगवाकर इसे मलबे में मिला दिया गया। छह कमरों को सील किया गया। पांचवीं मंजिल पर अवैध रूप से एक बेडरूम बनाया हुआ था, जिसे भी सील किया गया।
अभियान जारी रहेगा
मधोलिया के आदेश पर मकान नंबर एसआर 18/19 में स्टिल्ट पार्किंग में अवैध रूप से बना ड्राइंग रूम तोड़ा गया। दो स्टोर रूम सील कर दिए। मकान नंबर एसआर-16 में स्टिल्ट पार्किंग में बने दो कमरे और सात शौचालयों को मलबे में मिलाया गया। एस-19/14 में अवैध रूप से चार मंजिला पीजी में बने 24 कमरों को सील कर दिया गया। नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के डीटीपीई अमित मधोलिया ने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेशानुसार स्टिल्ट पार्किंग में अवैध निर्माण और घरों में चल रहे पीजी और गेस्ट हाउस के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
अधिकांश पीजी खाली हो चुके
पीजी और गेस्ट हाउस संचालकों ने सीलिंग और तोड़फोड़ की कार्रवाई से राहत के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह से मुलाकात की, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिल सकी। नाथूपुर रोड पर गांव के पास अधिकांश पीजी खाली हो चुके हैं।
अभिनेता के घर के बाहर भी चला बुलडोजर
फिल्म अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह के घर के बाहर भी बुलडोजर चला। घर के बाहर लगे छोटे पौधे और उसके लिए बनी छोटी दीवार हटा दी गई। इस दौरान अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह घर के बाहर आए। उन्होंने डीटीपीई से मुलाकात की। फिल्म अभिनेता ने उनसे पूछा कि उनके मकान को तो कुछ नहीं होगा। डीटीपीई ने उन्हें बताया कि स्टिल्ट पार्किंग में अवैध रूप से निर्माण, घरों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने अभियान को सराहा। डीटीपीई ने फिल्म अभिनेता के अलावा करीब 20 मकानों के बाहर से अतिक्रमण को हटवाया।
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।


