काम की बात: गुरुग्राम की 30 कॉलोनियों में आज से अवैध निर्माण पर चलेंगे बुलडोजर, देखें पूरी लिस्ट; 8 टीमों को दी जिम्मेदारी

हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
Follow us on Google News
share

गुरुग्राम की 30 कॉलोनियों में आज से अवैध निर्माणों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन की कार्रवाई शुरू होने जा रही है। डीटीपीई अमित मधोलिया ने बताया कि नौ मीटर से लेकर 24 मीटर तक चौड़ी सड़कों को भी अतिक्रमणमुक्त करवाया जाएगा। 

गुरुग्राम की 30 कॉलोनियों में आज से अवैध निर्माण पर चलेंगे बुलडोजर, देखें पूरी लिस्ट; 8 टीमों को दी जिम्मेदारी

गुरुग्राम की 30 कॉलोनियों में शनिवार सुबह से बुलडोजर की कार्रवाई होगी। पांच दिन तक लगातार तोड़फोड़ होगी। नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग की 8 टीमों की जिम्मेदारी सड़कों को अतिक्रमणमुक्त करने के लिए लगाई है। डीटीपीई अमित मधोलिया ने शुक्रवार दोपहर को सेक्टर-14 स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारवार्ता को संबोधित किया। मधोलिया ने बताया कि इन कॉलोनियों में लोगों ने सड़क के साथ निजी पार्क या किचन गार्डन बना दिया है। तार फेंसिंग करके कब्जा कर लिया है। कुछ ने सुरक्षा कर्मियों के लिए अस्थायी कमरे का निर्माण कर दिया है तो किसी सड़क किनारे व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन हो रहा है।

उन्होंने बताया कि नौ मीटर से लेकर 24 मीटर तक चौड़ी सड़कों को अतिक्रमणमुक्त करवाया जाएगा। यदि किसी मकान का रैंप हरियाणा बिल्डिंग कोड में निर्धारित ऊंचाई से अधिक ऊंचा पाया गया तो उसे भी तोड़ा जाएगा। इस दौरान सड़कों पर अवैध रूप से लगे गेटों को तोड़ा जाएगा। मधोलिया ने लोगों से अपील की कि वे खुद सड़क किनारे किए अतिक्रमण को हटाएं। ऐसा नहीं करने पर बुलडोजर से अतिक्रमण को तोड़ा जाएगा। यह तोड़फोड़ अभियान 22 अप्रैल तक लगातार चलेगा।

डीएलएफ फेज-एक से होगी शुरुआत

वरिष्ठ नगर योजनाकार रेणुका सिंह ने बताया कि इस तोड़फोड़ अभियान की शुरुआत डीएलएफ फेज-एक से होगी। इस कॉलोनी में डीटीपीई अमित मधोलिया के नेतृत्व में अभियान चलेगा। वे सेक्टर-24 से 28, 42, 43, 53 और 54 में तोड़फोड़ करेंगे। एटीपी दिव्या दहिया की टीम साउथ सिटी एक, ग्रीनवुड सिटी, एटीपी नवीन बहुरा की टीम पालम विहार, वाटिका सिटी, वेसटरलीज, रामप्रस्था सिटी, शोभा इंटरनेशनल, जी-99 में तोड़फोड़ करेगी। एटीपी ज्योति के नेतृत्व में सुशांत लोक दो और तीन में बुलडोजर चलेगा।

हर टीम में होंगे चार सदस्य

एटीपी कुलदीप को रोजवुड सिटी, उप्पल साउथ एंड, नरवाना कंट्री, मेफिल्ड गार्डन में तोड़फोड़ की जिम्मेदारी दी गई है। प्लानिंग असिस्टेंट विमल के नेतृत्व में सुशांत लोक एक और आरडी सिटी, प्लानिंग असिस्टेंट राकेश के नेतृत्व में मालिबू टाउन, अलमेडा, विपुल वर्ल्ड, उप्पल साउथ एंड में तोड़फोड़ की जाएगी। वहीं, प्लानिंग असिस्टेंट तरुण भाटिया सनसिटी, बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन, ब्रह्मा सिटी, अंसल असेंशिया और वर्षालिया, एमआर एमराल्ड हिल्स और रामप्रस्था सिटी में तोड़फोड़ करेंगे। प्रत्येक टीम में चार सदस्य नियुक्त किए हैं। पुलिस बल की मौजूदगी में यह अभियान चलेगा।

अतिरिक्त मुख्य सचिव ने आदेश दिए

नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने शुक्रवार को नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग, एचएसवीपी, एचएसआईआईडीसी, नगर निगम को अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। 22 अप्रैल को हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान रिपोर्ट पेश की जाएगी।

स्टिल्ट पार्किंग में अवैध निर्माण का सर्वेक्षण होगा

डीटीपीई अमित मधोलिया ने बताया कि सड़कों पर अतिक्रमण हटाने के दौरान स्टिल्ट पार्किंग में अवैध निर्माण का सर्वे होगा। मकान के मालिकों को कारण बताओ नोटिस देकर अवैध निर्माण को हटाने के आदेश जारी किए जाएंगे। यदि यह अवैध निर्माण नहीं हटाते हैं तो इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा। मकान की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाई जाएगी। डीटीपीई कार्यालय की तरफ से अवैध निर्माण को सील किया जाएगा।

हाईकोर्ट ने मामले पर लिया था स्वत: संज्ञान

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में स्टिल्ट के साथ चार मंजिला मकान के निर्माण को लेकर याचिका विचाराधीन है। हाईकोर्ट ने गत 2 अप्रैल को स्टिल्ट पार्किंग के साथ चार मंजिला मकान के लिए नए नक्शों की मंजूरी पर स्टे दे दिया था। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट के संज्ञान में आया था कि अधिकांश मकान मालिकों ने स्टिल्ट पार्किंग में निर्माण किए हैं। हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार से इन गतिविधियों पर रिपोर्ट तलब की है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।