फरीदाबाद में फिर बुलडोजर ऐक्शन, अब इस अवैध कॉलोनी में तोड़फोड़ की बड़ी कार्रवाई
फरीदाबाद में अवैध कॉलोनी और अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को गांव खेड़ी खुर्द में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में तोड़फोड़ की बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान जेसीबी से अवैध निर्माणों को ढहा दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

फरीदाबाद में जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) इंफोर्समेंट की ओर से शुक्रवार को गांव खेड़ी खुर्द की राजस्व सीमा में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में तोड़फोड़ की बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान जेसीबी से अवैध निर्माणों को ढहा दिया गया। मौके पर लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया। लेकिन पुलिस ने उन्हें समझाबुझा कर शांत कर दिया।
डीटीपी इन्फोर्समेंट अधिकारी यजन चौधरी ने बताया कि विभाग को पिछले कई दिनों से खेड़ी खुर्द क्षेत्र में बिना अनुमति कॉलोनी विकसित किए जाने और अवैध निर्माण होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर मौके का निरीक्षण किया गया, जिसमें पाया गया कि संबंधित भूमि पर नियमानुसार किसी प्रकार की स्वीकृति लिए बिना निर्माण कार्य किया जा रहा था। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को हटाया गया।
पुलिस बल तैनात रहा
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान विभाग की टीम ने बुलडोजर की सहायता से दो बाउंड्री वॉल, छह पक्के ढांचे, चार दुकानों के आंशिक हिस्से तथा टिन शेडों को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे अभियान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराया जा सका। डीटीपी इन्फोर्समेंट अधिकारी ने कहा कि जिले में अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना लाइसेंस या विभागीय स्वीकृति के किसी भी प्रकार की कॉलोनी विकसित करने अथवा निर्माण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जमीन की वैधता की जांच अवश्य कर लें
डीटीपी इन्फोर्समेंट अधिकारी ने लोगों से भी अपील की कि किसी भी भूखंड या मकान की खरीद से पहले उसकी वैधता, लाइसेंस और संबंधित विभाग से स्वीकृति की जांच अवश्य कर लें। अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से भविष्य में आर्थिक नुकसान और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माणों और अनधिकृत कॉलोनियों पर अंकुश लगाने के लिए जिले में नियमित रूप से अभियान चलाए जा रहे हैं।
नियम तोड़ने वाले नपेंगे
जिन स्थानों पर नियमों का उल्लंघन कर निर्माण किया जाएगा, वहां बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि शहरी नियोजन कानूनों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।


