दिल्ली में जिनपिंग की रहस्यमयी कार पर 'काला कवर', आखिर क्या छिपा रहा चीन?
दिल्ली पहुंचे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की सिक्रेट Hongqi N701 लिमोजीन कार को काले कवर से ढंककर ले जाया गया। इस रिपोर्ट में जानें चीनी राष्ट्रपति की इस कार पर काले कवर का रहस्य…

दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स समिट में पहुंचे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की बेहद खास और रहस्यमयी Hongqi N701 लिमोजीन कार को काले कवर से ढंककर सड़कों पर ले जाया गया, जिसकी तस्वीरें वायरल हो गई हैं। Hongqi N701 चीन की खास बुलेटप्रूफ और बख्तरबंद कार है। इस कार की तकनीक बेहद गुप्त रखी गई है। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग अपनी विदेश यात्राओं में इसी कार का इस्तेमाल करते हैं। इस रिपोर्ट में जानें चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की बेहद खास और रहस्यमयी Hongqi N701 के बारे में...
गाड़ियों की तस्वीरें और वीडियो वायरल
गौरतलब है कि दिल्ली में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के सरकारी काफिले की गाड़ियों को मोटे काले कवर से ढंककर ले जाया जा रहा था। खास तरह के काले कवर से ढकी हुई गाड़ियों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं। इससे लोगों की जिज्ञासा बढ़ गई कि आखिर गाड़ियों को काले कवर में ढककर क्यों ले जाया जा रहा था।
जिनपिंग की खास सिक्रेट कार
गौर करने वाली बात यह भी कि चीनी राष्ट्रपति के काफिले की गाड़ियों को लोगों की नजरों से बचाने की कोशिशें की गई थीं। खासतौर पर चर्चा चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की बेहद सिक्रेट और मजबूत Hongqi N701 लिमोजीन कार की हो रही है। चीनी राष्ट्रपति की गाड़ियों को उनके आने से पहले ही भारत पहुंचा दिया गया था जैसा कि विदेश यात्राओं के दौरान उनकी खास गाड़ियों के मामले में आम तौर पर होता है।
क्यों काले कवर में ढकी शी की कार?
विदेश यात्राओं के दौरान सरकारी गाड़ियों को ढंककर रखना मुख्य रूप से सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स का मामला होता है। राष्ट्रपति की गाड़ियों को अक्सर अलग से भेजा जाता है और वे दौरे पर आने वाले नेता से पहले ही मेजबान देश पहुंच सकती हैं।
…ताकि बनी रहे
'हिन्दुस्तान टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी राष्ट्रपति की गाड़ियों को कार्गो विमान से उतार कर ले जाते समय बेहद सतर्कता बरती जाती है। इन गाड़ियों की गोपनीयता को बनाए रखने के लिए भी आमतौर पर मजबूत शीट या तिरपाल से कवर किया जाता है। सूत्रों की मानें तो ऐसा अनावश्यक दिखावे को रोकने के लिए किया जाता है ताकि तस्वीरें सीमित रहें। एक वजह यह भी कि धूल, बारिश, धूप और अन्य तरह के नुकसान से बचाने के लिए भी ऐसा किया जाता है।
सुरक्षा के लिहाज से लगाए जाते हैं कवर
सूत्रों की मानें तो ये खास कवर गाड़ियों को अच्छी हालत में रखने में मदद करते हैं। इस कवायद को सुरक्षा इंतजामों का हिस्सा माना जाना चाहिए। हालांकि इस नजारे ने कौतूहल पैदा किया है कि काले रंग के कवर के नीचे मौजूद गाड़ी कोई सामान्य लिमोजीन कार नहीं है।
जिनपिंग की सिक्रेट लिमोजीन Hongqi N701
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की कार Hongqi N701 है जो चीनी ब्रांड Hongqi की बनाई एक खास लिमोजीन है। इसके नाम का मतलब 'रेड फ्लैग' है। Hongqi N701 कोई आम कार नहीं है। इसे खास तौर पर चीनी राष्ट्रपति के लिए ही बनाया गया है। इसकी विस्तृत जानकारियां सिक्रेट रखी गई हैं। यह कार लगभग 5.5 मीटर यानी करीब 18 फीट लंबी है। जब यह सड़क पर दौड़ती है तो दुनिया के दमदार शख्सियत की मौजूदगी का एहसास कराती है।
मजबूत सुरक्षा कवच से लैस
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह कार बहुत मजबूत सुरक्षा कवच से लैस है। इसमें बुलेट-प्रूफ ग्लास, खास सुरक्षित पहिए और टायर लगे हैं। मजबूत बॉडीवर्क से लैस यह कार धमाकों और केमिकल हमलों से भी सुरक्षा देती है। इसकी कई जानकारियों के बारे में कंपनी ने कभी कोई पुष्टि नहीं की। इसमें 6.0-लीटर का V12 इंजन लगा है जो लगभग 408 हॉर्सपावर की ताकत देता है। यह जानकारी भी सिक्रेट ही है। इसे आधिकारिक तौर पर आम नहीं किया गया है।
इन वजहों से भी खास
इस कार का डिजाइन भी बेहद खास है। इसके सुरक्षा कवच (आर्मर) और अन्य सुरक्षा उपकरणों के बारे में बहुत कम जानकारी उपलब्ध है। इन तमाम खूबियों के चलते सुरक्षा मामलों पर नजर रखने वालों के बीच यह कार बेहद दिलचस्प बनी हुई है। चीनी राष्ट्रपति रूस, अमेरिका, हांगकांग और मिस्र जैसे देशों की यात्राओं पर इसे साथ ले जा चुके हैं। यह गाड़ी विदेशी लग्जरी ब्रांड पर निर्भर रहने के बजाय चीन में ही बने वाहन पर चीनी नेतृत्व की पसंद को भी दिखाती है।


