
दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल 3 पर बम है, इंडिगो को आए मेल से मचा हड़कंप
दिल्ली पुलिस ने बताया- धमकी भरा ईमेल इंडिगो के शिकायत पोर्टल पर प्राप्त हुआ था और इसमें दिल्ली, चेन्नई और गोवा के हवाई अड्डों का ज़िक्र था।
दिल्ली में लाल किला के पास कार धमाका की जांच जारी है। इस बीच राजधानी के दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर बम होने की सूचना मिली। दिल्ली पुलिस ने बताया- धमकी भरा ईमेल इंडिगो के शिकायत पोर्टल पर प्राप्त हुआ था और इसमें दिल्ली, चेन्नई और गोवा के हवाई अड्डों का ज़िक्र था। इसके बाद आनन-फानन में टीमों को मौके पर पहुंचाया गया। जांच के बाद सामने आया है कि ये एक अफवाह थी। अग्निशमन विभाग ने बाद में पुष्टि की कि यह एक झूठी खबर थी।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, इंडिगो के शिकायत पोर्टल पर बम की धमकी मिली थी। मेल में पाँच हवाई अड्डों- दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, तिरुवनंतपुरम और हैदराबाद का जिक्र किया गया था। हवाई अड्डा से संबंधित अधिकारी के मुताबिक, जांच के दौरान इस धमकी को अफवाह घोषित कर दिया गया है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
यह घटना सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक धीमी गति से चल रही कार में हुए एक उच्च-तीव्रता वाले विस्फोट के दो दिन बाद हुई है, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। इस विस्फोट के बाद राष्ट्रीय राजधानी में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। विस्फोट के बाद प्राप्त कई फर्जी कॉल और अलर्ट पर अधिकारी लगातार नज़र रख रहे हैं।





