'बोल मैं शेर हूं'; अरविंद केजरीवाल का E-20 पेट्रोल को लेकर चुटकुले से PM मोदी पर तंज
अरविंद केजरीवाल ने E 20 पेट्रोल को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए एक चुटकुले वाला वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है। उन्होंने आरोप लगाया है E 20 पेट्रोल के खिलाफ आवाज उठाने वालों को अलग-अलग तरह से परेशान किया जा रहा है।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल E 20 पेट्रोल को लेकर आज फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार हमलावर बने हुए हैं। केजरीवाल ने अब इस बार एक चुटकुले के जरिये तंज कसते हुए प्रधानमंत्री और सरकार पर निशाना साधा है।
केजरीवाल ने अपने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर कर कहा, ''हमारे देश में E 20 कैसे लागू किया जा रहा है, आइए मैं आपको एक चुटकुले से समझाता हूं। एक बार तीन देशों की पुलिस का कॉम्पीटीशन हुआ। ट्रंप ने अपनी पुलिस भेजी, पुतिन ने अपनी पुलिस भेजी, मोदी जी ने अपनी पुलिस भेजी। इसके बाद जंगल में एक शेर को छोड़ दिया गया और पहले ट्रंप की पुलिस को कहा गया कि इसे ढूंढ कर लाओ, ट्रंप की पुलिस 24 घंटे में ढूंढकर ले आई। फिर पुतिन की पुलिस को भेजा गया, पुतिन की पुलिस इसे 1 घंटे में ढूंढकर ले आई। फिर मोदी जी की पुलिस को भेजा गया। पुलिस को गए तीन दिन बीत गए, लेकिन पुलिस लौटकर नहीं आई। इसके बाद सब लोग मोदी जी पुलिस को ढूंढने जंगल में गए कि कहां गई इनकी पुलिस तो देखा कि मोदी की पुलिस एक कुत्ते को पकड़कर खड़ी है और उसे बुरी तरह से पीट रही है कि और कह रही है 'बोल मैं शेर हूं, बोल मैं शेर हूं, बोल मैं शेर हूं'।''
'आप' के मुखिया ने कहा, ''यही हाल आज पूरे देश का मोदी जी ने किया हुआ है। 140 करोड़ लोगों को पीट रहे हैं और कह रहे के बोल E 20 सही है। जो E 20 के खिलाफ आवाज उठाता है, उसका पेज डाउन करा देते हैं। उसका वीडियो डिलीट करा देते हैं। उसका अकाउंट ब्लॉक कर एफआईआर करा देते हैं। उसके खिलाफ गुंडागर्दी करते और तरह-तरह से उसे तंग करते हैं। ऐसे 140 करोड़ लोगों को कैसे आप दबाओगे मोदी जी।''
केंद्र सरकार पर अमेरिका के दबाव में काम करने का आरोप
केजरीवाल लगातार यह आरोप लगा रहे हैं कि भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र सरकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में E20 ब्लैंडेड पेट्रोल प्रोग्राम लागू किया है, ताकि अमेरिका से बड़े पैमाने पर एथेनॉल का आयात किया जा सके।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सरकार ने बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड किए बिना और मौजूदा वाहनों को अधिक एथेनॉल मिश्रण वाले पेट्रोल के प्रति अनुकूल बनाना सुनिश्चित किए बिना E 20 नीति को जबरन लागू कर दिया है।
उन्होंने बीते दिनों कहा था नरेंद्र मोदी सरकार डोनाल्ड ट्रंप के दबाव का सामना नहीं कर पा रही है। अमेरिका दुनिया में एथेनॉल का सबसे बड़ा उत्पादक है, लेकिन वह अपने पूरे उत्पादन की खपत नहीं कर पा रहा है। अमेरिकी एथेनॉल की मांग पैदा करने के लिए भारत को E 20 नीति लागू करने और अमेरिका से यह पदार्थ आयात करने के लिए मजबूर कर रहा है। केजरीवाल ने दावा किया कि भारत ने पिछले साल अमेरिका से एक अरब लीटर एथेनॉल का आयात किया था और इस साल पांच अरब लीटर एथनॉल आयात किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस नीति का उद्देश्य अमेरिका के अतिरिक्त एथनॉल के लिए बाजार तैयार करना है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ने भी पूरे देश में E 20 ईंधन लागू नहीं किया है और वहां बड़े पैमाने पर कम एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन का ही इस्तेमाल हो रहा है।


