अब यमुना में सैर और सफर कर सकते हैं दिल्लीवाले, भाजपा सरकार का बड़ा कदम
यमुना को साफ करने के वादे के साथ दिल्ली की सत्ता में आई भारतीय जनता पार्टी की सरकार एक बड़ी शुरुआत करने जा रही है। केंद्र और राज्य सरकार ने यमुना में सैर और सफर की शुरुआत करने का फैसला किया है।

यमुना को साफ करने के वादे के साथ दिल्ली की सत्ता में आई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार एक बड़ी शुरुआत करने जा रही है। केंद्र और राज्य सरकार ने यमुना में सैर और सफर की व्यवस्था का फैसला किया है। मंगलवार 11 मार्च को ही केंद्र और राज्य सरकार के बीच इस प्रस्ताव पर समझौता होने जा रहा है। भाजपा ने तीन साल के भीतर यमुना रिवर फ्रंट बनाने का भी वादा किया है।
भाजपा सरकार ने यमुना में पर्यटन को बढ़ावा के साथ इसे ट्रैफिक मैनेजमेंट के विकल्प के तौर पर भी अपनाने की योजना बनाई है। सोनिया विहार से जगतपुर (शनि मंदिर) के बीच इसका आगाज किया जाएगा। बाद में इसका विस्तार किया जाएगा। मंगलवार को केंद्र और राज्य सरकार के बीच एमओयू साइन किया जाएगा।
केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के जल संसाधन मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा की मौजूदगी में समझौते पर हस्ताक्षर होगा। असिता पार्क में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
इन सेवाओं के लिए केंद्र सरकार के अधीनस्थ भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) के साथ दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी), सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग के बीच समझौता होगा।
इन सभी विभागों के बीच अंतर्देशीय जल परिवहन के तहत समझौता ज्ञापन में साझेदारी के लिए हस्ताक्षर किए जाएंगे। इस अवसर पर आईडब्ल्यूएआई के उपाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, डीडीए के उपाध्यक्ष विजय कुमार सिंह के साथ सभी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
डीडीए के अधिकारियों के अनुसार सोनिया विहार से जगतपुर (शनि मंदिर) के बीच यमुना नदी पर अगले कुछ माह में बोट पयर्टन और नौका सेवाओं को शुरू करने पर जोर रहेगा। इसके लिए जिन सभी विभागों के बीच साझेदारी हो रही है, वह सभी अपने प्रशासनिक कामकाज के अनुसार इन सेवाओं के मद्देनजर बुनियादी ढांचे को विकसित करेंगे।
किफायती दरों में सफर की उम्मीद
इस संबंध में डीडीए के अधिकारियों ने कहा कि यमुना नदी के पुनरुद्धार के लिए कई कदम उठा रहे हैं। इसके मद्देनजर यमुना के बाढ़ क्षेत्र के मैदानी इलाकों का सौंदर्यीकरण कर रहे हैं। यहां पर स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क को नए स्वरूप में भी परिवर्तित कर रहे हैं। यमुना में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनोरंजक नाव पर्यटन व नौका सेवाएं शुरू हो रही हैं। नागरिकों को किफायती दरों पर यह सुविधाएं प्रदान करेंगे।
दूरी घटेगी, ट्रैफिक से भी छुटकारा
सोनिया विहार से जगतपुर के बीच सड़क मार्ग से दूरी 8.4 किलोमीटर है। यमुना के रास्ते यह दूरी करीब आधी रह सकती है। बताया जा रहा है कि जल्द ही दूसरे स्थानों के लिए भी यह सेवा शुरू हो सकती है। यमुना में बोट सर्विस से लोगों को यातायात का नया विकल्प मिल सकता है। दिल्ली के कई व्यस्त इलाके यमुना नदी के किनारे हैं।