AAP संग अप्रैल में होगा एक और खेला! 'छोटी सरकार' छिन जाने की आशंका, कैसे बिगड़ा गणित
दिल्ली नगर निगम की सत्ता में समीकरण बदलने के आसार तेज हो गए हैं। शनिवार को आम आदमी पार्टी के तीन पार्षदों के पाला बदलने के बाद भाजपा की स्थिति मजबूत हो गई है।

10 साल बाद दिल्ली की राज्य सरकार से विदा हो चुकी आम आदमी पार्टी के हाथ से अब 'छोटी सरकार' यानी नगर निगम की सत्ता भी फिसल जाने का खतरा उत्पन्न हो गया है। शनिवार को आम आदमी पार्टी के तीन पार्षदों के पाला बदलने के बाद भाजपा की स्थिति मजबूत हो गई है। इसका असर अप्रैल में होने वाले मेयर-डिप्टी मेयर के चुनाव पर दिख सकता है। इसमें भाजपा बाजी मार सकती है। यदि ऐसा होगा तो पहली बार केंद्र, राज्य सरकार और निगम में भाजपा की सरकार होगी, जिसे पार्टी 'ट्रिंपल इंजन' कहती है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के तुरंत बाद आम आदमी पार्टी के तीन निगम पार्षदों के भाजपा में जाने से उनकी संख्या 115 हो गई है। वहीं, आप के पास 116 पार्षद बचे हैं। मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव में पार्षदों के साथ 14 मनोनीत विधायक भी वोट करते हैं। माना जा रहा है कि इनमें से 13 भाजपा के होंगे। इसके अलावा, लोकसभा और राज्यसभा के 10 सांसद भी वोटिंग में हिस्सा लेते हैं। इनमें से 7 भाजपा के हैं। साथ ही, 12 पार्षद अब विधायक बन चुके हैं। उन सीटों पर भी चुनाव होने हैं।
विधानसभा चुनाव के बाद बदला गणित
पार्षदों के विधायक बनने के बाद निगम सदन में 250 वार्ड में से कुल 238 पार्षद मौजूद हैं। 12 वार्ड में आने वाले समय में उपचुनाव होंगे। भाजपा के आठ पार्षद और आम आदमी पार्टी के तीन पार्षद विधानसभा चुनाव जीते थे। द्वारका बी वार्ड से भाजपा की पार्षद रह चुकी कमलजीत सहरावत बीते वर्ष लोकसभा चुनाव जीत कर पश्चिमी दिल्ली से सांसद बनी थीं।
इन पार्षदों ने जीता विधानसभा चुनाव
भाजपा के मुंडका से पार्षद रहे गजेंद्र दराल ने मुंडका विधानसभा से , शालीमार बाग बी वार्ड से पार्षद रहीं रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग से, नारायणा वार्ड से पार्षद रहे उमंग बजाज ने राजेंद्र नगर विधानसभा से, ग्रेटर कैलाश से पार्षद रही शिखा रॉय ने ग्रेटर कैलाश विधानसभा से, विनोद नगर से पार्षद रहे रविंद्र सिंह नेगी ने पटपड़गंज विधानसभा से, अशोक विहार से पार्षद रही पूनम शर्मा ने वजीरपुर विधानसभा से, संगम विहार से पार्षद रहे चंदन कुमार चौधरी संगम विहार विधानसभा से और दिचाऊं कलां से पार्षद रहीं नीलम पहलवान ने नजफगढ़ से विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। इसके अलावा भाजपा के सिविल लाइंस जोन से मनोनीत पार्षद राज कुमार भाटिया ने आदर्श नगर विधानसभा सीट से चुनाव जीता है। साथ ही, आम आदमी पार्टी के पार्षद रहे आले मोहम्मद इकबाल ने मटिया महल विधानसभा से, दक्षिणपुरी से पार्षद रहे प्रेम चौहान ने देवली से और चांदनी चौक से पार्षद रहे पुनरदीप सिंह चाहनी चांदनी चौक विधानसभा से चुनाव जीता है।
अब यह है निगम की स्थिति
भाजपा- 115 पार्षद
आम आदमी पार्टी- 116 पार्षद
कांग्रेस- 07
कुल 238
खाली सीट 12