दिल्ली में यमुना रिवर फ्रंट बनाएगी BJP, केजरीवाल को टाइम बता डुबकी के लिए न्योता
अमित शाह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के घोषणा-पत्र का तीसरा भाग जारी किया। अमित शाह ने केजरीवाल पर यमुना की सफाई, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने के वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया।

केंद्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा के कद्दावर नेता अमित शाह ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के घोषणा-पत्र का तीसरा भाग जारी किया। अमित शाह ने केजरीवाल पर यमुना की सफाई, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने के वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। शाह ने कथित घोटालों का हवाला देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार का स्तर कभी इतना ऊंचा नहीं रहा, जितना अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी की सरकार में है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि दिल्ली में गरीबों के लिए कोई कल्याणकारी योजना बंद नहीं की जाएगी। इसके साथ ही भाजपा अपने वादे भी पूरे करेगी। इसके साथ ही शाह ने केजरीवाल और AAP सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केजरीवाल ने वादा किया था कि 7 साल में मैं यमुना को एकदम शुद्ध कर दूंगा। उनका यह भी कहना था कि मैं दिल्लीवालों के सामने यमुना में डुबकी लगाऊंगा।
शाह ने कहा- अब दिल्ली की आवाम केजरीवाल की उस विश्वप्रसिद्ध डुबकी की राह देख रही है कि आखिरकार वह डुबकी कब लगाएंगे। इसके साथ ही अमित शाह ने यमुना को लेकर एक बड़ा वादा भी किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सत्ता में आने के बाद भाजपा तीन साल में यमुना साफ कर देगी। सरकार बनने के बाद भाजपा यमुना को नुनर्जीवित करेगी। भाजपा की सरकार यमुना रिवर फ्रंट बनाएगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा और यूपी सरकार के सहयोग से महाभारत कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। इतना ही नहीं साबरमती रिवर फ्रंट की तर्ज पर यमुना रिवर फ्रंट का निर्माण किया जाएगा। मैं अरविंद केजरीवाल को आमंत्रित करता हूं कि हमारी सरकार बनने के तीन साल बाद वह अपने परिवार के साथ यमुना रिवर फ्रंट आकर यमुना में डुबकी लगा लेंगे।