भाजपा एक इच्छाधारी नाग; अरविंद केजरीवाल को मिली राहत से कांग्रेस क्यों दुखी?
कांग्रेस नेता ने कहा, चुनाव आ रहे हैं। इसलिए पटकथा भी एकदम अनुमानित है। कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामलों में अचानक तेजी आ जाएगी, पी. चिदंबरम जी को फिर से सुर्खियों में घसीटा जा रहा है क्योंकि तमिलनाडु में चुनाव होने वाले हैं।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित 23 आरोपियों को बड़ी राहत देते हुए यहां की एक अदालत ने इन सभी को शराब घोटाले के एक मामले में शुक्रवार को आरोपों से मुक्त कर दिया। हालांकि इस फैसले से कांग्रेस ज्यादा खुश नहीं है और उसे इसमें भी साजिश दिखाई दे रही है। इस बारे में प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि भाजपा एक इच्छाधारी नाग है, जो कांग्रेस को हराने के लिए किसी भी हद तक गिर सकती है। उन्होंने कहा कि यह फैसला इसलिए आया है ताकि आने वाले गुजरात और पंजाब चुनाव में कांग्रेस को नुकसान पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने सहयोगियों केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को नहला-धुलाकर पेश करना चाहती है, ताकि वह अपना कांग्रेस मुक्त भारत का जुनूनी लक्ष्य पूरा कर सके। उन्होंने कहा कि प्रतिशोध को शासन बनाना और जांच एजेंसियों को चुनावी औजार की तरह इस्तेमाल करना ही भाजपा का असली खेल है।
केजरीवाल के आरोप मुक्त होने पर कांग्रेस नेता ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि जो भी भाजपा की राजनीति को समझता है, उसे इस बात से जरा भी हैरानी होगी, वह तो इस चीज के लिए तैयार था। क्योंकि आने वाले कुछ सालों में, कुछ महीनों में गुजरात और पंजाब में चुनाव होने हैं, उसके लिए अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को नहला-धुलाकर फिर से सबके सामने पेश किया जा रहा है, ताकि कांग्रेस को कमजोर किया जाए।
'भाजपा की एकमात्र दुश्मन कांग्रेस पार्टी है'
आगे उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस को कमजोर करने की कड़ी में कल आपने देखा होगा कि किस तरह चिदंबरम साहब के खिलाफ सेंक्शन फॉर प्रोसिक्यूशन आ गया, क्योंकि तमिलनाडु में चुनाव है। पिछले हफ्ते आपने मेरठ में देखा कि कांग्रेस को नीचा दिखाने के लिए प्रधानमंत्रीजी ने तृणमूल कांग्रेस तक की तारीफ कर दी, तो भारतीय जनता पार्टी का असली दुश्मन सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस पार्टी है, जिसके खिलाफ वह जहर उगलते हैं, जिसके खिलाफ वह कांग्रेस मुक्त भारत का नारा देते हैं।’
'भाजपा एक इच्छाधारी नाग, जिसके बाद रूप बदलने की शक्ति'
उधर इस बारे में सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए पवन खेड़ा ने लिखा, 'भाजपा कोई राजनीतिक दल नहीं है। वह एक इच्छाधारी नाग है जिसके पास रूप बदलने की शक्ति है। उसका एक ही जुनूनी लक्ष्य है, कांग्रेस को हराना और कांग्रेस मुक्त भारत बनाना। इस लक्ष्य के लिए वह किसी भी स्तर तक गिर सकती है। 12 वर्षों तक उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ जहर उगला। और अब? नरेंद्र मोदी स्वयं उसकी प्रशंसा कर रहे हैं वो भी सम्मान के कारण नहीं, बल्कि कांग्रेस पर वार करने के लिए।'
'गुजरात व पंजाब चुनाव की वजह से AAP नेताओं को मिलेगी राहत'
आगे उन्होंने लिखा, 'चुनाव आ रहे हैं। इसलिए पटकथा भी एकदम अनुमानित है। कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामलों में अचानक तेजी आ जाएगी, पी. चिदंबरम जी को फिर से सुर्खियों में घसीटा जा रहा है क्योंकि तमिलनाडु में चुनाव होने वाले हैं। वहीं दूसरी ओर, उनके आम आदमी पार्टी में 'सुविधाजनक सहयोगियों' और अन्य लोगों के खिलाफ चल रही कार्यवाहियां गुजरात और पंजाब चुनावों के मद्देनज़र चुपचाप ठंडी पड़ जाएंगी। यही भाजपा का असली खेल है, प्रतिशोध को शासन बनाना और जांच एजेंसियों को चुनावी औजार की तरह इस्तेमाल करना।'
उधर इस मामले में दिल्ली की अदालत का फैसला आने के बाद केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को निचली अदालत के फैसले को दिल्ली उच्च न्यायालय में चुनौती देने का निर्णय लिया है। इससे पहले अपने फैसले में विशेष न्यायाधीश जितेंद्र सिंह ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत चार्जशीट में नामजद किसी भी व्यक्ति के खिलाफ आरोप तय करने से इनकार कर दिया था।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।


