दूसरी लिस्ट में BJP ने 5 महिला उम्मीदवारों को उतारा, AAP से आईं नेता को भी टिकट
- शनिवार को जारी नामों में एक नाम हाल ही में भाजपा में आईं प्रियंका गौतम का भी है, जिन्हें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कोंडली विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट शनिवार रात को जारी कर दी। इस लिस्ट में कुल 29 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए। आज घोषित नामों में 5 महिलाएं भी हैं, जिनमें से एक हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में आई हैं। इससे पहले पार्टी की पहली लिस्ट में सिर्फ दो महिला प्रत्याशी रेखा गुप्ता और कुमारी रिंकू का नाम था, जिन्हें क्रमशः शालीमार बाग व सीमापुरी से टिकट दिया गया है।
दूसरी लिस्ट में शामिल 5 महिला कैंडिडेट
1- मटिया महल- श्रीमती दीप्ति इंदौरा
2- मादीपुर (अजा)- श्रीमती उर्मिला कैलाश गंगवाल
3- तिलक नगर- श्रीमती श्वेता सैनी
4- नजफगढ़- श्रीमती नीलम पहलवान
5- कोंडली (अजा)- श्रीमती प्रियंका गौतम
इस तरह दोनों सूची मिलाकर पार्टी ने अबतक 58 उम्मीदवारों में से कुल 7 महिलाओं को टिकट दिया है।
पिछले महीने भाजपा में आईं प्रियंका को मिला टिकट
शनिवार को जारी नामों में एक नाम हाल ही में भाजपा में आईं प्रियंका गौतम का भी है, जिन्हें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कोंडली विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। वे पिछले महीने 25 दिसंबर को ही अपने समर्थकों के साथ AAP छोड़कर भाजपा में आई थीं। दिल्ली नगर निगम में घड़ोली से आम आदमी पार्टी की पार्षद प्रियंका ने तब कहा था कि वह नई उम्मीदों के साथ AAP में शामिल हुई थीं, लेकिन उन्हें पता चला कि उस पार्टी में जाटव समुदाय के लिए कोई सम्मान नहीं है। उन्होंने केजरीवाल पर जाटव समुदाय और भीम राम आंबेडकर के अन्य अनुयायियों का केवल राजनीतिक लाभ के लिए शोषण करने का आरोप लगाया था।
अबतक 58 उम्मीदवारों के नाम घोषित, 12 सीटें अब भी बाकीं
पहली और दूसरी सूची को मिलाकर भाजपा ने अबतक कुल 58 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। दोनों ही सूची में पार्टी ने 29-29 नामों की घोषणा की है। इस तरह 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए पार्टी अबतक 58 नाम घोषित कर चुकी है, और अब सिर्फ 12 सीटों पर नामों की घोषणा बाकी है। जिन्हें भी जल्द ही घोषित किया जा सकता है।
(भाषा इनपुट के साथ)