bjp balanced many equations with give delhi cm post to rekha gupta रेखा गुप्ता को सीएम बना BJP ने साधे कई समीकरण, वैश्य समुदाय के साथ निशाने पर बड़ा वोट बैंक, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़bjp balanced many equations with give delhi cm post to rekha gupta

रेखा गुप्ता को सीएम बना BJP ने साधे कई समीकरण, वैश्य समुदाय के साथ निशाने पर बड़ा वोट बैंक

भाजपा ने रेखा गुप्ता को दिल्ली का सीएम बनाया है। भाजपा के दिल्ली प्रदेश मुख्यालय में हुई नवनिर्वाचित विधायक दल की बैठक में यह फैसला लिया गया। माना जा रहा है कि रेखा गुप्ता को सीएम बनाकर भाजपा ने एक साथ कई समीकरण साधे हैं।

Krishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीWed, 19 Feb 2025 09:59 PM
share Share
Follow Us on
रेखा गुप्ता को सीएम बना BJP ने साधे कई समीकरण, वैश्य समुदाय के साथ निशाने पर बड़ा वोट बैंक

रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। भाजपा के दिल्ली प्रदेश मुख्यालय में हुई नवनिर्वाचित विधायक दल की बैठक में केन्द्रीय पर्यवेक्षक रविशंकर प्रसाद, ओमप्रकाश धनखड़ और चुनाव प्रभारी बैजयंत जय पांडा की मौजूदगी में रेखा गुप्ता को नेता चुना गया। हालांकि भाजपा ने दिल्ली में अभी कोई उपमुख्यमंत्री नहीं चुना है। इस तरह दिल्ली का ताज पहली बार विधायक बनी रेखा गुप्ता के सिर पर होगा। माना जा रहा है कि रेखा गुप्ता को सीएम बनाकर भाजपा ने एक साथ कई समीकरण साधे हैं।

महिला वोट बैंक को साधने की कोशिश

माना जा रहा है कि भाजपा आलाकमान का यह फैसला महिला मतदाताओं को साधने के लिए भाजपा की ओर से उठाया गया बड़ा दांव है। विश्लेषकों की मानें तो दिल्ली में एक महिला को सीएम बनाकर भाजपा ने दिल्ली के साथ-साथ पूरे देश में महिला मतदाताओं को साधने की कोशिश की है।

महिला वोटर्स का दबदबा

गौरतलब है कि दिल्ली में महिला वोटर्स का दबदबा रहा है। इस बार भी चुनावों में महिलाओं ने वोटिंग के मामले में पुरुषों को पीछे छोड़ दिया था। निर्वाचन आयोग के आंकड़े बतलाते हैं कि दिल्ली की अधिकांश सीटों पर महिला मतदाताओं का वोटिंग परसेंटेज पुरुषों से ज्यादा था। सनद रहे केजरीवाल ने भी बीते चुनावों में महिला वोटर्स को साधने के लिए तमाम घोषणाएं की थी।

वैश्य समुदाय को भी साधने का प्रयास

भाजपा ने रेखा गुप्ता को दिल्ली का सीएम बनाकर वैश्य समुदाय के मतदाताओं को भी साधने की कोशिश की है। रेखा गुप्ता वैश्य समुदाय से आने वाली भाजपा की इकलौती महिला सीएम होंगी। यही नहीं वह वैश्य समुदाय से आने वाली एक मात्र सीएम भी होंगी। विश्लेषकों की मानें तो रेखा गुप्ता को सीएम बनाकर भाजपा ने दिल्ली ही नहीं पूरे देश के वैश्य समाज को साधने का प्रयास किया है।

केजरीवाल और आतिशी की काट

केजरीवाल सियासत के माहिर खिलाड़ी माने जाते हैं। वह आरोपों के सहारे सियासत को साधते रहे हैं। ऐसा भी हो सकता है कि बदली परिस्थितियों में केजरीवाल आतिशी को नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंप दें। यदि ऐसा होता है तो रेखा गुप्ता भाजपा के लिए ट्रंप कार्ड साबित हो सकती हैं। केजरीवाल भी रेखा गुप्ता पर महिला होने के नाते अनर्गल आरोप लगाने से बचने की कोशिश करेंगे। रेखा गुप्ता AAP की आतिशी का भी तगड़ा पलटवार कर सकेंगी।

ये भी पढ़ें:रेखा गुप्ता के CM बनने पर क्यों खुश हो गईं AAP की आतिशी मार्लेना
ये भी पढ़ें:कैसे दिल्ली में महिला CM देकर BJP ने अरविंद केजरीवाल के आगे खींची ‘लक्ष्मण रेखा’

हरियाणा को भी साधा

रेखा गुप्ता का हरियाणा से भी खास नाता रहा है। उनका जन्म जींद में हुआ था। केजरीवाल भी हरियाणा के हिसार से आते हैं। ऐसे में भाजपा ने रेखा गुप्ता को सीएम बनाकर दिल्ली में रहने वाले हरियाणवी समाज को भी साधाने की कोशिश की है। साथ ही रेखा गुप्ता को दिल्ली की कमान देकर केजरीवाल की काट लाने कोशिश की है।

RSS की भी करीबी

मौजूदा वक्त में रेखा गुप्ता भाजपा शासित राज्यों में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होंगी। रेखा गुप्ता दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की पूर्व अध्यक्ष रह चुकी हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से विधि स्नातक रेखा गुप्ता ने साल 1992 में ABVP की सदस्य के रूप में सियासत में कदम रखा था। रेखा गुप्ता RSS की भी करीबी मानी जाती हैं। खासतौर पर वह महिलाओं से जुड़े मामलों को जोरशोर से उठाती रही हैं। रेखा गुप्ता भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य भी हैं।

अगला लेखऐप पर पढ़ें