
यीडा की अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी का भूमि पूजन 26 जून को होगा, फर्स्ट फेज में होंगे क्या काम
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में विकसित होने वाली अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी का भूमि पूजन 26 जून की शाम 5 बजे होगा। इस समारोह में फिल्म निर्माता बोनी कपूर और बॉलीवुड के कलाकार शामिल होंगे। भूमि पूजन के बाद पहले चरण का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में विकसित होने वाली अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी का भूमि पूजन 26 जून की शाम 5 बजे होगा। इस समारोह में फिल्म निर्माता बोनी कपूर और बॉलीवुड के कलाकार शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी आने की संभावना है। हालांकि, वह ऑनलाइन भी जुड़ सकते हैं। भूमि पूजन के बाद पहले चरण का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
पहले चरण में फिल्म स्टूडियो और साउंड स्टेज बनकर तैयार होंगे। विश्वस्तरीय फिल्म सिटी डेढ़ साल में बनकर तैयार होगी। पहला फेज 18 माह में पूरा हो जाएगा। इसके निर्माण पर 900 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
बोनी कपूर का कहना है कि पहले चरण में स्टूडियो के साथ साउंड स्टेज का निर्माण किया जाएगा और यहां फिल्मों की शूटिंग भी शुरू हो जाएगी। फिल्म सिटी का निर्माण शुरू करने के लिए विकासकर्ता कंपनी बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड ने पिछले माह यमुना विकास प्राधिकरण में मानचित्र स्वीकृति के लिए सौंपा था।
कॉन्ट्रैक्ट के अनुसार 27 जून तक फिल्म सिटी का शिलान्यास न होने पर प्रतिदिन डेढ़ लाख रुपये के हिसाब से जुर्माना लगाने की शर्त है। कई बार भूमि पूजन की तारीख टलने के बाद अब 26 जून का कार्यक्रम तय हो गया है। अधिकारी के मुताबिक, पहले चरण को भी तीन फेज-ए, बी और सी में बांटा गया है। फेज-ए में साउंड स्टेज, बी में फिल्म यूनिवर्सिटी और सी में स्थायी स्टूडियो बनेंगे।
यमुना प्राधिकरण से लेआउट प्लान को मंजूरी मिल चुकी
बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी के महाप्रबंधक राजीव अरोड़ा ने बताया कि यमुना प्राधिकरण ने बीते सोमवार को फिल्म सिटी के पहले चरण के लेआउट प्लान को मंजूरी दे दी थी। पहले फेज में फिल्म स्टूडियो विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही, रनवे, हेलीपैड, संसद भवन जैसी गैलरी, समुद्र और चारधाम के सेट तैयार होंगे।
फिल्म विश्वविद्यालय में आठ स्कूल बनेंगे
योजना के मुताबिक, फिल्म विश्वविद्यालय में आठ स्कूल होंगे, जो नाट्य और संगीत की अलग-अलग विधाओं के लिए समर्पित होंगे। इसके अलावा निर्माण से संबंधित पूरा ढांचा एंफी थियेटर, एडिटिंग रूम, स्टेज, कैफेटिरिया, आडिटोरियम आदि होंगे।
आशीष भूटानी, सीईओ, भूटानी इंफ्रा, ''फिल्म सिटी का भूमि पूजन कार्यक्रम 26 जून को तय हो गया है। समारोह में कई बॉलीवुड कलाकार शामिल होंगे। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम भी संभावित है।''





