
भंगेल एलिवेटेड रोड बनकर तैयार कब तक उद्घाटन का इंतजार? लोगों को हो रही परेशानी
नोएडा में डीएससी मार्ग पर बनी भंगेल एलिवेटेड रोड का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन मुख्यमंत्री के व्यस्त कार्यक्रम के कारण इसके उद्घाटन में देरी हो रही है, जिससे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर जाम कम करने के लिए तैयार इस सड़क के खुलने का लोगों को बेसब्री से इंतजार है।
दादरी-सूरजपुर-छलेरा यानी डीएससी मार्ग पर भंगेल एलिवेटेड रोड बनकर तैयार है। इसके शुभारंभ का कार्यक्रम तय न होने के कारण परियोजना का इंतजार बढ़ गया है। इस कारण लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर जाम में कमी लाने के लिए भंगेल एलिवेटेड रोड तैयार हो चुका है। सिर्फ नीचे की सड़क की मरम्मत, नाला बनाने और सफाई से संबंधित काम बचे हैं। इनको पूरा होने में चार-पांच महीने का समय लगेगा। नोएडा प्राधिकरण इस एलिवेटेड रोड का शुभारंभ कराने के लिए करीब एक महीने से प्रयासरत है, लेकिन शासन स्तर से हरी झंडी नहीं मिल पा रही है। मुख्यमंत्री पिछले महीने दो बार ग्रेटर नोएडा आए। एक बार यूपी ट्रेड शो में प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियों का जायजा लेने और फिर शुभारंभ वाले दिन आए।
मुख्यमंत्री का व्यस्त कार्यक्रम होने से परियोजनाओं के शुभारंभ का समय नहीं मिल पाया। अब 30 अक्तूबर को जेवर में बन रहे नोएडा एयरपोर्ट के शुभारंभ होने के कयास लगाए जा रहे हैं। इसका शुभारंभ करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ सकते हैं। ऐसे में संभावना थी कि दीवाली से पहले मुख्यमंत्री जेवर आ सकते हैं। ऐसे में नोएडा प्राधिकरण ने मुख्यमंत्री कार्यालय से परियोजनाओं के शुभारंभ के लिए समय मांगा।
लोग अवरोधक हटाकर वाहन निकाल चुके
एलिवेटेड रोड से सफर करने के लिए लोग आतुर हैं। यही वजह है कि बीते एक महीने में कई बार प्राधिकरण की ओर से लगाए गए अवरोधकों को हटाकर लोग वाहनों को लेकर निकाल चुके हैं।



