Hindi Newsएनसीआर NewsBhangel elevated road noida under dirt stench encroachment become problem for bhangel market businessmen
भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे फैली गंदगी और बदबू से घटा कारोबार, अतिक्रमण भी बना समस्या

भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे फैली गंदगी और बदबू से घटा कारोबार, अतिक्रमण भी बना समस्या

संक्षेप:

नोएडा के भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे शहर का सबसे पुराना भंगेल और सलारपुर का बाजार है। एलिवेटेड रोड बनाने के बावजूद इन बाजारों की प्राधिकरण ने सुध नहीं ली। यहां फैली गंदगी, बदबू और अतिक्रमण के कारण कारोबार प्रभावित हुआ है।  

Nov 07, 2025 07:25 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नोएडा
share Share
Follow Us on

नोएडा के भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे शहर का सबसे पुराना भंगेल और सलारपुर का बाजार है। एलिवेटेड रोड बनाने के बावजूद इन बाजारों की प्राधिकरण ने सुध नहीं ली। यहां फैली गंदगी, बदबू और अतिक्रमण के कारण कारोबार प्रभावित हुआ है। व्यापारियों को उम्मीद है कि एलिवेडेट रोड शुरू होने के बाद उन्हें भी परेशानी से राहत मिलेगी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

शहर की सबसे बड़ी मार्केट में भंगेल-सलारपुर की मार्केट शामिल है। इस मार्केट में रोजाना हजारों लोग खरीदारी करने आते हैं। हर दिन का कारोबार भी एक करोड़ रुपये से अधिक का होता है। कारोबार के मामले में सेक्टर-27 अट्टा और सेक्टर-18 मार्केट के बाद भंगेल तीसरे नंबर की मार्केट है। बीस हजार दुकानों पर करीब 50 से 60 हजार लोगों को रोजगार भी मिल रहा है। परंतु बाजार की मुख्य सड़क पर एलिवेटेड रोड बनाने के बाद नीचे सड़क पर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया गया। सड़क पर गंदगी की भरमार है। रही-सही कसर रेहड़ी-पटरी वालों ने पूरी कर दी। सड़क पर चार पहिया वाहन चालकों का निकलना भी मुश्किल हो गया है।

रेहड़ी-पटरी की वजह से जाम की स्थिति बनी हुई है। व्यापारी संदीप त्यागी ने बताया कि 1980 के दशक में कुछ दुकानें शुरू हुई थीं, तब गिनती के लोग ही बाजार में खरीदारी करने आते थे। फिर 1990 के दशक में मार्केट का विस्तार होना तेजी से शुरू हो गया। ग्राहकों की बढ़ी संख्या को देखते हुए मार्केट का विस्तार होता चला गया। अब मार्केट में चार मॉल भी आ गए हैं। जिन पर हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ रहती है। आज छोटी-बड़ी करीब बीस हजार से अधिक दुकानें है। शहर के सबसे ज्यादा उपभोक्ता इस मार्केट में ही खरीदारी करने आते हैं। यहां लोगों की जरूरतों की सभी वस्तुएं उचित कीमत पर मिलती है, परंतु सुविधाओं के नाम पर बाजार में कुछ नहीं है।

गलियों में अतिक्रमण : मुख्य सड़क से गांव के प्रवेश गलियों पर भी जाने के स्थान पर अतिक्रमण हो गया है। रेहड़ी-पटरी और वाहनों की पार्किंग हो गई है। यह पता नहीं चलता है कि गांव की गली में प्रवेश के लिए आगे यू-टर्न कहां मिलेगा। पुलिस को इस ओर ध्यान देना होगा।

सीईओ ने भरोसा दिया

व्यापारी एसोसिएशन ने बताया कि उनका प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को सीईओ से मिला। उन्होंने बताया कि सीईओ ने जल्द सड़क बनाने का आश्वासन दिया। सीईओ ने बताया कि पहली एजेंसी ने कार्य करने से इंकार कर दिया है। अब दूसरी एजेंसी का चयन किया जाएगा। अतिक्रमण के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोप है कि कुछ व्यापारी ही रेहड़ी-पटरी लगवा रहे हैं।

दुकानों का किराया भी एक चौथाई हो गया

बाजार की दुर्गति के चलते दुकानों का किराया भी एक-चौथाई रहा है। व्यापारियों का कारोबार भी बहुत कम हो गया है। व्यापारी बाजार में जल्द रौनक आने की उम्मीद लगा रहे हैं। बाजार की दुर्दशा के चलते कुछ दुकानें भी बंद हो गई हैं।

अरुण त्यागी, व्यापारी भंगेल, ''एलिवेटेड रोड तो बन गया पर इसके नीचे गंदगी और अतिक्रमण का जमघट लगा हुआ है। आरोप है पुलिस और प्राधिकरण की मिलीभगत से रेहड़ी और पटरी लगवाई जा रही हैं। कई बार स्थिति ऐसी हो जाती है कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है।''

मनोज गोयल, अध्यक्ष, भंगेल-सलारपुर मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन, ''बाजार में फैली तमाम समस्याओं के समाधान की कई बार प्राधिकरण अधिकारियों से मांग कर चुके हैं। हर बार अधिकारी आश्वासन देकर पल्ला झाड़ ले रहे हैं। बाजार में समस्याएं जस की तस बनी हुई है।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।