काम की बात: भंगेल एलिवेटेड रोड के पास अब कम मिलेगा जाम, नोएडा प्राधिकरण ने कर डाला यह काम

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, नोएडा
share

भंगेल एलिवेटेड रोड शुरू होने से डीएससी रोड पर लगने वाले भारी जाम से राहत मिली है और सेक्टर-41 (अगाहपुर) से NSEZ तक का सफर, जो पहले 30-40 मिनट में पूरा होता था, अब महज 8-10 मिनट में पूरा हो रहा है।

भंगेल एलिवेटेड रोड के पास अब कम मिलेगा जाम, नोएडा प्राधिकरण ने कर डाला यह काम

नोएडा के दादरी-सूरजपुर-छलेरा (DSC) रोड पर बने भंगेल एलिवेटेड रोड के पास सड़क चौड़ी करने के लिए रविवार को कुछ हिस्से में नोएडा प्राधिकरण ने फुटपाथ तोड़ दिए। सड़क चौड़ी होने से यहां जाम में कमी आएगी। हालांकि, यहां पर बना यू-टर्न जाम की बड़ी वजह बन रहा है।

भंगेल एलिवेटेड रोड सेक्टर-41 आगाहपुर से शुरू होकर फेज टू के गंदे नाले के पास तक बना हुआ है। सेक्टर-41 आगाहपुर के सामने से चढ़ते समय लोगों को रोजाना जाम में फंसना पड़ता है। अभी तक इसकी दो वजह थी। पहली, एलिवेटेड रोड पर चढ़ने से पहले एक तरफ सड़क का फुटपाथ तो दूसरी तरफ डिवाइडर का होना है। दूसरा, एलिवेटेड रोड पर चढ़ने से पहले ही यू-टर्न बना हुआ है। यू-टर्न लेकर सेक्टर-42, 45 सदरपुर आदि क्षेत्र की ओर आने वाले लोगों की वजह से एलिवेटेड रोड पर जाने वालों को भी जाम में फंसना पड़ता है।

नोएडा प्राधिकरण ने रविवार को यहां पर जाम में कमी लाने के लिए कुछ सुधार किया। आगाहपुर की तरफ बने फुटपाथ को कुछ हिस्से में तोड़ दिया। इससे संबंधित हिस्सा सड़क के बराबर आ गया है। इससे एलिवेटेड रोड के नीचे से सीधे सेक्टर-49 चौराहे की ओर जाने वाले वाले लोग आसानी से जा सकेंगे। इसका फायदा सीधे एलिवेटेड रोड पर चढ़ने वालों को भी मिलेगा।

फेज टू की ओर भी जाम

एलिवेटेड रोड पर सेक्टर-41 आगाहपुर की ओर से चढ़ने के बाद लोग फेज टू की ओर गंदे नाले के पास उतरते हैं। एलिवेटेड रोड से उतरते ही गंदे नाले के पास भी रोजाना जाम की समस्या हो रही है। वाहन चालक विपरीत दिशा में आकर जाम का कारण बन रहे हैं। यहां भी ट्रैफिक पुलिस व प्राधिकरण ने मिलकर जाम से बचाने की कोई योजना तैयार नहीं की है।

भंगेल रोड से इन सेक्टरों को हुआ सीधा फायदा

भंगेल एलिवेटेड रोड शहर की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक है। इस परियोजना का निर्माण कार्य जून 2020 में शुरू हुआ था। कोविड-19 और फंड की कमी के कारण इसके काम में कई बार देरी हुई। 5.5 किमी लंबे इस एलिवेटेड रोड के निर्माण में 600 करोड़ रुपये की लागत आई है। इसका निर्माण कार्य अगस्त 2025 तक लगभग पूरा हो गया था, और नवंबर 2025 में इसे आम जनता के लिए ट्रायल और आवाजाही के लिए खोल दिया गया।

लाभान्वित इलाके: इस एलिवेटेड रोड के बनने से नोएडा के सेक्टर 41, 49, 50, 51, 82, 101, 106, 110, बरौला, सलारपुर और भंगेल जैसे इलाकों को सीधा फायदा हुआ है।

मुख्य लाभ: इस रोड के शुरू होने से डीएससी रोड पर लगने वाले भारी जाम से राहत मिली है और सेक्टर-41 (अगाहपुर) से NSEZ तक का सफर, जो पहले 30-40 मिनट में पूरा होता था, अब महज 8-10 मिनट में पूरा हो रहा है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।