भजनपुरा-यमुना विहार रूट पर खत्म होगा जाम, दिल्ली के पहले डबल-डेकर फ्लाईओवर का काम तेज

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

Delhi News : दिल्ली के पहले डबल-डेकर कॉरिडोर पर अब वाहनों की रफ्तार भी दिखेगी। मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद DMRC ने अब फ्लाईओवर के रैंप बनाने की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगले 6 महीनों में यमुना विहार से भजनपुरा के बीच वाहन चालक फ्लाईओवर का इस्तेमाल कर सकेंगे।

भजनपुरा-यमुना विहार रूट पर खत्म होगा जाम, दिल्ली के पहले डबल-डेकर फ्लाईओवर का काम तेज

Delhi News : दिल्ली में पिंक लाइन पर डबल डेकर कॉरिडोर के अधूरे पड़े फ्लाईओवर का निर्माण पूरा करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीद है कि अगले डेढ़-दो महीने में टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके बाद छह माह में इस कॉरिडोर के फ्लाईओवर का रैंप बनकर तैयार हो जाएगा।

इससे दिल्ली के पहले डबल डेकर कॉरिडोर पर वाहन भी जल्द रफ्तार भर सकेंगे। फेज चार में बने पिंक लाइन एक्सटेंशन के मौजपुर-मजलिस पार्क कॉरिडोर पर यमुना विहार से भजनपुरा के बीच डबल डेकर का निर्माण मेट्रो कॉरिडोर के साथ शुरू हुआ था। इस कॉरिडोर के सबसे ऊपरी डेक पर मेट्रो का कॉरिडोर बनाया गया है। जिस पर आठ मार्च से मेट्रो का परिचालन शुरू हो चुका है, लेकिन फ्लाईओवर का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। 1.4 किलोमीटर के इस कॉरिडोर पर फ्लाईओवर का वायाडक्ट बन चुका है।

फ्लाईओवर के दोनों तरफ रैंप बनेंगे

अब डीएमआरसी ने फ्लाईओवर के दोनों तरफ रैंप बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुल के दोनों ओर रैंप बनाकर उसे सड़क से जोड़ा जाएगा। इसके बाद यह कॉरिडोर वाहनों के आवागमन के लिए भी तैयार हो जाएगा।

डीएमआरसी 90 नए कोच खरीदेगा

दिल्ली मेट्रो फेज चार के इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर के लिए 90 नए मेट्रो कोच खरीदेगा। इससे छह कोच की 15 नई मेट्रो ट्रेन तैयार हो सकेंगी। डीएमआरसी ने इन नई ट्रेन को खरीदने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर मजेंटा लाइन का एक्सटेंशन है। इसके बनकर तैयार होने पर इन नई स्वचालित मेट्रो ट्रेन का परिचालन होगा। खास बात यह है कि डीएमआरसी फेज चार की परियोजनाओं के लिए अब तक कुल 470 नए मेट्रो कोच खरीदने की पहल कर चुकी है। इससे मेट्रो नेटवर्क में ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी।

वर्ष 2029 तक बनकर तैयार होना है

इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर के लिए स्टैंडर्ड गेज के 90 कोच खरीदने की प्रक्रिया शुरू हुई है। इस कॉरिडोर के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है और यह वर्ष 2029 तक बनकर तैयार हो जाएगा। इसलिए इस कॉरिडोर के लिए खरीदी जा रही मेट्रो ट्रेन अगले पांच वर्षों में चरणबद्ध तरीके से मेट्रो नेटवर्क में शामिल होंगी। फेज पांच ए में स्वीकृत आरके आश्रम-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर भी मजेंटा लाइन का एक्सटेंशन है। इस वजह से फेज चार व फेज पांच ए की परियोजनाएं पूरी होने पर मजेंटा लाइन की लंबाई 89 किलोमीटर हो जाएगी। ऐसे में आगे चलकर मजेंटा लाइन पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की जरूरत पड़ेगी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।