वैन के नीचे आने के बावजूद चमत्कार, बाल-बाल बचा मासूम; VIDEO देख दहल जाएगा दिल
बल्लभगढ़ में छह साल का एक बच्चा स्कूल वैन के नीचे आ गया। वैन बच्चे के ऊपर से गुजर गई लेकिन मासूम बाल-बाल बच गया। बच्चे के सिर में चोट आई। उसे अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
अशोक जैन, बल्लभगढ़
फरीदाबाद के पास के बल्लभगढ़ में स्कूल वैन की चपेट में आने के बाद भी एक 6 साल का बच्चा चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया। स्कूल से आने के बाद जब बच्चे ने अनुज को घर के पास उतारा तो वह वैन के नीचे आ गया। इसी दौरान ड्राइवर ने वैन चला दी, जिससे बच्चा वैन के नीचे चला गया। चमत्कारिक रूप से वह पहियों की चपेट में नहीं आया। उसको केवल सिर में हल्की चोट आई। उसे घर भेज दिया गया। हादसे का खौफनाक वीडियो वायरल हो रहा है।
वायरल हो रहा वीडियो
इस हैरान कर देने वाले हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हादसे का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। वीडियो में साफ-साफ देखा जा सकता है कि गंभीर स्थिति के बाद भी मासूम चमत्कारिक रूप से कैसे बच जाता है।
बच्चे को उतारा और आगे बढ़ा दी वैन
वीडियो में साफ-साफ देखा जा सकता है कि 6 साल का अनुज शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी के बाद वैन से आरटीएस कॉलोनी स्थित अपने घर पहुंचता है। ड्राइवर ने बच्चे को वैन से नीचे उतारता है। वहीं बच्चा वैन के आगे से होकर अपने घर की ओर जाने लगता है। इसी दौरान चालक को दिखाई नहीं देता और वह वैन आगे बढ़ा देता है।
टक्कर लगते ही नीचे गिरा, ऊपर से गुजरी वैन
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि वैन की टक्कर लगते ही बच्चा सड़क पर गिर जाता है। वह वैन के नीचे चला जाता है लेकिन पहियों के नीचे आने से बाल-बाल बच जाता है। वैन उसके ऊपर से निकल जाती है। मौके पर मौजूद लोगों की नजर जैसे पड़ती है, घटनास्थल की और दौड़ते हैं।
20 मीटर आगे जाकर रोकी वैन
वैन गुजरने के बाद बच्चा चमत्कारिक रूप से उठकर खड़ा हो जाता है। हादसे के बाद ड्राइवर ने करीब 20 मीटर आगे जाकर वैन रोकी। आसपास के लोगों ने बच्चे को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। बच्चे के सिर में चोट लगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत सामान्य बताते हुए उसे घर भेज दिया। इस मामले में पीड़ित परिजनों ने पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी है।
टायर फटने के कारण ट्राले से टकराया डंपर
बल्लभगढ़ में ही शुक्रवार को तड़के करीब चार बजे आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक हादसे में बड़खल से पलवल की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार डंपर, टायर फटने के कारण सड़क किनारे ओवरटेक लेन में खड़े स्टील कॉयल से लदे ट्राले में पीछे से टकरा गया। इससे डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में चालक और क्लीनर केबिन में फंस गए थे। इस दुर्घटना के कारण हाईवे पर काफी लंबा जाम लग गया था।


