
खेड़ी कलां से बल्लभगढ़ बस सेवा शुरू, फरीदाबाद के कई सेक्टरों-सोसाइटियों को राहत; जानें रूट और टाइमिंग
फरीदाबादवासियों के लिए एक और राहतभरी खबर है। मंगलवार को गांव खेड़ी कलां से बल्लभगढ़ के लिए गुरुग्राम मेट्रो कॉरपोरेशन बस लिमिटेड की बस चलाई गई। इस बस के चलने से ग्रामीणों के अलावा ग्रेटर फरीदाबाद की विभिन्न सोसाइटी में रहने वाले लोगों को भी लाभ मिलेगा।
फरीदाबादवासियों के लिए एक और राहतभरी खबर है। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण द्वारा मंगलवार को गांव खेड़ी कलां से बल्लभगढ़ के लिए गुरुग्राम मेट्रो कॉरपोरेशन बस लिमिटेड की बस चलाई गई। इसे चलवाने के लिए ग्रामीणों द्वारा केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के समक्ष मांग रखी गई थी।

इस बस के चलने से ग्रामीणों के अलावा ग्रेटर फरीदाबाद की विभिन्न सोसाइटी में रहने वाले लोगों को भी लाभ मिलेगा। ग्रेटर फरीदाबाद में सार्वजनिक परिवहन की व्यवस्था नहीं होने से लोग ऑटो या फिर कैब पर निर्भर रहते हैं। इस सुविधा के शुरू होने से लोगों को परिवहन की एक अतिरिक्त व्यवस्था मिली है।
बस की टाइमिंग और रूट
यह बस सुबह 8:00 बजे गांव खेड़ी कलां से चलकर जाट चौक सेक्टर 84, 85, 88,89, अमौलिक चौक सेक्टर-85,86, 87,88), ओजोन, शिव साई सोसाइटी, सेक्टर-17 पूल, सेक्टर-18, पुरानी सब्जी मंडी चौक, दौलताबाद सेक्टर-16ए, सेक्टर-19, ओल्ड फरीदाबाद, नीलम पुल, बाटा पुल, वाईएमसीए, बल्लभगढ़ बस स्टैंड पहुंचेगी और बल्लभगढ़ से सुबह 6:30 बजे गांव खेड़ीकलां के लिए चलेगी। इस तरह शाम को पांच बजे बल्लभगढ़ बस स्टैंड से खेड़ी कलां के लिए ओर शाम को 6:15 बजे गांव खेड़ी कलां से बल्लभगढ़ के लिए चलेगी।
ग्रेटर फरीदाबाद के निवासियों को भी लाभ मिलेगा
इस बस के चलने से गांव खेड़ी कलां के लोगों को छात्र-छात्राओं को व नौकरी करने वालों को तो फायदा होगा ही उनके साथ ग्रेटर फरीदाबाद के नए सेक्टरों में सोसाइटियों में रह रहे लोगों को भी फायदा होगा। ग्रामवासियों द्वारा बस के ड्राइवर सुरेंद्र व कंडक्टर तथा बल्लभगढ़ से आए स्टाफ के सदस्य संजू शर्मा डिपो इंचार्ज, तरुण प्रताप सिंह आउटिंग, इंचार्ज जितेंद्र सिंह सोनी व नितिन कुमार चेकिंग इंचार्ज का फूल मालाओं से एवं शॉल भेंट करके स्वागत किया गया।





