काम की बात: बदरपुर टोल प्लाजा पर बिना रुके कटेगा टोल टैक्स, NHAI 6 माह में करेगा बैरियर फ्री

हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
Follow us on Google News
share

फरीदाबाद बॉर्डर स्थित दिल्ली-आगरा हाईवे का बदरपुर टोल टैक्स प्लाजा अगले छह महीने में बैरियर फ्री हो जाएगा। एनएचएआई ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। हाईटेक सिस्टम लगने के बाद यहां वाहनों को बिना रोके कैमरों से टोल टैक्स की वसूली होगी।

बदरपुर टोल प्लाजा पर बिना रुके कटेगा टोल टैक्स, NHAI 6 माह में करेगा बैरियर फ्री

दिल्ली-आगरा हाईवे का बदरपुर टोल टैक्स प्लाजा टोल बैरियर मुक्त होगा। छह माह के अंदर इस टोल प्लाजा पर वाहनों को बिना रोके टोल टैक्स वसूला जाएगा। इसके लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) प्रबंधन ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। हाईटेक सिस्टम लगने के बाद यहां कैमरों से टोल टैक्स की वसूली होगी।

दिल्ली और फरीदाबाद के बीच बदरपुर टोल प्लाजा से करीब 50 हजार वाहन हर रोज गुजरते हैं। टोल वसूलने के लिए यहां पर बैरियर लगा हुआ है। इस वजह से टोल कटवाने के लिए वाहनों को रुकना पड़ता है। सुबह-शाम व्यस्त घंटों में यहां वाहनों की लंबी लाइन लगी रहती है। इसे देखते हुए एनएचएआई प्रबंधन ने इस टोल प्लाजा पर टोल बैरियर खत्म करने की महत्वाकांक्षी योजना पर काम शुरू कर दिया है। अगले छह माह में इसे पूरी तरह लागू करने का लक्ष्य तय किया गया है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद बदरपुर टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारें खत्म हो जाएंगी। इससे वाहन चालक बेरोकटोक निकल सकेंगे। अधिकारियों का दावा है कि इससे न केवल ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि ईंधन की बचत और प्रदूषण में भी कमी आएगी। नई टोल वसूली प्रणाली के तहत बदरपुर फ्लाईओवर के ऊपर अत्याधुनिक कैमरे लगाए जाएंगे।

वाहन की नंबर प्लेट स्कैन होगी

यह स्मार्ट सिस्टम बेहद आधुनिक होगा। यह 150 मीटर दूर से ही वाहन को स्कैन कर सकेगा। एक समय में करीब 500 वाहनों की जानकारी पढ़ने और प्रोसेस करने की क्षमता रखेगा। ऐसे में सुबह-शाम व्यस्त घंटों में भी टोल व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रहेगी। नई व्यवस्था में नियम तोड़ने वालों पर भी सख्ती की जाएगी। यदि किसी वाहन के फास्टैग में पर्याप्त बैलेंस नहीं होगा तो वाहन मालिक को ई-चालान भेजा जाएगा। संबंधित वाहन से दोगुना टोल वसूला जाएगा। यदि 72 घंटे के भीतर भुगतान नहीं किया गया तो वाहन को ब्लैकलिस्ट तक किया जा सकता है।

धीरज सिंह, परियोजना निदेशक, एनएचएआई, ''बदरपुर टोल प्लाजा को टोल बैरियर मुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अगले छह माह में यह प्लाजा टोल बैरियर मुक्त हो जाएगा। यहां पर अत्याधिनक कैमरों के जरिए टोल टैक्स की वसूली होगी। इससे वाहन चालकों को टोल देने के लिए रुकना नहीं पड़ेगा।''

मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा हो चुका बैरियर फ्री

गौरतलब है कि अभी हाल ही में 11 मई को दिल्ली में अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) पर स्थित मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा पर 'मल्टी-लेन फ्री फ्लो' (एमएलएफएफ) सिस्टम की शुरुआत की गई है। इस मौके पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा था कि देशभर में नई बैरियर फ्री टोल सिस्टम के लागू होने से हाईवे पर निर्बाध यात्रा संभव हो सकेगी। इससे टोल प्लाजा के संचालन पर सरकार को सालाना करीब 6,000 करोड़ रुपये खर्च बचेंगे।

उन्होंने कहा कि इस नए सिस्टम के जरिये वाहन एआई बेस्ड कैमरों की मदद से 80-100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरते हुए भी टोल चुका सकेंगे, जिससे उन्हें इंतजार नहीं करना पड़ेगा। यह अत्याधुनिक टोल कलेक्शन सिस्टम वाहनों को बिना रुके टोल टैक्स भुगतान की सुविधा देता है। इसमें 'ऑटोमेटिक नंबर प्लेट' पहचान और 'फास्टैग' जैसी उन्नत टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जाता है। इस पहल का मकसद टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारों और देरी को कम करना, ईंधन की बचत करना, यात्रा का समय घटाना और बेहतर 'ड्राइविंग' अनुभव प्रदान करना है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।