
CBI जांच का देंगे आदेश; आतिशी के बयान के वीडियो पर दिल्ली एसेंबली स्पीकर का ऐलान
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि सिख गुरुओं के बारे में नेता प्रतिपक्ष आतिशी की कथित अपमानजनक टिप्पणी से संबंधित वीडियो से कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है। इस मामले में सीबीआई जांच का आदेश दिया जाएगा।
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने शनिवार को कहा कि सिख गुरुओं पर आतिशी की कथित टिप्पणी वाले वीडियो की फॉरेंसिक रिपोर्ट आ गई है जिसमें वीडियो को असली बताया गया है। विजेंद गुप्ता ने ऐलान किया कि वीडियो से कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है और इस मामले में सीबीआई जांच का आदेश दिया जाएगा। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने रिपोर्ट को खारिज करते हुए कहा कि इसमें साफ नहीं है कि आतिशी ने आपत्तिजनक शब्द कहे थे या नहीं।
मामले की सीबीआई जांच का देंगे आदेश
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि पंजाब में समानांतर जांच और राज्य एजेंसियों के दुरुपयोग के बारे में उठ रहे गंभीर सवाल को देखते हुए वह मामले की जांच सीबीआई से जांच कराने का आदेश देंगे ताकि सच्चाई को स्थापित किया जा सके और जवाबदेही तय की जा सके। रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि आतिशी की कथित टिप्पणी से जुड़ी वीडियो क्लिप मूल है। इससे कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है।
पंजाब सरकार न दे दखल
विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी की मांग पर 8 जनवरी को क्लिप फॉरेंसिक जांच के लिए भेजी गई थी। पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार ने जल्दबाजी में अपनी फॉरेंसिक जांच कराई और उसी के आधार पर मामले में प्राथमिकी भी दर्ज करा दी। आतिशी को माफी मांगनी चाहिए अन्यथा विधानसभा इस मामले को गंभीरता से लेगी। विधानसभा ने पंजाब के मुख्यमंत्री को आगाह किया है कि वह विधानसभा के मामलों में हस्तक्षेप करने से बचें।
AAP का BJP पर अटैक
वहीं आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने रिपोर्ट को खारिज करते हुए कहा कि इस अहम सवाल का जवाब नहीं मिला कि आतिशी ने गुरु शब्द का उच्चारण किया था या नहीं। भाजपा ने इस वीडियो का इस्तेमाल धार्मिक विवाद को बढ़ावा देने के लिए किया है। भाजपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। इससे पहले पंजाब पुलिस ने दावा किया था कि वीडियो की फॉरेंसिक जांच में यह पाया गया था कि वीडियो से छेड़छाड़ की गई थी।
सीएम रेखा गुप्ता बोलीं- पंजाब सरकार का दुरुपयोग किया
वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर अपने एक पोस्ट में कहा कि फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की रिपोर्ट ने स्पष्ट किया है कि छह जनवरी को विधानसभा सचिवालय का आतिशी के बयान का वीडियो 100 प्रतिशत सही है। उसमें कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि गलती स्वीकार करने के बजाय आम आदमी पार्टी ने सच्चाई को छिपाने के लिए पंजाब सरकार का तक दुरुपयोग किया है।





