अटल कैंटीन के समय में बदलाव, DUSIB की बैठक में इस इलाके के लोगों के लिए 717 फ्लैट्स मंजूर

Sourabh Jain पीटीआई, नई दिल्ली
share

बैठक में DUSIB के CEO की वित्तीय मंजूरी की सीमा 3 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपए कर दी गई है, ताकि प्रोजेक्ट्स को तेजी से पूरा किया जा सके। शेल्टर होम्स का प्रबंधन करने वाली एजेंसियों का कार्यकाल भी इस साल 31 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है।

अटल कैंटीन के समय में बदलाव, DUSIB की बैठक में इस इलाके के लोगों के लिए 717 फ्लैट्स मंजूर

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में शुक्रवार को दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (DUSIB) की 35वीं बोर्ड बैठक हुई, जिसमें जनहित से जुड़े कई बड़े निर्णय लिए गए। इन फैसलों में अटल कैंटीन के समय में बदलाव, गिग वर्कर्स के लिए विश्राम केंद्र बनाने और 717 झुग्गी-झोपड़ी वालों को घर देने का फैसला भी लिया गया। बैठक में हुए फैसलों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अब अटल कैंटीन में भोजन परोसने के समय का विस्तार किया गया है ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

सीएम ने बताया कि दिल्ली के लोगों को बेहद कम दाम पर भरपेट खाना उपलब्ध कराने वाली अटल कैंटीनों के खुलने का समय अब बदल गया है और अब ये वक्त से पहले खुला करेंगी। इन कैंटीनों में सुबह का खाना (लंच) अब 11.30 बजे की बजाय सुबह 10.30 बजे से दोपहर 2 बजे तक मिलेगा, वहीं शाम का खाना (डिनर) 6.30 बजे की बजाय शाम 6 बजे से रात 9.30 बजे तक मिलेगा। जबकि सर्विस शुरू होने से पहले 30 मिनट का बफर टाइम भी होगा।

कैंटीनों और वितरण केंद्रों का होगा पुनर्गठन

इसके अलावा बैठक में लगभग 100 मौजूदा अटल कैंटीनों और वितरण केंद्रों के पुनर्गठन करने का फैसला भी लिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि काम को और बेहतर बनाने के लिए इनमें कुछ बदलाव किए जाएंगे, जैसे एजेंसियों के लिए आसान पहुंच और चेहरे की पहचान वाले डेटा को अधिक से अधिक एक महीने तक ही सुरक्षित रखना।

गिग वर्कर्स के लिए बनेंगे रेस्टिंग सेंटर्स

बैठक में गुप्ता ने गिग वर्कर्स (जैसे डिलीवरी बॉय, कूरियर पार्टनर) और दिहाड़ी मजदूरों के लिए खास आराम करने के केंद्र और सार्वजनिक उपयोगिता केंद्र बनाने की भी घोषणा की। साथ ही बताया कि इन्हें अटल कैंटीन के साथ जोड़ा जाएगा, ताकि एक ही जगह पर खाना, आराम और अन्य जरूरी सेवाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि इसके अलावा कई जगहों पर यूरिनल केंद्र (लघुशंका की सुविधा वाले) भी बनाए जाएंगे और अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे इसके लिए सही जगहों की पहचान करें और उनकी जानकारी दें।

717 झुग्गीवासियों को मिलेगा अपना घर

बैठक के दौरान बोर्ड ने सेवडा-घेवरा इलाके में EWS फ्लैटों के आवंटन को भी मंजूरी दे दी। ये फ्लैट्स भाई राम कैंप, मस्जिद कैंप और DID कैंप जैसे झुग्गी-झोपड़ी समूहों के 717 लाभार्थियों को दिए जाएंगे। वहीं इसके अलावा पहले से मंजूर किए गए इंदिरा कैंप (कल्याणपुरी), G-पॉइंट (गोल मार्केट), न्यू संजय कैंप (ओखला) और राजीव कैंप (मंडावली) के 221 लाभार्थियों को भी इसी इलाके में फ्लैट्स आवंटित किए जाएंगे।

कई इलाकों में मरम्मत से जुड़े कामों को दी गई मंजूरी

इस बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर और मरम्मत से जुड़े कई कामों को भी मंजूरी दी गई, जिनका मकसद लोगों के रहने की स्थितियों को बेहतर बनाना है। इनमें सुल्तानपुरी में EWS फ्लैटों की मरम्मत, द्वारका सेक्टर 16-B में बने पुराने फ्लैट्स को रहने लायक बनाना, और भलस्वा में सड़कें, पार्क और सीवर सिस्टम जैसी नागरिक सुविधाओं का विकास करना शामिल है।

सालभर में किए कामों का लेखा-जोखा मांगा

इस मीटिंग के दौरान गुप्ता ने DUSIB को पिछले एक साल में किए गए कामों पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि उनके असर का आकलन किया जा सके, प्रगति पर नजर रखी जा सके और उन क्षेत्रों की पहचान की जा सके जिनमें सुधार की जरूरत है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी योजनाओं को एक तय समय-सीमा के भीतर, पारदर्शी और असरदार तरीके से लागू किया जाना चाहिए, ताकि झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों, मजदूरों और अन्य कमजोर वर्गों तक उनका ठोस लाभ पहुंच सके। मुख्यमंत्री ने कहा, 'हमारा लक्ष्य सिर्फ योजनाएं शुरू करना नहीं है, बल्कि यह पक्का करना है कि वे जमीनी स्तर पर असल बदलाव लाएं।'

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।