
आश्रम चौक से बदरपुर बॉर्डर तक सिग्नल फ्री होगा रोड, दिल्ली से फरीदाबाद तक राहत
फरीदाबाद में डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद दिल्ली के आश्रम चौक से लेकर बदरपुर बॉर्डर तक सिग्नल फ्री परियोजना पर काम शुरू होगा। एनएचएआई प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है।
फरीदाबाद में डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद दिल्ली के आश्रम चौक से लेकर बदरपुर बॉर्डर तक सिग्नल फ्री परियोजना पर काम शुरू होगा। एनएचएआई प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है। अगले वर्ष जून तक डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।

दिल्ली-आगरा हाईवे के दिल्ली के आश्रम चौक से बदरपुर बॉर्डर तक का एरिया दिल्ली लोक निर्माण विभाग के पास था, लेकिन दिल्ली सरकार के अनुरोध पर हाईवे का यह हिस्सा अब एनएचएआई के अधिकार क्षेत्र में आ गया था। आश्रम चौक से बदरपुर बॉर्डर फ्लाईओवर तक जाम की समस्या है। इससे निजात के लिए एनएचएआई प्रबंधन ने हाईवे के हिस्से को ट्रैफिक सिग्नल फ्री करने की कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया है।
विभाग इसकी डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करवाने की तैयारी में जुटा हुआ है। हालांकि, इसमें समय लगेगा। इस परियोजना पर काम शुरू करवाने से पहले एनएचएआई प्रबंधन ने बदरपुर से लेकर आश्रम चौक तक की मरम्मत का कार्य निजी एजेंसी को सौंप दिया है। एजेंसी को एक वर्ष तक के लिए जिम्मा दिया गया है।
आवागमन के लिए एक और वैकल्पिक मार्ग मिलेगा
एनएचएआई के एक अधिकारी ने बताया कि फरीदाबाद की ओर से दिल्ली के लिए आवाजाही करने के लिए दिल्ली-आगरा हाईवे एकमात्र हाईवे है। इसका दूसरा विकल्प डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे तैयार किया जा रहा है। दिल्ली की सीमा में इसका निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। इसका करीब 93 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। दिल्ली कालिंदी कुंज चौक के पास अभी इस एक्स्प्रेसवे के लिए आर्च ब्रिज का निर्माण कार्य होना है। इसका काम अगले वर्ष जून तक ही हो सकेगा। इसे देखते हुए अगले वर्ष जून के बाद ही आश्रम चौक-बदरपुर सिग्नल फ्री योजना पर काम शुरू होगा। डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक शुरू होने के बाद बदरपुर से आश्रम की ओर जाने वाले ट्रैफिक के लिए वैकल्पिक मार्ग मिलेगा।
फ्लाईओवर से सराय काले खां तक जाना आसान होगा
59 किलोमीटर लंबे डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य दिल्ली में कालिंदी कुंज से लेकर पलवल के मंडकौला तक लगभग पूरा हो चुका है। मंडकौला में यह एक्सप्रेसवे दिल्ली-मुंबई एक्प्रेसवे और केएमपी एक्सप्रेसवे से जुड़ जाता है। दिल्ली में इसे महारानी बाग में डीएनडी फ्लाईओवर तक बनाया जा रहा है। यहां से फ्लाईओवर के जरिये सराय काले खां तक जाना आसान होगा।





