कहीं खुशी-कहीं गम! राज्यसभा में AAP के नए डिप्टी लीडर ने राघव चड्ढा की 'छुट्टी' पर कही ये बात

नई दिल्ली, एएनआई
Follow us on Google News
share

आम आदमी पार्टी (आप) ने राज्यसभा में अपने नेतृत्व में बदलाव करते हुए राघव चड्ढा को उपनेता के पद से हटाकर उनकी जगह पर पंजाब से पार्टी सांसद अशोक मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का उपनेता नियुक्त किया है। 

कहीं खुशी-कहीं गम! राज्यसभा में AAP के नए डिप्टी लीडर ने राघव चड्ढा की 'छुट्टी' पर कही ये बात

आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा में अपने नेतृत्व में बदलाव करते हुए राघव चड्ढा को उपनेता के पद से हटाकर उनकी जगह पर पंजाब से पार्टी सांसद अशोक मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का उपनेता नियुक्त किया है। राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के नए उपनेता अशोक मित्तल ने राघव चड्ढा को उपनेता पद से हटाए जाने को पार्टी की एक सामान्य प्रक्रिया बताया और कहा कि इसके पीछे कोई खास कारण नहीं है।

राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के नए उप नेता के रूप में राघव चड्ढा की जगह लेने पर आप सांसद अशोक मित्तल ने कहा कि आप एक ऐसी पार्टी है जो लोकतांत्रिक ढंग से काम करती है। हमारी पार्टी हमेशा अलग-अलग लोगों को अलग-अलग जिम्मेदारियां देने की कोशिश करती है ताकि वे इससे सीख सकें और लोगों की आवाज भी उठा सकें। राघव जी से पहले एनडी गुप्ता जी उपनेता के रूप में कार्यरत थे। अब, मुझे इस पद पर नियुक्त किया गया है, और कल कोई और आएगा। हमारी पार्टी में ऐसे बदलाव एक सामान्य प्रक्रिया है।"

चड्ढा को बोलने का समय दिया जाएगा : मित्तल

भाषा के मुताबिक, पंजाब से राज्यसभा सदस्य मित्तल ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि उन्हें उन अफवाहों की कोई जानकारी नहीं है कि सदन में उपनेता पद से हटाए जाने के बाद चड्ढा भाजपा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि चड्ढा को राज्यसभा में बोलने का समय दिया जाएगा।

इससे पहले दिन में सूत्रों ने बताया कि ‘आप’ ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर चड्ढा को उपनेता पद से हटाने और पार्टी कोटे से उन्हें बोलने का समय नहीं दिए जाने को कहा है। हालांकि, मित्तल ने कहा, "हमारी पार्टी में सभी को बोलने का मौका मिलता है; यह एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया है। राघव चड्ढा को भी भविष्य में राज्यसभा में बोलने का मौका दिया जाएगा।"

उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘आप’ एक लोकतांत्रिक पार्टी है और अपने नेताओं को जिम्मेदारियां देती है। उन्होंने कहा कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों में चड्ढा की भूमिका के बारे में पार्टी फैसला करेगी। मित्तल ने राज्यसभा में पार्टी के उपनेता पद से चड्ढा को हटाकर उन्हें लाए जाने को आम आदमी पार्टी में एक सामान्य प्रक्रिया बताया और कहा कि इसके पीछे कोई विशेष कारण नहीं था।

राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी पर अपनी आवाज दबाने का लगाया आरोप

बता दें कि, ‘आप’ के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आज आरोप लगाते हुए कहा पार्टी उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। चड्ढा ने राज्यसभा के उपनेता पद से हटाए जाने के बाद शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो साझा कर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब भी मुझे संसद में बोलने का मौका मिलता है, मैं जनता के मुद्दे उठाता हूं और शायद मैं ऐसे विषय उठाता हूं, जो आमतौर पर संसद में नहीं उठाए जाते, लेकिन क्या जनता के मुद्दे उठाना कोई अपराध है? क्या मैंने कोई अपराध किया है? क्या मैंने कोई गलती की है? क्या मैंने कुछ गलत किया है? मैं यह सवाल इसलिए पूछ रहा हूं क्योंकि आप ने राज्यसभा सचिवालय से कहा है कि राघव चड्ढा को संसद में बोलने से रोका जाए।

उन्होंने कहा कि अब कोई मुझे बोलने से क्यों रोकना चाहेगा? जब भी मैं बोलता हूं, मैं देश के आम आदमी की बात करता हूं। एयरपोर्ट पर महंगे खाने का मुद्दा, जोमैटो-ब्लिंकिट डिलीवरी राइडर्स की समस्या, खाने में मिलावट का मुद्दा, मिडिल क्लास पर टैक्स का बोझ, कंटेंट क्रिएटर्स पर स्ट्राइक का मुद्दा, टेलीकॉम कंपनियों द्वारा 12 महीनों में 13 बार रिचार्ज कराने का मुद्दा समेत अन्य मुद्दे संसद में उठाए हैं।

‘आप’ नेता ने कहा कि और इन मुद्दों को उठाने के बाद देश के आम आदमी को फायदा हुआ, लेकिन इससे आम आदमी पार्टी को क्या नुकसान हुआ? कोई मुझे बोलने से क्यों रोकना चाहेगा? कोई मेरी आवाज क्यों दबाना चाहेगा? खैर, आप लोग मुझे असीम प्यार देते हैं. जब भी मैं आपके मुद्दे उठाता हूं, आप मेरा हौसला बढ़ाते हैं इसके आप सभी का आभार करते हैं।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।