
'दिल्ली धमाके की गूंज…', श्रीनगर के नौगांव थाने में ब्लास्ट के बाद केजरीवाल ने सरकार से पूछे ये सवाल
आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के नौगाम थाने में हुए विस्फोट पर गहरा दुख जताया है। 'आप' के मुखिया ने अपने सोशल मीडिया में इस घटना को दुखद और चिंताजनक बताते हुए सरकार से कई सवाल पूछे हैं।
आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के नौगाम थाने में देर रात हुए विस्फोट पर गहरा दुख जताया है। 'आप' के मुखिया ने अपने सोशल मीडिया में इस घटना को दुखद और चिंताजनक बताते हुए सरकार से कई सवाल पूछे हैं। इस विस्फोट में कई पुलिसकर्मियों सहित 9 लोगों के मारे जाने की खबर है और कई अन्य घायल हुए हैं।

केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, ''देर रात श्रीनगर के एक पुलिस स्टेशन में हुए बम धमाके की खबर बेहद दुखद और चिंता बढ़ाने वाली है। कई बहादुर पुलिसकर्मी शहीद हो गए और कई घायल हैं। परमात्मा शहीदों के परिवारों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दें और घायलों को जल्द स्वस्थ करें। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। लेकिन सरकार से ये सवाल जरूरी है… आखिर देश में ये हो क्या रहा है? दिल्ली धमाके की गूंज अभी थमी भी नहीं थी और देश फिर एक धमाके से दहल गया। सरकार, सुरक्षा एजेंसियां, खुफिया तंत्र और गृह मंत्री आखिर क्या कर रहे हैं?देश की सुरक्षा के साथ इतना बड़ा खिलवाड़ कैसे और क्यों होने दिया जा रहा है? देश जवाब चाहता है।''
20 KM दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज
श्रीनगर के नौगाम थाना में शुक्रवार देर रात हुए विस्फोट में कई पुलिस कर्मियों सहित नौ लोगों की मौत होने और 26 अन्य लोग घायल होने की खबर है। घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। वार्ता की रिपोर्ट के मुताबिक, यह दुर्घटना पुलिस और फॉरेंसिक टीमों द्वारा हाल ही में हरियाणा के फरीदाबाद से जब्त किए गए विस्फोटकों के बड़े जखीरे में धमाके की वजह से हुई। सूत्रों ने बताया कि विस्फोट में कम से कम नौ लोग मारे गए, जिनमें ज्यादातर पुलिसकर्मी थे और 26 अन्य घायल हो गए। पुलिस की ओर से अभी तक विस्फोट या हताहतों के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार रात हुआ विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज लगभग 20 किलोमीटर दूर तक सुनी गई। थाने की इमारत और उसके आसपास के कई वाहन आग की चपेट में आ गए।
गौरतलब है कि नौगाम थाने की पुलिस ने पिछले महीने जैश-ए-मोहम्मद के धमकी भरे पोस्टरों से संबंधित एक मामला दर्ज किया था, जिसकी जांच के बाद दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोट मामले से जुड़े एक बड़े अंतरराज्यीय आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश हुआ था। जांच के दौरान बरामद विस्फोटकों को थाने में रखा गया था। जैश के पोस्टरों के मामले की जांच अब जम्मू-कश्मीर पुलिस की विशेष जांच एजेंसी कर रही है।



