सीएम बन गया यह तो सबको याद है लेकिन…, केजरीवाल ने बताया- लोगों को उनके बारे में क्या नहीं पता
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक कार्यक्रम में बताया कि उन्हें आम आदमी पार्टी बनाने की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने बताया कि अन्ना आंदोलन के समय अगर सरकार लोकपाल बिल ले आती तो शायद उन्हें पार्टी बनाने की जरूरत नहीं पड़ती। केजरीवाल ने कहा कि उनका मकसद पार्टी नहीं बल्कि देश है।

आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनका मकसद पार्टी नहीं, बल्कि देश है। एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं यह नहीं सोचता अब आम आदमी पार्टी का आगे क्या होगा। मैंने अपने करियर का नहीं सोचा और इनकम टैक्स में जॉइंट कमिश्नर का पद छोड़कर झुग्गियों के अंदर रहने लगा। 10 साल झुग्गियों में रहा था। वो समय किसी को नहीं पता, लेकिन सबको यह तो याद है केजरीवाल सीएम बन गया था। अन्ना ने आंदोलन किया था। उसके बाद मैं सीएम बन गया था। दो बार तीन बार सीएम रहा। वह सबको पता है। लेकिन, 10 साल जो झुग्गियों के अंदर काम किया वो किसी को नहीं पता। मेरा मकसद मेरा अपना नहीं है।
प्रतिदिन टाइम्स नामक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में केजरीवाल ने कहा कि शुरू से ही हमारा मकसद देश को लेकर था। अगर उस समय जब लोकपाल आंदोलन हुआ था, सरकार लोकपाल बिल बना देती तो हमें पार्टी नहीं बनानी पड़ती। शायद हम पार्टी न बनाकर भ्रष्टाचार के खिलाफ कुछ कर देते। हमें पार्टी बनानी पड़ी, क्योंकि हमारे सामने देश है। देश कैसे सुधर सकता है? आज जिन हालात के अंदर देश गुजर रहा है।
हमने ऐसी व्यवस्था बनाई कि…
केजरीवाल ने अपने शासनकाल पर बात करते हुए कहा कि पहले दिल्ली के अंदर जितने भी ठेके होते हैं उनमें ज्यादातर सरकारी ठेके होते थे। और जो प्राइवेट ठेके होते थे उनको ऑक्शन नहीं करते थे। उन्हीं लोगों को हर साल 10 या 15 प्रतिशत एडहक फीस बढ़ाकर ठेके दे दिया करते थे। उसमें बहुत भ्रष्टाचार था। हमने कहा कि हम ठेकों को ऑक्शन करेंगे। ऑनलाइन ऑक्शन करेंगे। ऑक्शन से हमें डबल ट्रिपल रेवेन्यू आ रहा था। तो ऑक्शन करना अच्छा है कि सरकारी अफसरों द्वारा रेट तय किया गया। किस रेट पर किसको ठेके देंगे, ये सरकारी अफसर तय करते थे। हमने ऐसी व्यवस्था बनाई कि जो ज्यादा बोली लगाएगा वही ठेके ले जाए।
जेल से सरकार चलाने पर क्या बोले
आप सुप्रीमो ने जेल से सरकार चलाने पर भी अपनी बात रखी। केजरीवाल ने कहा कि जब मैं जेल गया तो मेरे इस्तीफे की बात होने लगी। मोदी और शाह जैसे लोग यही चाहते थे। ये लोग जब कोई राज्य नहीं जीत पाते हैं तो वहां के मुख्यमंत्री पर फर्जी केस लगा देते हैं। फिर मुख्यमंत्री को गिरफ्तार कर उसकी सरकार गिरा देते हैं। पीनराई विजयन जी की सरकार थी। स्टीफन साहब की सरकार थी। हेमंत सोरेन की सरकार थी। इधर ममता जी की सरकार थी। इनका काम है फर्जी केस बनाओ। मुख्यमंत्री को गिरफ्तार करो। उसको जेल भेजो और सरकार गिरा दो। इसको मैं काउंटर करना चाहता था कि आप गिरफ्तार कर लो लेकिन इस्तीफा नहीं देंगे। सरकार जेल से चलाएंगे। और उसमें सुप्रीम कोर्ट के एक जज ने टिप्पणी की थी कि सरकार जेल से क्यों नहीं चल सकती? चल सकती है।
एसडीएम की पावर हटा दी
केजरीवाल ने कहा कि जो बातें दबे मुंह कही जाती थी जिसका सबूत नहीं होता था, इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट ने उसको सबूत के साथ रखा। स्थानीय स्तर पर जब आप वोट के लिए अप्लाई करते हो या वोट डिलीशन के लिए अप्लाई करते हो तो आपके इलाके का एसडीएम अपना स्टाफ भेज कर उसकी वेरिफिकेशन कराता है। एसडीएम के पास पावर है किसी का वोट जोड़ने या हटाने का। ऐसा 75 साल तक होता रहा। अब पता चला इन्होंने कोई सॉफ्टवेयर बनाया है। उस सॉफ्टवेयर में कई इलाकों के अंदर एसडीएम की पावर हटा दी। गोवा का एक उदाहरण सामने आया है। गोवा का चीफ इलेक्ट्रोरल ऑफिसर बार-बार चिट्ठी लिखता रहा कि 97 लोगों का नाम जोड़ दो। इनको तो चिट्ठी लिखने की जरूरत ही नहीं होनी चाहिए थी। वहां के एसडीएम के पास पावर होनी चाहिए थी 97 लोगों को वोटर लिस्ट से जोड़ने की।
फिर तो सरकारें बदल ही नहीं सकती
आप सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि दिल्ली में बैठे लोग किसी का भी वोट हटा देते हैं और किसी का भी जोड़ देते हैं। फिर तो सरकारें बदल ही नहीं सकती। डेमोक्रेसी क्या है कि मैं अगर अपनी सरकार से खुश नहीं हूं तो मैं सरकार बदल सकता हूं। चुनाव में जाकर जनता सरकार बदल सकती है। इन्होंने तो डेमोक्रेसी का सत्यानाश कर दिया। पंजाब के अंदर अब हमने काफी बड़ी टीम बनाई है जो कि इस पूरे प्रोसेस पर नजर रखे हुए हैं।


