Hindi Newsएनसीआर Newsarvind kejriwal and manish sisodia summoned in fansi ghar row
अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया हाजिर हों; क्या है फांसी घर विवाद जिसमें किए गए तलब

अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया हाजिर हों; क्या है फांसी घर विवाद जिसमें किए गए तलब

संक्षेप:

दिल्ली विधानसभा ने ‘फांसी घर विवाद’ मामले में तब के सीएम, डिप्टी सीएम के अलावा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल को तलब किया है। आम आदमी पार्टी के तीनों नेताओं को 13 नवंबर को विशेषाधिकार समिति के समक्ष पेश होना होगा।

Nov 07, 2025 09:07 am ISTSudhir Jha नई दिल्ली, भाषा
share Share
Follow Us on

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके डिप्टी रहे मनीष सिसोदिया समेत आम आदमी पार्टी (आप) के तीन नेताओं को तलब कर लिया गया है। दिल्ली विधानसभा ने ‘फांसी घर विवाद’ मामले में तब के सीएम, डिप्टी सीएम के अलावा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल को तलब किया है। आम आदमी पार्टी के तीनों नेताओं को 13 नवंबर को विशेषाधिकार समिति के समक्ष पेश होना होगा। यह समिति पिछली सरकार के ‘फांसी घर’ संबंधी दावों की जांच कर रही है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने अगस्त में मॉनसून सत्र के दौरान सदन को बताया था कि जिस तथाकथित ब्रिटिशकालीन 'फांसी घर' का उद्घाटन केजरीवाल ने 2022 में नवीनीकरण के बाद बड़े धूमधाम से विधानसभा परिसर में किया था, वह मूल रूप से एक 'टिफिन रूम' था। विधानसभा परिसर के 1912 के एक नक्शे को दिखाते हुए गुप्ता ने कहा था कि ऐसा कोई दस्तावेज या प्रमाण नहीं है, जिससे यह साबित हो कि उस स्थान का उपयोग फांसी देने के लिए किया जाता था। उन्होंने इस मामले को जांच और रिपोर्ट के लिए 9 सदस्यीय विशेषाधिकार समिति को भेज दिया था।

विधानसभा सचिवालय की ओर से मंगलवार को जारी एक नोटिस में कहा गया, '...विशेषाधिकार समिति के सदस्यों को सूचित किया जाता है कि समिति की बैठक गुरुवार 13 नवंबर 2025 को आयोजित की जाएगी... ताकि 9 अगस्त, 2022 को दिल्ली विधानसभा परिसर में उद्घाटित ‘फांसी घर’ की प्रामाणिकता से संबंधित मामले पर विचार किया जा सके।' नोटिस की प्रतियां केजरीवाल, सिसोदिया, गोयल और विधानसभा की पूर्व उपाध्यक्ष राखी बिरला को भी भेजी गई हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल से इस मामले में सदन को "गुमराह" करने के लिए माफी की मांग की है, जबकि आप ने सवाल उठाया है कि क्या विधायक ऐसे ऐतिहासिक विषय पर विचार करने के योग्य हैं। सितंबर में, विशेषाधिकार समिति ने केजरीवाल, सिसोदिया और गोयल को नोटिस जारी कर उनके जवाब मांगे थे।

उस समय विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी एक सूचना के अनुसार, ‘फांसी घर’ के उद्घाटन के दौरान केजरीवाल मुख्य अतिथि और सिसोदिया एवं बिरला सम्मानित अतिथि के तौर पर मौजूद थे, जबकि गोयल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की थी। भाजपा विधायक प्रद्युम्न सिंह राजपूत की अध्यक्षता वाली विशेषाधिकार समिति में आप विधायक सुरेंद्र कुमार और राम सिंह नेताजी शामिल हैं।

Sudhir Jha

लेखक के बारे में

Sudhir Jha
डिजिटल और प्रिंट मीडिया में डेढ़ दशक का अनुभव। भारतीय राजनीति के साथ एशियाई और वैश्विक मामलों की समझ। अर्थशास्त्र और खेल में भी रुचि। जम्मू-कश्मीर, लखनऊ और दिल्ली में पत्रकारिता कर चुके हैं। लाइव हिन्दुस्तान से पहले आज समाज, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, न्यूज ट्रैक, नवभारत टाइम्स में सेवा दे चुके हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट ग्रैजुएशन डिप्लोमा से पहले कंप्यूटर साइंस में ग्रैजुएशन किया है। जन्म बिहार में हुआ और पले-बढ़े मेरठ में। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।