काम की बात: नोएडा एयरपोर्ट से जुड़ेगी एक और सड़क, एनएच-24 के जरिए जुड़ेगा गाजियाबाद
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एक और सड़क को जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 130 मीटर चौड़ी सड़क नोएडा एयरपोर्ट को राष्ट्रीय राजमार्ग 24 के जरिए सीधे गाजियाबाद से जोड़ेगी। यीडा ने इसके बारे में एनएचएआई को पत्र लिखा है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एक और सड़क को जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 130 मीटर चौड़ी सड़क नोएडा एयरपोर्ट को राष्ट्रीय राजमार्ग 24 के जरिए सीधे गाजियाबाद से जोड़ेगी। यमुना विकास प्राधिकरण (यीडा) ने इसके बारे में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को पत्र लिखा है।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के अधिकारी ने बताया कि यह सड़क फिलहाल ग्रेटर नोएडा के सिरसा तक बनी है। इसे यीडा क्षेत्र में अलौंदा गांव से पलवल खुर्जा एक्सप्रेसवे तक बनाया जाना है। क्षेत्र में इसकी लंबाई करीब 29 किलोमीटर तक होगी।
यह सड़क यमुना सिटी के सेक्टर-1, 2, 3, 4, 5, 6, 7, 8, 8बी, 8सी, 8डी, 9, 11, 12, 13, 14, 16, 16 ए, 18 व 31बी समेत कई अन्य सेक्टरों को जोड़ेगी। यह सड़क एयरपोर्ट के पास होकर एनसीआर प्लानिंग बोर्ड द्वारा प्रस्तावित पलवल-खुर्जा एक्सप्रेसवे जाकर जुड़ेगी। सड़क के लिए करीब 812 एकड़ भूमि खरीदी जानी है। प्राधिकरण ने इस सड़क को एनएचएआई से बनवाने का निर्णय लिया है। सीईओ की ओर से पत्राचार भी किया गया है।
गंगा एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगी
यह सड़क यीडा के सेक्टर-11 के पास से सेक्टर-21 होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे से मिलने वाले गंगा एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए प्रस्तावित 74 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेसवे से जुड़ेगी। इससे सेक्टरों का यमुना एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ जुड़ाव हो जाएगा। वहीं, आगरा, मथुरा, अलीगढ़ से आने वाले लोगों को भी परी चौक आने की जरूरत नहीं होगी।
एनएच-24 के जरिए जुड़ेगा गाजियाबाद
वर्तमान में 130 मीटर चौड़ी रोड ग्रेटर नोएडा के सिरसा से लेकर ग्रेनो वेस्ट के चार मूर्ति चौक तक बनी है। यह मार्ग चार मूर्ति चौक से एनएच-24 तक रास्ता जाता है, जो गाजियाबाद के प्रताप विहार तक है। वहीं, अब यमुना सिटी में भी इसका विस्तार किया जाना है। यमुना सिटी में यह एयरपोर्ट से आगे पलवल खुर्जा तक आएगी। ऐसे में यह सड़क गजियाबाद को भी सीधे एयरपोर्ट से जोड़ देगी।
20 सेक्टरों और नोएडा एयरपोर्ट को जोड़ेगी
यीडा के सीईओ आरके सिंह ने कहा कि 130 मीटर चौड़ी सड़क यमुना सिटी की मुख्य कनेक्टिविटी में से एक है। यह शहर के 20 सेक्टरों और नोएडा एयरपोर्ट को आपस में जोड़ेगी। इसके बनने से नोएडा एयरपोर्ट की सीधे गायियाबाद में एनएच-24 तक सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी।
कार्गो विमान सेवा शुरू करने की तैयारी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कार्गो उड़ान शुरू करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसके लिए यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (यापल), कार्गो हब विकसित करने वाली कंपनी एयर इंडिया सेट्स सर्विस प्राइवेट लिमिटेड और अफकॉम होल्डिंग लिमिटेड के बीच गुरुवार को साझेदारी हुई।
साझेदारी के तहत अफकॉम होल्डिंग्स लिमिटेड अपने मालवाहक विमानों का नोएडा एयरपोर्ट से संचालन करेगी। इससे नोएडा एयरपोर्ट उत्तर भारत में बड़े लॉजिस्टिक्स और कार्गो हब के रूप में विकसित होगा। तीनों साझेदार विदेश में नए कार्गो बाजार की तलाश करेंगे। माल ढुलाई की मांग के अनुसार नेटवर्क तैयार करेंगे। इसके अलावा कार्गो सेवाओं के प्रचार के लिए संयुक्त मार्केटिंग रणनीति भी तैयार करेंगे।
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।


